Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    UP के पर्यटन मंत्री बोले- प्रयागराज पर सरकार का अत्यधिक फोकस, 30 करोड़ की परियोजनाएं यहां के लिए रखी गईं

    By Gyanendra Singh Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Fri, 31 Jul 2026 03:25 PM (GMT+05:30)

    पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने प्रयागराज में 30 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं पर सरकार के अत्यधिक फोकस की बात कही। उन्होंने कावड़ यात्रा के व्यापक इंतजामों ...और पढ़ें

    प्रयागराज में पर्यटन व धर्मार्थ विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह व अन्य। जागरण

    प्रयागराज में पर्यटन व धर्मार्थ विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह व अन्य। जागरण

    HighLights

    1. पर्यटन व धर्मार्थ विभाग की योजनाओं की समीक्षा करने संगम नगरी पहुंचे पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह

    2. कहा- सरकार ने कावड़ यात्रा को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं, कांवडियों को असुविधा न होगी

    3. पर्यटन मंत्री ने अखिलेश यादव पर किया पलटवार, दलित विरोधी मानसिकता वाला बताया

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। पर्यटन संस्कृति और धर्मार्थ विभाग की योजनाओं की समीक्षा करने पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह शुक्रवार को प्रयागराज पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तर प्रदेश में सनातन संस्कृति के पुनरुद्धार और संवर्धन के लिए हमारे आस्था और श्रद्धा के केंद्रों का संरक्षण और संवर्धन हो। यूपी सरकार विरासत और धरोहरों को भी संरक्षित करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा है कि पर्यटकों को बेहतरीन सुविधा कैसे मिले सरकार का फोकस इसी पर है।

    आगामी परियोजनाओं पर भी चर्चा 

    समीक्षा बैठक में जहां पुरानी योजनाओं की धरातल पर प्रगति की समीक्षा गई है। वहीं 2026-27 की आगामी परियोजनाओं को लेकर भी चर्चा हुई। प्रयागराज के विशेष संदर्भ में उन्होंने कहा कि यहां पर सरकार का अत्यधिक फोकस रहता है और 30 करोड़ ज्यादा की परियोजनाएं यहां के लिए रखी गई हैं।

    योगी सरकार ने कांवर यात्रा का बेहतर इंतजाम किया

    30 जुलाई से शुरू हुई कावड़ यात्रा को लेकर पर्यटन मंत्री ने कहा है कि सरकार ने कावर यात्रा को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। कांवरियों की यात्रा सुखद हो, उन्हें किसी तरह की कोई असुविधा न हो, शिव भक्तों को अच्छा वातावरण मिल सके। इसके इंतजाम जब से प्रदेश में योगी सरकार आई है लगातार किया जा रहा है। पिछले वर्षों की तर्ज पर इस साल भी श्रद्धालुओं को हर तरह की सुविधा देने का काम किया जा रहा है।

    अखिलेश यादव पर किया पलटवार 

    भदोही का नाम फिर से बदलकर संत रविदास नगर किए जाने के योगी सरकार के फैसले पर अखिलेश यादव के बयान पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि अखिलेश यादव को दलित विरोधी मानसिकता का बताया है। उन्होंने कहा है कि कन्नौज के डॉ बी आर अंबेडकर मेडिकल कॉलेज और संत रविदास नगर जिले का नाम बदलकर भदोही करने का काम अखिलेश यादव ने ही किया था। अखिलेश यादव ने हमेशा दलितों के खिलाफ काम किया है।

    खबरें और भी

    सबका साथ, सबका विकास की भावना से हो रहा काम 

    उन्होंने कहा है कि केंद्र और प्रदेश की बीजेपी सरकार सबका साथ सबका विकास और सबका प्रयास की भावना से काम कर रही है। उन्होंने कहा है कि बीजेपी सरकार खासतौर पर दबे,कुचले और वंचित समाज के लोगों के आध्यात्मिक और धार्मिक गुरुओं का सम्मान करने का काम किया है। बीजेपी ने उनकी भावनाएं आहत न हों, इसका सम्मान करने का काम किया है। उन्होंने कहा है कि इसी कड़ी में सामाजिक ताना-बाना को मजबूत करने वाले संत रविदास के नाम पर भदोही जिले का नाम दोबारा करने का काम सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया है। उन्होंने कहा कि जातिवाद को हटाने और सनातन संस्कृति को नई दिशा देने के लिए लगातार सरकार काम कर रही है।

    अराजकता, दंगे फैलाने के मंसूबे सफल नहीं होंगे

    वहीं मौलाना जर्जिस की भगवान शिव के खिलाफ विवादित टिप्पणी पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया की। उन्होंने कहा है कि मौलाना जर्जिस का यह बयान तुष्टिकरण के लिए दिया गया बयान है। ऐसे बयान समाज में विद्वेष फैलाने वाले होते हैं। उन्होंने कहा है कि मौलाना जर्जिस कानून व्यवस्था खराब करने और दंगे भड़काने की कोशिश लगातार कर रहा है। उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यह योगी जी की सरकार है, अराजकता करने वालों को किसी भी कीमत पर सरकार द्वारा छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा है कि समाजवादी पार्टी के शासन में जहां प्रतिदिन एक दंगे का औसत था। वहीं 2017 से लेकर अब तक प्रदेश में एक दंगा भी नहीं हुआ। अब यूपी में अराजकता और दंगे फैलाने के मंसूबे सफल नहीं होंगे।

    गांधी परिवार हमेशा ईगो में रहता है

    प्रियंका गांधी के प्रोफेसर वीके कामकोटि के गोमूत्र एक्सपर्ट वाले बयान पर देशभर के 200 से ज्यादा शिक्षाविदों के पत्र लिखने के सवाल पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा है कि गांधी परिवार हमेशा ईगो में रहता है। गांधी परिवार किसी को भी अपमानित करने का काम करता रहता है। उन्होंने कहा कि उसी के क्रम में प्रियंका गांधी का यह नया एपिसोड है।

    सरकार की मंशा कि छात्रों का हित व भविष्य सुरक्षित रहे

    पेपर लीक को लेकर एग्जामिनेशन संशोधन विधेयक लोकसभा और राज्यसभा में पास होने के बाद विपक्षी दलों द्वारा संसद न चलने देने पर मंत्री जयवीर सिंह ने प्रतिक्रिया की। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक की जो घटना हुई,ऐसी घटना दोबारा न हो इसके लिए सरकार सख्त कानून लाई है। उन्होंने कहा है कि पेपर लीक के जो दोषी हैं उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही हो सके। इसको लेकर ही सरकार नया कानून लाई है। पर्यटन मंत्री ने कहा है कि लोकसभा और राज्यसभा में यह विधेयक पास हो चुका है और राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद यह कानून बन जाएगा। उन्होंने कहा है कि सरकार भी यही चाहती है कि छात्रों का हित और भविष्य सुरक्षित रहे।

    यह भी पढ़ें- इलाहाबादी 'सुर्खा' व 'सफेदा' अमरूद की साख बचाने की तैयारी, फ्यूजीकांट फंगस रोग पर लगाएगा अंकुश

    यह भी पढ़ें- प्रयागराज में यमुना पर बनेगा नया फोर लेन पुल, बढ़ेगी MP व छत्तीसगढ़-झारखंड की कनेक्टिविटी; मिलेगी जाम से मुक्ति