UP पीजीटी, टीईटी आदि परीक्षाओं को लेकर भ्रामक सूचनाओं पर UPESSC की चेतावनी, अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर ही करें भरोसा
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने पीजीटी, टीईटी व अन्य परीक्षाओं को लेकर प्रसारित हो रही भ्रामक सूचनाओं पर अभ्यर्थियों को सचेत किया है। आयोग अध्यक् ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज।
HighLights
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अभ्यर्थियों को किया सचेत
आयोग अध्यक्ष भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी)-2022, शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 एवं अन्य परीक्षाओं को लेकर भ्रामक सूचना प्रसारित की जा रही है। ऐसा करने वालों के विरुद्ध अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभ्यर्थियों को सचेत किया है कि वह भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें। किसी संबंध में सही जानकारी करने के लिए केवल आयोग की वेबसाइट www.upessc.gov.in पर उपलब्ध सूचनाओं को ही सही मानें।
एआइ के माध्यम से फर्जी अभिलेख बनाए जा रहे
आयोग अध्यक्ष के अनुसार आयोग के संज्ञान में आया है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा पीजीटी, टीईटी एवं अन्य परीक्षाओं के संबंध में ओएमआर शीट, उत्तर कुंजी, कटआफ, प्राप्तांक के बारे में अभ्यर्थियों को आयोग कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र देने के लिए उकसाया व भ्रमित किया जा रहा है। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआइ) के माध्यम से फर्जी अभिलेख तैयार करने तथा धन के लेन-देन संबंधी अप्रमाणित सूचनाएं भी प्रसारित की जा रही हैं।
निराधार सूचनाओं पर विश्वास न करें : आयोग अध्यक्ष
डॉ. प्रशांत कुमार ने स्पष्ट किया है कि पीजीटी परीक्षा के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। सभी अभ्यर्थियों के प्राप्तांक तथा चयनित अभ्यर्थियों के लिखित परीक्षा अंक, साक्षात्कार अंक एवं अंतिम प्राप्तांक आयोग द्वारा पृथक-पृथक रूप से वेबसाइट पर प्रदर्शित किए जा चुके हैं। इस कारण इस संबंध में निराधार सूचनाओं पर विश्वास न करें। कहा है कि असत्य एवं भ्रामक सूचना प्रसारित करने, अभ्यर्थियों को गुमराह करने तथा अवैध धन वसूली का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।