Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रेलवे में बंपर भर्ती : तकनीशियन के 6,557 पदों पर 30 जून से आवेदन शुरू होगा, प्रयागराज में 162 सीट

    By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Mon, 29 Jun 2026 12:37 PM (IST)

    भारतीय रेलवे ने तकनीशियन के 6,557 पदों पर बंपर भर्ती की घोषणा की है, जिसके लिए आवेदन 30 जून 2026 से शुरू होकर 29 जुलाई 2026 तक चलेंगे। प्रयागराज क्षेत ...और पढ़ें

    रेलवे में बंपर भर्ती के लिए 30 जून से ऑनलाइन आवेदन करें।

    रेलवे में बंपर भर्ती के लिए 30 जून से ऑनलाइन आवेदन करें।

    HighLights

    1. ऑनलाइन फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 29 जुलाई की रात 11:59 बजे तक तय की गई

    2. भारतीय रेलवे ने देश भर के विभिन्न रेलवे भर्ती बोर्डों में तकनीशियन के पदों पर करेगा भर्ती

    अमरीश मनीष शुक्ल, प्रयागराज। रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए शानदार और बड़ा अवसर है। भारतीय रेलवे ने देश भर के विभिन्न रेलवे भर्ती बोर्डों (आरआरबी) में तकनीशियन के हजारों पदों पर बंपर भर्ती निकालने की घोषणा की है। इस भर्ती के तहत रेलवे भर्ती बोर्ड अपनी आधिकारिक अधिसूचना (सीईएन संख्या 02/2026) के माध्यम से देश भर में कुल 6,557 रिक्त पदों को भरने जा रहा है। अगर आप भी रेलवे में शामिल होकर देश सेवा और एक सुरक्षित करियर बनाना चाहते हैं,तो इस भर्ती से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को ध्यान से समझ लें।

    6,234 पदों पर होंगी नियुक्तियां

    इस बड़ी भर्ती प्रक्रिया के तहत तकनीशियन के दो अलग-अलग स्तरों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इसमें तकनीशियन ग्रेड-वन (सिग्नल) के लिए 323 पद निर्धारित किए गए हैं, जबकि तकनीशियन ग्रेड-थ्री के विभिन्न श्रेणियों के लिए कुल 6,234 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इन सभी पदों पर भर्ती के लिए देश भर के युवा उम्मीदवार ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

    अंतिम तिथि का इंतजार न करें, जल्द भरें फॉर्म 

    रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इन पदों के लिए आनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया कल यानी 30 जून 2026 से आधिकारिक रूप से शुरू होने जा रही है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें। ऑनलाइन फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 29 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक तय की गई है। अंतिम समय में वेबसाइट पर आने वाले भारी ट्रैफिक और तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए उम्मीदवारों को जल्द से जल्द फॉर्म भरने का सुझाव दिया गया है।

    आरआरबी प्रयागराज के अंतर्गत 162 पदों पर मौका

    इस राष्ट्रव्यापी भर्ती में उत्तर प्रदेश और विशेष रूप से प्रयागराज क्षेत्र के युवाओं के लिए भी बेहतरीन अवसर है। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के अधिकार क्षेत्र में आने वाले आरआरबी प्रयागराज के तहत कुल 162 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। यह स्थानीय युवाओं के लिए अपने ही क्षेत्र में रहकर काम करने का एक सुनहरा मौका साबित होगा। हालांकि चयनित अभ्यर्थी एनसीआर के अलावा एनआर यानी उत्तर रेलवे में भी आरआरबी प्रयागराज में भी नियुक्त किए जाएंगे।

    खबरें और भी

    इन पदों पर होगी नियुक्ति

    अगर प्रयागराज जोन के अंतर्गत आने वाले तकनीशियन ग्रेड-थ्री के विभिन्न विभागों और ट्रेडों की बात करें, तो इसके पदों का विवरण कुछ इस प्रकार है।
    - इंजीनियरिंग विभाग में सबसे अधिक 68 पदों पर भर्ती होगी।
    - मैकेनिकल विभाग के अंतर्गत 41 पद भरे जाएंगे।
    - एसएंडटी (सिग्नल एवं टेलीकॉम) विभाग के लिए 22 पद आवंटित हैं।
    - इलेक्ट्रिकल विभाग में 15 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
    - स्टोर विभाग के तहत 16 पदों को शामिल किया गया है।

    पद के अनुसार वेतनमान और आयु सीमा क्या होगी?

    रेलवे ने इन पदों के लिए आकर्षक वेतनमान और तार्किक आयु सीमा तय की है, जिससे योग्य उम्मीदवारों को बेहतर अवसर मिल सके। भर्ती में दोनों ग्रेड के लिए वेतन स्तर और आयु सीमा का निर्धारण अलग-अलग रखा गया है।

    तकनीशियन ग्रेड-वन (सिग्नल) : इस पद के लिए चयनित होने वाले उम्मीदवारों को 7वें सीपीसी के अनुसार वेतन स्तर-पांच का लाभ मिलेगा, जिसके तहत प्रारंभिक मूल वेतन 29,200 रुपये तय किया गया है। इस पद के लिए उम्मीदवारों की आयु सीमा 18 वर्ष से 33 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

    उम्र की गणना ऐसे होगी

    तकनीशियन ग्रेड-थ्री: इस पद पर चयनित उम्मीदवारों को वेतन स्तर-दो के तहत रखा जाएगा, जिसका प्रारंभिक मूल वेतन 19,900 रुपये निर्धारित है। इसके लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की आयु सीमा 18 वर्ष से 30 वर्ष के बीच होनी आवश्यक है। सभी पदों के लिए आयु की गणना एक जुलाई 2026 को आधार मानकर की जाएगी। इसके साथ ही, सरकारी नियमों के अनुसार आरक्षित श्रेणियों जैसे ओबीसी, एससी, एसटी और अन्य श्रेणियों के आवेदकों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार विशेष छूट भी प्रदान की जाएगी।

    चयन प्रक्रिया और परीक्षा का प्रारूप

    रेलवे तकनीशियन के इन प्रतिष्ठित पदों पर चयन पूरी तरह से योग्यता के आधार पर किया जाएगा। उम्मीदवारों को एक बेहद पारदर्शी और व्यवस्थित चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा, जिसके मुख्य चरण इस प्रकार हैं।

    लिखित परीक्षा (सीबीटी) : चयन का सबसे पहला और महत्वपूर्ण चरण एक कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा होगी। इस परीक्षा को हल करने के लिए उम्मीदवारों को कुल 90 मिनट का समय दिया जाएगा। परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न (एमसीक्यू) पूछे जाएंगे, जो उम्मीदवारों की तार्किक क्षमता, तकनीकी ज्ञान और सामान्य जागरूकता का परीक्षण करेंगे।

    दस्तावेज सत्यापन (डीवी) : लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। इस मेरिट में स्थान बनाने वाले सफल उम्मीदवारों को अगले चरण यानी दस्तावेज सत्यापन के लिए आमंत्रित किया जाएगा, जहां उनके सभी शैक्षणिक और तकनीकी प्रमाणपत्रों की गहन जांच की जाएगी। रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा परीक्षा की सटीक तिथियों की घोषणा बहुत जल्द ही अपनी आधिकारिक वेबसाइटों पर अलग से की जाएगी। आवेदकों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा के पाठ्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी अभी से तेज कर दें।

    आवेदन ऐसे करें और जरूरी निर्देश

    इस भर्ती प्रक्रिया का हिस्सा बनने के लिए उम्मीदवारों को केवल आनलाइन मोड में ही आवेदन करना होगा। किसी भी अन्य माध्यम या डाक से भेजे गए आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उम्मीदवार आवेदन करने और विस्तृत अधिसूचना देखने के लिए रेलवे की केंद्रीय आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in पर जा सकते हैं। इसके अलावा, उम्मीदवार अपने संबंधित आरआरबी जैसे आरआरबी प्रयागराज की क्षेत्रीय वेबसाइट पर जाकर भी लागिन कर सकते हैं और आवेदन की प्रक्रिया को दिशा-निर्देशों के अनुसार आसानी से पूरा कर सकते हैं। फार्म भरते समय अपने सभी व्यक्तिगत और शैक्षणिक विवरणों को बेहद सावधानीपूर्वक दर्ज करें ताकि बाद में किसी भी प्रकार की त्रुटि के कारण आवेदन निरस्त न हो।

    यह भी पढ़ें- ट्रेनों में अब मिलेगी हवाई जहाज जैसी लग्जरी टॉयलेट सुविधा, नहीं उठेगी दुर्गंध; उत्तर मध्य रेलवे का बड़ा कदम

    यह भी पढ़ें- रेलवे बोर्ड का अनुकंपा के आधार पर नियुक्त रेलवे कर्मचारियों को तोहफा, इस तिथि तक आवेदन करने वालों को पुरानी पेंशन मिलेगी