रेलवे में 5165 एनटीपीसी पदों पर भर्ती के लिए RRB ने दी मंजूरी, सितंबर के आखिरी सप्ताह में आएगा नोटिफिकेशन
रेलवे बोर्ड ने आरआरबी एनटीपीसी 2026 भर्ती के तहत 5,165 पदों को मंजूरी दे दी है, जिसका विस्तृत नोटिफिकेशन सितंबर ...और पढ़ें

RRB एनटीपीसी के 5165 पदों पर जल्द रिक्तियां निकालेगा।
HighLights
आरआरबी एनटीपीसी 2026 भर्ती को रेलवे बोर्ड की हरी झंडी
सितंबर माह के अंत तक जारी होगा विस्तृत नोटिफिकेशन
भर्ती प्रक्रिया की पूरी टाइम लाइन तय, विज्ञापन इसी माह
अमरीश मनीष शुक्ल, प्रयागराज। भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे देश भर के लाखों युवाओं के लिए बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। रेल मंत्रालय के अधीन रेलवे बोर्ड ने नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरीज (एनटीपीसी) 2026 के तहत खाली पदों को भरने के प्रस्ताव को अंतिम रूप से अपनी आधिकारिक मंजूरी दे दी है। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के अनुमोदन के बाद सभी जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों को इस संबंध में औपचारिक पत्र जारी कर दिया गया है।
ग्रेजुएट और अंडर-ग्रेजुएट श्रेणियों में होगी भर्ती
इस फैसले के साथ ही रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) द्वारा केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना जारी करने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। बोर्ड के आदेश के अनुसार कुल 5,165 पदों पर यह भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जिसे स्नातक (ग्रेजुएट) और 12वीं पास (अंडर-ग्रेजुएट) दोनों श्रेणियों में बांटा गया है।
ग्रेजुएट युवाओं के लिए एनटीपीसी में 3,477 पद
रेलवे बोर्ड द्वारा स्वीकृत ब्योरे के मुताबिक स्नातक स्तर के कुल 3,477 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस वर्ग में सबसे बड़ा आकर्षण ''गुड्स ट्रेन मैनेजर'' (पूर्व में गुड्स गार्ड) का पद है, जिसके अकेले 2,750 पदों को मंजूरी दी गई है। यह पद पे-लेवल 5 के अंतर्गत आता है और परिचालन विभाग की रीढ़ माना जाता है।
इन पदों पर भी होगी नियुक्ति
इसके अलावा वरिष्ठ लिपिकीय और वाणिज्यिक संवर्ग के पदों को भी इसमें शामिल किया गया है। इसके तहत सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 371 पद, जूनियर एकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट के 300 पद और पे-लेवल 6 के तहत आने वाले चीफ कमर्शियल-कम-टिकट सुपरवाइजर के 56 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
12वीं पास छात्रों को भी मौका, 1688 पद मंजूर
उच्च शिक्षा की राह देख रहे या 12वीं के बाद सीधे रेलवे सेवा में आने के इच्छुक युवाओं के लिए भी रेलवे ने बड़ा अवसर खोला है। अंडर-ग्रेजुएट स्तर पर कुल 1,688 रिक्त पदों को हरी झंडी दी गई है। इस श्रेणी में सबसे अधिक 700 पद कमर्शियल कम टिकट क्लर्क के हैं, जो पे-लेवल 3 में आते हैं। वहीं कार्यालयीन कार्यों से जुड़े जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 600 पद, एकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट के 200 पद तथा परिचालन विभाग के ट्रेन्स क्लर्क के 188 पदों पर बहाली की जाएगी। ये सभी पद पे-लेवल 2 के तहत आते हैं।
स्टेशन मास्टर के पदों पर फैसला जल्द
रेलवे बोर्ड ने अपने आधिकारिक आदेश में एक महत्वपूर्ण बिंदु स्पष्ट किया है। आदेश में कहा गया है कि पे-लेवल 6 के अंतर्गत आने वाले अत्यंत लोकप्रिय ''स्टेशन मास्टर'' पद की स्वीकृत रिक्तियों का विवरण इस सूची में अभी शामिल नहीं है। स्टेशन मास्टर पद की रिक्तियों के संबंध में रेलवे बोर्ड की मंजूरी बाद में अलग से जारी की जाएगी। इससे यह उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में कुल पदों की संख्या में और भी इजाफा हो सकता है।
भर्ती प्रक्रिया की पूरी टाइम लाइन तय
भर्ती प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो, इसके लिए रेलवे बोर्ड ने बेंगलुरु आरआरबी की अध्यक्षता में विचार-विमर्श कर एक सख्त समय-सारणी तैयार की है।
7 से 15 सितंबर 2026: विभिन्न मंडलों की संबंधित इकाइयां ओआईआरएमएस पोर्टल पर पदों का विवरण दर्ज करेंगी।
16 से 22 सितंबर 2026: प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी (पीसीपीओ) स्तर पर इन रिक्तियों की जांच और सत्यापन होगा।
23 से 25 सितंबर 2026: संबंधित रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआबरबी) द्वारा डाटा की समीक्षा पूरी की जाएगी।
26 सितंबर 2026 से आगे: नोडल आरआरबी को अंतिम विवरण सौंप दिया जाएगा, जिसके बाद आधिकारिक विज्ञापन प्रकाशित किया जाएगा।
आरक्षण नियमों का होगा पूरा पालन
रेलवे बोर्ड ने सभी मंडलों को सख्त हिदायत दी है कि पदों का अंतिम निर्धारण करते समय भारत सरकार के आरक्षण नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए। अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के साथ-साथ दिव्यांग और पूर्व सैनिकों के कोटे का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
इसी माह जारी होगा विज्ञापन
सितंबर के अंतिम सप्ताह में विज्ञापन जारी होते ही रेलवे भर्ती बोर्ड की क्षेत्रीय वेबसाइटों पर ऑनलाइन आवेदन खिड़की खोल दी जाएगी। लाखों अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी शैक्षणिक और जाति प्रमाण पत्र तैयार रखें।
