BPEd अभ्यर्थियों को TET से छूट के लिए नियमावली में संशोधन की तैयारी, UPESSC ने अपर मुख्य सचिव को भेजा पत्र
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने शारीरिक शिक्षा टीजीटी भर्ती में BPEd अभ्यर्थियों को TET से छूट दिलाने हेतु अपर मुख्य सचिव को पत्र भेजा है।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज।
HighLights
शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अर्हता संशोधन को लिखा पत्र
टीजीटी भर्ती में शारीरिक शिक्षा विषय के 849 पद हैं
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। प्रदेश के एडेड कालेजों में सहायक अध्यापक (टीजीटी) भर्ती में शारीरिक शिक्षा विषय के अभ्यर्थियों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) से छूट देने के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से अपर मुख्य सचिव (बेसिक व माध्यमिक) को पत्र भेजा गया है। यह छूट तभी संभव होगी जब विभाग की ओर से नियमावली में संशोधन किया जाए। इस संशोधन को कैबिनेट से भी मंजूर कराना होगा। इस प्रक्रिया को पूरा करने के बाद बीपीएड (बैचलर आफ फिजिकल एजुकेशन) डिग्रीधारक आवेदन कर सकेंगे।
हालांकि शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से पत्र लिखे जाने की सूचना के बाद से अभ्यर्थी उत्साहित हैं लेकिन आगे की प्रक्रिया लंबी और जटिल है। माना जा रहा है कि इस दिशा में यदि सकारात्मक नतीजे आए तो करीब तीन लाख प्रतियोगियों को राहत मिलेगी।
अभी नवोदय व केंद्रीय विद्यालयों में टीईटी की अनिवार्यता बीपीएड के अभ्यर्थियों के साथ नहीं लागू होती है, यही वजह है कि अभ्यर्थी उम्मीद लगाए बैठे हैं। पिछले दिनों पुरानी नियमावली लागू करने की मांग पर आंदोलित छात्रों में बड़ी संख्या बीपीएड वालों की भी थी।
उनका कहना था कि देश में अभी जहां कहीं भी शारीरिक शिक्षकों के लिए भर्ती प्रक्रिया चल रही है वहां टेट अनिवार्य नहीं है, उत्तर प्रदेश में भी यह अनिवार्य नहीं होना चाहिए। इस विरोध के बीच ही आवेदन प्रक्रिया शुरू करा दी गई है।
अब शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से अर्हता में संशोधन के लिए शासन को पत्र लिखे जाने की सूचना है जबकि 23 अक्तूबर को प्रदेश के 4,512 अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों के लिए टीजीटी के 17,735 पदों पर भर्ती का विज्ञापन आ चुका है। इसमें शारीरिक शिक्षा विषय के 849 पद हैं। बालक वर्ग के लिए 784 और बालिका वर्ग के लिए 65 पद विज्ञापित हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।