SSC JE Result 2025 : जूनियर इंजीनियर परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित, 1731 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
SSC JE Result 2025 कर्मचारी चयन आयोग ने जूनियर इंजीनियर परीक्षा-2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इसमें कुल 1731 अभ्यर्थियों को विभिन्न केंद्रीय ...और पढ़ें

SSC JE Result 2025 जूनियर इंजीनियर (सिविल, मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल) का फाइनल रिजल्ट घोषित।
HighLights
चयनित अभ्यर्थियों की सूची कर्मचारी चयन आयोग की वेबसाइट पर जारी
अभ्यर्थियों को विभिन्न केंद्रीय विभागों में जूनियर इंजीनियर पदों पर चयनित
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। SSC JE Result 2025 कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने जूनियर इंजीनियर (सिविल, मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल) परीक्षा-2025 का अंतिम परिणाम आज सोमवार को घोषित कर दिया है। अंतिम परिणाम के तहत कुल 1731 अभ्यर्थियों को विभिन्न केंद्रीय विभागों में जूनियर इंजीनियर पदों के लिए अनंतिम रूप से चयनित किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों की सूची आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है।
रिक्त सीटों पर 118 नए आवंटन
एसएससी के अनुसार नौ जुलाई को प्रथम चरण के अस्थायी आवंटन की घोषणा के बाद 20 और 21 जुलाई को स्लाइडिंग तथा पहचान सत्यापन प्रक्रिया आयोजित की गई थी। इसमें अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम परिणाम में शामिल नहीं किया गया। इस प्रक्रिया में 585 अभ्यर्थियों ने फिक्स, 1028 ने फ्लोट विकल्प चुना जबकि अनुपस्थित अभ्यर्थियों से रिक्त हुई सीटों पर 118 नए आवंटन किए गए।
किस केटेगरी के कितने अभ्यर्थी चयनित?
SSC JE Result 2025 अंतिम चयनित 1731 अभ्यर्थियों में 780 अनारक्षित, 432 ओबीसी, 270 एससी, 122 एसटी तथा 127 ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अलावा दिव्यांग श्रेणियों में 10 ओएच, 11 एचएच और आठ अन्य पीडब्ल्यूबीडी अभ्यर्थियों का भी चयन हुआ है। आयोग के अनुसार सामान्य मेरिट पर चयनित आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को संबंधित श्रेणी के आंकड़ों में भी शामिल किया गया है।
चयनितों को इन विभागों में होगी नियुक्ति
चयनित अभ्यर्थियों का आवंटन उनकी मेरिट, ऑनलाइन भरी गई विभागीय वरीयताओं तथा स्लाइडिंग प्रक्रिया में चुने गए फिक्स/फ्लोट विकल्प के आधार पर किया गया है। चयनितों को को सीपीडब्ल्यूडी, बार्डर रोड्स आर्गेनाइजेशन, सेंट्रल वाटर कमीशन, मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज, फरक्का बैराज परियोजना, केंद्रीय जल एवं विद्युत अनुसंधान स्टेशन तथा रक्षा मंत्रालय के डीजीक्यूए (नेवल) सहित विभिन्न विभागों में नियुक्ति के लिए आवंटित किया गया है।