Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 20, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    उमेश पाल हत्याकांड में बड़ा अपडेट, गुड्डू मुस्लिम समेत तीन के खिलाफ चार्जशीट दाखिल; शाइस्ता समेत छह हैं फरार

    Updated: Sun, 20 Oct 2024 07:13 PM (IST)

    उत्तर प्रदेश के बहुचर्चित उमेश पाल हत्याकांड में तीन और आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है। गुड्डू मुस्लिम अरमान बिहारी और साबिर पर पांच-पांच ल ...और पढ़ें

    उमेश पाल हत्याकांड के अभियुक्त गुड्ड मुस्लिम व अरमान बिहारी
    उमेश पाल हत्याकांड के अभियुक्त गुड्ड मुस्लिम व अरमान बिहारी

    HighLights

    1. गुड्डू मुस्लिम, साबिर और अरमान के खिलाफ चार्जशीट दाखिल
    2. तीनों पर घोषित है पांच-पांच लाख रुपये का इनाम
    3. वारदात के बाद से चल रहे फरार, कसेगा शिकंजा

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रदेश के बहुचर्चित उमेश पाल और उसके दो सरकारी गनर की दिनदहाड़े हुई हत्या में आरोपित गुड्डू मुस्लिम, अरमान बिहारी और साबिर के खिलाफ भी कोर्ट में चार्जशीट फाइल हो गई है। तीनों अभियुक्तों पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित है।

    सनसनीखेज वारदात के बाद से कुख्यात बमबाज गुड्डू और शूटर अरमान व साबिर लगातार फरार चल रहे हैं। जल्द ही इनके खिलाफ कानूनी शिकंजा कसने की बात कही जा रही है।

    सुर्खियों में था हत्याकांड

    धूमनगंज के जयंतीपुर में 24 जनवरी 2023 की शाम गोली व बम मारकर उमेश पाल और सुरक्षा में लगे दो सिपाहियों की हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के बाद पूरे प्रदेश में खलबली मच गई थी। पुलिस और एसटीएफ की टीम ने आरोपितों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया। इसके बाद मुठभेड़ के दौरान कई अभियुक्तों को ढेर कर दिया।

    हालांकि बम फेंकने की स्टाइल से कुख्यात गुड्डू काफी चर्चा में आया था। उसकी लंबे समय तक तलाश चली, लेकिन पकड़ में नहीं आया। साबिर और अरमान भी गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस की ओर से हत्या के मुकदमे में एससीएसटी एक्ट की धारा बढ़ाई गई और फिर आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई। कोर्ट में मुकदमे का ट्रायल भी शुरू हो गया है।

    शाइस्ता समेत छह अभियुक्त हैं फरार

    इस हत्याकांड में माफिया अतीक की बीवी 50 हजार की इनामी शाइस्ता परवीन, उसकी बहन आयशा नूरी और अशरफ की बीवी जैनब फातिमा समेत छह अभियुक्त फरार चल रहे हैं। पुलिस की ओर से शूटर समेत कई आरोपितों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई भी की जा चुकी है।

    खबरें और भी

    चार अभियुक्त एनकाउंटर में हुए ढेर

    अतीक का बेटा असद, शूटर गुलाम, उस्मान चौधरी और शूटरों की कार ड्राइवर अरबाज एसटीएफ व पुलिस की मुठभेड़ में ढेर हो चुके हैं। शूटरों को कार उपलब्ध कराने वाले नफीस अहमद उर्फ नफीस बिरयानी की हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है। मुकदमे में नामजद मुख्य अभियुक्त माफिया अतीक और उसके भाई अशरफ की भी हत्या हो चुकी है।

    11 लोग गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

    हत्याकांड की साजिश में शामिल नौकर राकेश उर्फ लाला, ड्राइवर कैश अहमद, अरशद कटरा, नियाज अहमद, इकबाल अहमद, शाहरुख, वकील खान शौलत हनीफ और अतीक के बहनोई डा. अखलाक अहमद एक अन्य को गिरफ्तार कर जेल भेजा चुका है। इसके अलावा मुख्य साजिशकर्ता सदाकत खान व वकील विजय मिश्रा भी सलाखों के पीछे हैं। इसी केस में अतीक के बेटे अली अहमद व उमर को भी आरोपित बनाया गया है, जो जेल में हैं।

    कोर्ट में फाइल हुई चौथी चार्जशीट

    इस हत्याकांड में पहली चार्जशीट सदाकत खान के खिलाफ कोर्ट में पेश की गई। इसके बाद आठ आरोपितों के विरुद्ध 1979 पेज की केस डायरी सहित आरोप पत्र कोर्ट में पेश किया गया। तीसरी चार्जशीट अधिवक्ता विजय मिश्रा के विरुद्ध अदालत में दाखिल की गई है। अब चौथी चार्जशीट शूटर साबिर, अरमान बिहारी व बमबाज गुड्डू मुस्लिम के खिलाफ दाखिल हुई है।

    इसे भी पढ़ें: तेजी से बन रहा राम मंदिर का मुख्य शिखर, पढ़ें कहां तक पूरा हुआ काम

    इसे भी पढ़ें: UP ByPolls 2024: उपचुनाव की घोषणा के बाद NDA में खींचतान, अपने सिंबल पर लड़ने पर अड़े संजय निषाद