UP Board Result 2026 : यूपी बोर्ड ने 105 वर्ष के इतिहास में मूल्यांकन के बाद रिजल्ट सबसे जल्दी घोषित करने का बनाया रिकार्ड
यूपी बोर्ड ने 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का परिणाम मूल्यांकन कार्य पूरा होने के बाद 19वें दिन घोषित कर 105 साल का नया रिकॉर्ड बनाया है। ...और पढ़ें

यूपी बोर्ड ने वर्ष 2026 में मूल्यांकन के बाद सबसे जल्दी रिजल्ट घोषित करके रिकार्ड बनाया है।
HighLights
यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल-इंटर परीक्षाफल के साथ जारी की 10 वर्ष में घोषित परिणाम की तिथि
मूल्यांकन कार्य पूर्ण होने के बाद 19वें दिन परीक्षाफल घोषित हुआ, इसमें 3 दिन छुट्टी भी थी
अवधेश पाण्डेय, प्रयागराज। वर्ष 2026 के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट का परीक्षाफल मूल्यांकन कार्य संपन्न होने के बाद सबसे जल्दी घोषित करने का नया रिकार्ड यूपी बोर्ड ने बनाया है। मूल्यांकन कार्य पूर्ण होने के बाद 19वें दिन यानी 23 अप्रैल को परीक्षाफल घोषित किया गया। यह तब है जब मूल्यांकन कार्य के दौरान तीन दिन सार्वजनिक अवकाश रहने के कारण मूल्यांकन कार्य तीन दिन स्थगित रखकर तीन दिन बढ़ाकर पूरा कराया गया।
10 वर्ष में 21वें दिन 2024 में घोषित हुआ था रिजल्ट
इसके पहले पिछले 10 वर्षों में 2024 में मूल्यांकन कार्य पूर्ण होने के बाद 21वें दिन परीक्षाफल घोषित किया गया था। इस तरह 2026 का परीक्षाफल बोर्ड के 105 के वर्ष के इतिहास में मूल्यांकन कार्य संपन्न होने के बाद सबसे तेज घोषित किया गया है।
ईद और रामनवमी का तीन दिन अवकाश भी था
यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की समय सीमा 18 मार्च से एक अप्रैल निर्धारित की थी। मूल्यांकन के दौरान ईद और रामनवमी को मिलाकर तीन दिन सार्वजनिक अवकाश होने के कारण बोर्ड सचिव ने उन तिथियों में तीन दिन मूल्यांकन कार्य स्थगित कर दिया था।
रिजल्ट के साथ 10 वर्ष का परिणाम भी
इसके कारण अंतिम तिथि एक अप्रैल से बढ़ाकर चार अप्रैल कर मूल्यांकन तय समय में पूर्ण कराया। इसके बाद परीक्षाफल तैयार कराकर 19वें दिन घोषित कर दिया। बोर्ड ने परीक्षाफल जारी किए जाने के साथ पिछले 10 वर्ष में मूल्यांकन पूर्ण किए जाने की तिथि के साथ परिणाम घोषित किए जाने की तिथि भी जारी की है।
खबरें और भी
वर्ष 2021 में कोविड के कारण नहीं हुई थी परीक्षा
जारी सूचना के अनुसार वर्ष 2025 में मूल्यांकन कार्य पूर्ण होने के बाद 23वें दिन, 2024 में 21वें दिन, 2023 में 25वें दिन, 2022 में 42वें दिन परिणाम घोषित किया गया था। वर्ष 2021 में कोविड के कारण परीक्षा नहीं कराई गई थी। इसके अलावा वर्ष 2020 में 23वें दिन, 2019 में 33वें दिन तथा 2018 एवं 2017 में मूल्यांकन समाप्त होने के बाद समान रूप से 29वें दिन घोषित किया गया था।
वर्ष मूल्यांकन समाप्ति तिथि परीक्षाफल घोषणा तिथि
2017 11 मई 09 जून
2018 31 मार्च 29 अप्रैल
2019 25 मार्च 27 अप्रैल
2020 04 जून 27 जून
2021 (कोविड के कारण परीक्षा नहीं हुई)
2022 07 मई 18 जून
2023 31 मार्च 25 अप्रैल
2024 30 मार्च 20 अप्रैल
2025 02 अप्रैल 25 अप्रैल
2026 04 अप्रैल 23 अप्रैल