Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Magh Mela 2027 के लिए UP सरकार से 100 करोड़ रुपये जारी, संगम की रेती पर 25 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान

    By Gyanendra Singh Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Mon, 03 Aug 2026 08:44 PM (IST)

    Magh Mela 2027 प्रदेश सरकार ने माघ मेला के भव्य आयोजन के लिए 100 करोड़ रुपये जारी किए हैं, जबकि अतिरिक्त प्रस्ताव भेजा जाएगा। माघ मेला 15 जनवरी से 6 म ...और पढ़ें

    Magh Mela 2027 प्रयागराज में इस बार होने वाले माघ मेला के लिए प्रदेश सरकार ने धनराशि जारी की।

    Magh Mela 2027 प्रयागराज में इस बार होने वाले माघ मेला के लिए प्रदेश सरकार ने धनराशि जारी की।

    HighLights

    1. अभी कई कार्यों के लिए 100 करोड़ रुपये के अतिरिक्त बजट भी भेजा जाएगा प्रस्ताव

    2. विभागों के कार्यों की अब शुरू कराई जाएगी टेंडर प्रक्रिया, अक्टूबर में शुरू होंगे कार्य

    3. प्रयगाराज में माघ मेला इस बार 50 दिन का होगा, पहला स्नान पर्व है 15 जनवरी को

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। Magh Mela 2027 पावन संगम की रेती पर आयोजित होने वाला माघ मेला इस बार दिव्य और भव्य होगा। प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ओर से मेला के आयोजन की तैयारी शुरू हो गई है। प्रदेश सरकार की ओर से मेला के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। अभी लगभग 100 करोड़ रुपये के अतिरिक्त बजट का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।

    200 करोड़ रुपये के बजट का प्रस्ताव तैयार होगा

    वर्ष 2026 के माघ मेला पर प्रदेश सरकार की तरफ से लगभग 130 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। इस बार अतिरिक्त पांटून पुलों के साथ ही मेला का विस्तार करने की योजना बनाई जा रही है, जिसे मेला प्राधिकरण बोर्ड की बैठक में मंजूरी मिलेगी। प्राधिकरण के मुताबिक माघ मेला 2027 के लिए कुल 200 करोड़ रुपये के बजट का प्रस्ताव तैयार होगा।

    सबसे अधिक बजट मेला प्राधिकरण को

    सबसे ज्यादा मेला प्राधिकरण का बजट होगा, जिसमें सफाई, शौचलय, टेंटेज, समतलीकरण, घाट, बैरिकेडिंग व लाउडस्पीकर के कार्य शामिल हैं। इसके बाद लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल निगम, स्वास्थ्य विभाग और सिंचाई विभाग बाढ़ खंड का बजट होगा। वर्ष 2027 में 15 जनवरी मकर संक्रांति स्नान पर्व से मेला शुरू होगा, जो सात सेक्टर में बसाया जाएगा।

    अक्टूबर में माघ मेला के शुरू होंगे कार्य 

    Magh Mela 2027 अरैल और झूंसी को जोड़ने के लिए पहली बार गंगा पर पांटून पुल बनेगा। उप मेलाधिकारी विवेक शुक्ला ने बताया कि अब कार्यों के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कराई जा रही है। प्राधिकरण की कोशिश है कि बाढ़ का पानी खत्म होते ही अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से किसी भी हाल में कार्य शुरू करा दिए जाएं।  

    खबरें और भी

    अरैल-झूंसी जोड़ने को पहली बार बनेगा अतिरिक्त पुल 

    जीवनदायिनी गंगा, श्यामल यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन संगम पर आयोजित होने वाले दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक मेले की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने माघ मेला 2027 की तिथियों की घोषणा करते हुए तैयारियां शुरू कर दी है। इस बार यह महानुष्ठान 50 दिनों का होगा। मेला 15 जनवरी मकर संक्रांति से शुरू होकर छह मार्च तक चलेगा। माघ मेला का जल्द ही बजट भी घोषित किया जाएगा। इस बार तीन स्नान पर्व शनिवार को, दो शुक्रवार को और एक गुरुवार को होगा। पुरुषोत्तम माह के चलते कल्पवास देर से शुरू होगा।

    पहला स्नान पर्व मकर संक्रांति व अंतिम महाशिवरात्रि 

    माघ मेला का पहला स्नान मकर संक्रांति का होगा, जो 15 जनवरी को होगा। इसके बाद 22 जनवरी को पौष पूर्णिमा का स्नान होगा। इसी तिथि से जप और तप का कल्पवास भी शुरू होगा। फिर छह फरवरी को मौनी अमावस्या स्नान पर्व है, जो मेला का सबसे मुख्य स्नान पर्व होगा। इसमें सबसे ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद जताई गई है। इसके बाद 11 फरवरी को वसंत पंचमी, 20 फरवरी को माघी पूर्णिमा का स्नान होगा। इसके साथ ही कल्पवास का समापन भी हो जाएगा। मेला का अंतिम स्नान पर्व महाशिवरात्रि छह मार्च को होगा।

    25 से 28 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान 

    Magh Mela 2027 मेला प्रशासन का अनुमान है कि इस बार लगभग 25 से 28 करोड़ श्रद्धालु आएंगे। मेला सात सेक्टर में बसाया जाएगा। वहीं, अरैल और झूंसी क्षेत्र को कनेक्ट करने के लिए पहली बार संगम के डाउन स्ट्रीम में अतिरिक्त पांटून पुल बनाया जाएगा। उप मेलाधिकारी विवेक शुक्ला ने बताया कि मेला के आयोजन के लिए तैयारी शुरू हो गई है। शीघ्र ही इसको लेकर विभागीय समन्वय बैठक होगी, जिसमें तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

    प्रमुख स्नान पर्वों की तिथियां

    मकर संक्रांति- 15 जनवरी (शुक्रवार)

    पौष पूर्णिमा- 22 जनवरी (शुक्रवार)

    मौनी अमावस्या- 6 फरवरी (शनिवार)

    वसंत पंचमी- 11 फरवरी (गुरुवार)

    माघी पूर्णिमा- 20 फरवरी (शनिवार)

    महाशिवरात्रि- 6 मार्च (शनिवार)

    माघ मेला 2027 के दिव्य और भव्य तरीके से आयोजन के लिए सरकार की ओर से पहले ही लगभग 100 करोड़ रुपये निर्गत किए जा चुके हैं। लगभग इतनी ही धनराशि का अतिरिक्त बजट का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। अक्टूबर से मेला कार्य शुरू करा दिए जाएंगे, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू हो जाएंगे।
    - ऋषि राज, मेलाधिकारी।