UP Board Exam 2026 : परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे साल्वरों ने बढ़ाई यूपी बोर्ड की चिंता, अब तक हुई परीक्षा में करीब 30 पकड़े गए
UP Board Exam 2026 यूपी बोर्ड परीक्षा में साल्वरों की बढ़ती संख्या ने बोर्ड की चिंता बढ़ा दी है। अब तक करीब 30 साल्वर पकड़े गए हैं। बोर्ड, साल्वर बैठा ...और पढ़ें

UP Board Exam 2026 यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने का बोर्ड ने प्रयास किया लेकिन साल्वर गैंग भी सक्रिय है।
HighLights
साल्वर बैठाने में शामिल रैकेट तक पहुंचना चाहता है बोर्ड
मुकदमों की गहराई से जांच के लिए डीजीपी को भेजा पत्र
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। UP Board Exam 2026 हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के साथ उत्तर पुस्तिकाओं में कई बदलाव कर बाहरी नकल पर नियंत्रण करने की कोशिश यूपी बोर्ड ने की, लेकिन केंद्रों पर साल्वर पहुंचने की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी। अब तक हुई परीक्षा में करीब 30 साल्वर पकड़े गए हैं।
कारावास और जुर्माने का प्रविधान है
UP Board Exam 2026 साल्वर बैठाए जाने में अकेले परीक्षार्थी की भूमिका न मानते हुए परीक्षा केंद्र तथा जिस विद्यालय से परीक्षार्थी परीक्षा देने आए हैं, उनकी व नकल माफिया की संलिप्तता भी मानी जा रही है। साल्वरों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम- 2024 के तहत मुकदमें दर्ज कराए गए हैं, जिसमें कारावास और जुर्माने का प्रविधान है। अब यूपी बोर्ड पुलिस जांच के द्वारा साल्वर बैठाने वाले माफिया का पता लगाने की कोशिश में है।
नकल माफिया के प्रयासों को तोड़ने के सभी प्रयास
UP Board Exam 2026 बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के आकार में बदलाव, रंग परिवर्तन, दो कवर पेज की व्यवस्था, हर पेज पर हाशिया बने होने, विद्यालय कोड की मुहर केंद्र पर लगाए जाने की व्यवस्था के साथ कुछ और परिवर्तन कराए हैं। यह इस उद्देश्य से किए गए हैं कि बाहर से कापियां लिखवाकर जमा करने के नकल माफिया के प्रयासों को तोड़ा जा सके। सीसीटीवी के माध्यम से आनलाइन निगरानी कराई जा रही है, ताकि परीक्षा के दौरान हर परीक्षार्थी पर नजर रखकर नकल को रोका जा सके।
अब तक 30 साल्वर पकड़े जा चुके हैं, जिनमें छात्राएं भी
UP Board Exam 2026 इन सबके बीच परीक्षा के पहले ही दिन हिंदी विषय की परीक्षा में पांच साल्वर केंद्रों पर पहुंच गए, जिन्हें पकड़कर कार्रवाई की गई है। अब तक 30 साल्वर पकड़े जा चुके हैं, जिनमें छात्राएं भी हैं। बोर्ड ने इस मामले में जिला विद्यालय निरीक्षकों से जांच कराकर रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ ही पुलिस जांच में साल्वर बैठाने में संलिप्त लोगों का पता लगाने के लिए विभागीय स्तर पर पत्र लिखा जाएगा, ताकि साल्वरों के माध्यम से माफिया तक पहुंचा जा सके और उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कराई जा सके। विद्यालयों की संलिप्तता मिलने पर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा।