Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    UP विधानसभा चुनाव 2027 : चुनावी रण में पूर्वांचल और प्रयागराज अहम, भाजपा की नई कार्यकारिणी में बढ़ी भागीदारी

    By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Sat, 27 Jun 2026 04:05 PM (IST)

    भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी में पूर्वांचल और प्रयागराज की भागीदारी बढ़ी है, जो 2027 विधानसभा चुनाव के लिए एक रणनीतिक कदम है। यह विस्तार अनुभव और यु ...और पढ़ें

    भाजपा ने 2027 के चुनाव की तैयारी तेज कर दी है।

    भाजपा ने 2027 के चुनाव की तैयारी तेज कर दी है।

    HighLights

    1. भाजपा की नई कार्यकारिणी से जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण

    2. अनुभव और युवा नेतृत्व के बीच संतुलन बनाने का किया प्रयास

    अमलेन्दु त्रिपाठी, प्रयागराज। भाजपा की प्रदेश संगठन की नई कार्यकारिणी में पूर्वांचल और प्रयागराज की भागीदारी बढ़ी है। यह मात्र संगठन विस्तार नहीं, बल्कि विधानसभा चुनाव 2027 के लिए चली गई चाल है। कुछ गोटियों को आगे बढ़ाया गया तो कुछ को पीछे कर संदेश देने का प्रयास हुआ।

    प्रयागराज के इन्हें मिला मौका 

    नई टीम में डॉ. कीर्तिका अग्रवाल, चायल विधायक पूजा पाल, सुरेश मौर्य, आकांक्षा सोनकर को जगह मिली है। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बने रोहित मिश्र यूं तो प्रतापगढ़ से हैं लेकिन इलाहाबाद विश्वविद्यालय कर्मभूमि रही, इस नाते उन्हें भी संगमनगरी से जोड़कर देखा जा रहा है। इतनी बड़ी संख्या में एक जनपद से पदाधिकारी बनाना साफ करता है कि पार्टी इस क्षेत्र को चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण मान रही है।

    प्रयागराज का अहम रोल 

    प्रयागराज धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र ही नहीं बल्कि राजनीति के शिखर तक पहुंचने का मुख्य मार्ग आज भी है। पूर्वांचल और मध्य उत्तर प्रदेश के बीच संगठनात्मक समन्वय का भी यह केंद्र है। पूर्वांचल की 150 से अधिक विधानसभा सीटें उत्तर प्रदेश की सत्ता का रास्ता तय करने में खास भूमिका निभाती हैं। पिछले चुनावों में भाजपा इन क्षेत्र में बहुत चमकदार प्रदर्शन नहीं कर पाई।

    बदलते राजनीतिक समीकरणों पर ध्यान 

    बदलते राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने संगठन को और सक्रिय तथा सामाजिक रूप से व्यापक बनाने के लिए कदम उठाए हैं। गाजीपुर के सरोज कुशवाहा को महिला मोर्चा की कमान मिली है। प्रदेश टीम की चर्चा करें तो पूर्वांचल से नीरज सिंह, कृष्ण बिहारी राय को उपाध्यक्ष, संजय राय, दिलीप पटेल को महामंत्री, सहजानंद राय, रजनी पांडेय, यतेंद्र शर्मा, सुरेश मौर्य को मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

    खबरें और भी

    नए मतदाताओं तक पहुंचने का लक्ष्य 

    इस टीम के समक्ष बूथ को सशक्त बनाने के साथ नए मतदाताओं तक पहुंच बनाने का लक्ष्य है। संगठनात्मक शक्ति बढ़े इसके लिए भी प्रयास करना होगा। भाजपा के राष्ट्रीय प्रशिक्षण अभियान के प्रदेश सह संयोजक डा. शैलेश पांडेय कहते हैं कि यह पुनर्गठन सिर्फ दायित्व वितरण नहीं बल्कि आगामी चुनाव के लिए जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण है। अनुभव और युवा नेतृत्व के संतुलन के साथ बनाई गई यह टीम चुनावी प्रबंधन, संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को गति देगी।

    संगम नगरी की महिला शक्ति पर बढ़ता भरोसा

    नई प्रदेश कार्यकारिणी में संगम नगरी की महिला शक्ति पर संगठन ने अधिक भरोसा जताया है। महिला नेतृत्व की क्षमता, संगठनात्मक दक्षता को विशिष्ट मानते हुए पूर्व में जिन पदाधिकारियों के पास दायित्व थे सभी के कद बढ़ा दिए गए हैं। इसके पीछे नारी वंदन कार्यक्रमों की सफलता का हाथ है। डा. कीर्तिका अग्रवाल को प्रदेश उपाध्यक्ष, आकांक्षा सोनकर को प्रदेश मंत्री, विधायक पूजा पाल को प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व मिला है। हाल ही में सपा से भाजपा में आई पूजा पाल को संगठन में दायित्व देना मास्टर स्ट्रोक है।

    भाजपा महिलाओं की बढ़ा रही भागीदारी

    इससे यह भी साफ हो रहा कि पार्टी चुनाव में महिला मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाना चाहती है। संदेश है कि महिलाओं की भागीदारी भाजपा बढ़ा रही है। ओबीसी और एससी वर्ग पर भी फोकस है। एक ही जनपद से तीन नेताओं को पद मिलना यह भी बताता है कि अवसर, योग्यता, सक्रियता और नेतृत्व क्षमता पर पार्टी की नजर है। हालांकि कुछ क्षेत्रीय पदाधिकारियों को इस विस्तार में जगह न मिलने से वे निराश भी हैं।

    यह भी पढ़ें- RRB ALP Cut Off 2025 : सहायक लोको पायलट भर्ती के कटऑफ में भारी गिरावट, SC-ST अभ्यर्थियों को मिला बड़ा अवसर

    यह भी पढ़ें- प्रयागराज में पुलिस टीम पर हमला : ताजिया मार्ग विवाद सुलझाने पहुंची थी, ईंट-पत्थरों से हमले में कुछ पुलिसकर्मी घायल