Railway Bharti Board : पांच बड़ी भर्तियों के परिणाम अटके, वर्षों से इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों की बढ़ी परेशानी
रेलवे भर्ती बोर्ड की पांच बड़ी भर्तियों के परिणाम लंबे समय से अटके हुए हैं, जिससे लाखों अभ्यर्थी मानसिक रूप से परेशान हैं। आगामी भर्तियां भी रुकी हुई ...और पढ़ें

पांच बड़ी भर्तियों के परिणाम की अभ्यर्थी बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं।
HighLights
सालाना परीक्षा कैलेंडर के अनुसार रुकी हैं आगामी भर्तियां
अभ्यर्थियों की रुके परिणामों को तत्काल जारी करने की मांग
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रेलवे भर्ती बोर्ड की कार्यप्रणाली और नतीजों में हो रही देरी ने देश के लाखों परीक्षार्थियों को मानसिक रूप से तोड़कर रख दिया है। एक या दो नहीं, बल्कि रेलवे की पांच बड़ी और महत्वपूर्ण भर्तियों के परिणाम लंबे समय से अधर में लटके हुए हैं, जिसके कारण वर्षाें से दिन-रात मेहनत करने वाले युवाओं का भविष्य अंधकारमय नजर आ रहा है। दूर-दराज के क्षेत्रों से आकर, किराए के कमरों में रहकर और तंगी झेलकर तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों का अब साफ तौर पर कहना है कि इस अंतहीन प्रतीक्षा ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है।
ये पांच भर्तियों के नतीजे रुके हैं
इस समय जिन पांच प्रमुख परीक्षाओं के नतीजों की राह परीक्षार्थी बेबसी से देख रहे हैं, उनमें आरआरबी लेवल-01 (ग्रुप डी) 2024 की रुकी हुई प्रक्रिया, आरआरबी एएलपी 2025 - सीबीटी-01 का परिणाम, आरआरबी तकनीशियन ग्रेड-3 2025 का अंतिम परिणाम, आरआरबी पैरामेडिकल 2025 का अंतिम परिणाम और आरआरबी एनटीपीसी स्नातक 2025 - सीबीटी-01 का लंबित परिणाम शामिल हैं। सालों पुरानी इन भर्तियों के अलग-अलग चरण पूरे होने के बावजूद अंतिम नतीजों पर मुहर नहीं लग पा रही है, जिससे युवाओं के सामने अब ओवर एज और आर्थिक संसाधन खत्म होने का संकट खड़ा हो गया है।
रुकी हैं ये आगामी भर्तियां
एक तरफ जहां छात्र पुराने परिणामों के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ रेलवे भर्ती बोर्ड के वार्षिक परीक्षा कैलेंडर के अनुसार कई नई भर्तियां और परीक्षाएं भी रुकी हैं। बोर्ड के तय कार्यक्रम के मुताबिक, जून महीने में तकनीशियन भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इसके बाद जुलाई से सितंबर के बीच जूनियर इंजीनियर (JE), डिपो सामग्री अधीक्षक (DMS), केमिकल एंड मेटालर्जिकल असिस्टेंट (CMA) और पैरामेडिकल श्रेणियों की नई भर्तियों के प्रस्ताव और प्रक्रियाएं कतार में हैं।
पाइप लाइन में नई भर्तियां
इसी प्रकार, अभ्यर्थियों के बीच सबसे ज्यादा लोकप्रिय गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियां (NTPC) - स्नातक (लेवल 4, 5 और 6) और NTPC - अंडर ग्रेजुएट (लेवल 2 और 3) के लिए अगस्त में आधिकारिक रूप से कदम उठाए जाने हैं। वर्ष की आखिरी तिमाही यानी अक्टूबर से दिसंबर के दौरान मिनिस्टीरियल एंड आइसोलेटेड कैटेगरीज और एक बार फिर लेवल-1 (ग्रुप डी) की नई भर्ती पाइपलाइन में शामिल है।
खबरें और भी
रेलवे बोर्ड से तत्काल कदम उठाने की मांग
अभ्यर्थियों की इस बढ़ती परेशानी को देखते हुए अब यह मांग तेजी से उठ रही है कि रेलवे भर्ती बोर्ड को युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे इस खिलवाड़ को तुरंत रोकना होगा। सालों से केवल अगली तारीखों और बड़ी अपडेट की उम्मीद में बैठे इन परीक्षार्थियों के हित में बोर्ड को तत्काल कदम उठाने चाहिए।
...ताकि आगामी परीक्षाएं हो सकें
युवाओं का कहना है कि प्रशासन को इस संवेदनशीलता को समझना होगा और बिना समय गंवाए इन सभी पांचों रुके हुए परिणामों को एक साथ जारी करके परेशान युवाओं को मानसिक राहत देनी होगी, ताकि वे पाइप लाइन में मौजूद आगामी परीक्षाओं पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें।