UPPSC PCS Exam : पीसीएस परीक्षा 2025-26 का कैलेंडर जारी हो गया है, अभ्यर्थी तिथियां और विवरण देखें यहां
UPPSC PCS Exam उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने 2026 में होने वाली परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया है, जिसमें 81 दिनों में 24 दिन आरक्षित ...और पढ़ें

UPPSC PCS Exam परीक्षा कैलेंडर जारी, पीसीएस 2025 मुख्य परीक्षा 29 मार्च से, 2026 प्री 6 दिसंबर को होगी।
HighLights
लोक सेवा आयोग ने जारी किया परीक्षा कैलेंडर, 81 दिनों में 24 तिथियां आरक्षित
खंड शिक्षा अधिकारी भर्ती पर आयोग ने वार्षिक कैलेंडर में नहीं स्पष्ट की स्थिति
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। UPPSC PCS Exam उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने वर्ष 2026 में आयोजित की जाने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं का विस्तृत वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। हाल के वर्षों के कैलेंडर से तुलना करें तो यह काफी विस्तृत है जो 81 दिनों का है। इसमें 24 दिवसों को आरक्षित रखा गया है।
UPPSC PCS Exam चार दिवसीय पीसीएस-2025 मुख्य परीक्षा 29 मार्च से शुरू होगी। वहीं, पीसीएस-2026 प्रारंभिक परीक्षा की तिथि छह दिसंबर को प्रस्तावित की गई है। इसके अलावा सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी एलटी ग्रेड-2025 के कंप्यूटर विषय की तिथि भी घोषित कर दी गई है। कंप्यूटर विषय की प्रारंभिक परीक्षा पांच अप्रैल को प्रस्तावित है।
UPPSC PCS Exam परीक्षाओं की शुरूआत दो और तीन फरवरी को आरओ/एआरओ (मुख्य) परीक्षा-2023 से होगी। इसके तुरंत बाद छह फरवरी को कंप्यूटर सहायक (उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग) परीक्षा-2025 आयोजित की जाएगी। 24 फरवरी को स्थापत्य एवं नियोजन सहायक (मुख्य) परीक्षा-2024 प्रस्तावित है। इसके अलावा 17 मार्च को स्टाफ नर्स यूनानी (पुरुष/महिला) (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 कराई जाएगी और मुख्य परीक्षा 17 जून को प्रस्तावित है।
UPPSC PCS Exam 22 मार्च को सहायक अभियोजन अधिकारी (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 होगी और मुख्य परीक्षा 28, 29 और 30 जून को प्रस्तावित है। नौ अप्रैल को उत्तर प्रदेश प्राविधिक शिक्षा (अध्यापन) सेवा परीक्षा-2025 (प्रधानाचार्य) प्रस्तावित है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी तिथियां संभावित हैं और परिस्थितियों के अनुसार इनमें बदलाव संभव है। खंड शिक्षा अधिकारी भर्ती पर आयोग ने कैलेंडर में स्थिति स्पष्ट नहीं की है।
खबरें और भी
एलटी ग्रेड मुख्य परीक्षा इन तिथियों में होगी
सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (एलटी ग्रेड) की मुख्य परीक्षा अप्रैल में शुरू होंगी। 22 अप्रैल को वाणिज्य और 23 अप्रैल को संस्कृत विषय की परीक्षा होगी। गृह विज्ञान एवं कृषि उद्यानकर्म की परीक्षा 16 मई और हिंदी, गणित व अंग्रेजी विषय की 17 मई को होगी। जीव विज्ञान, कला और उर्दू की परीक्षा 13 जून, सामाजिक विज्ञान, शारीरिक शिक्षा एवं संगीत की 14 जून को प्रस्तावित है। कंप्यूटर की मुख्य परीक्षा 16 अगस्त को होगी।
जीआइसी प्रवक्ता और असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा की तिथियां
तीन मई को प्रवक्ता राजकीय इंटर कालेज (पुरुष/महिला) प्रारंभिक परीक्षा-2025 आयोजित की जाएगी। मुख्य परीक्षा अगस्त में होगी। वहीं, सहायक आचार्य राजकीय महाविद्यालय प्रारंभिक परीक्षा-2025 का आयोजन 31 मई को होगा, जबकि मुख्य परीक्षा 15 सितंबर से शुरू होकर एक अक्टूबर तक चलेगी। वनस्पति विज्ञान एवं चित्रकला 15 सितंबर को, रसायन विज्ञान एवं शिक्षाशास्त्र 16 सितंबर, अंग्रेजी एवं गृहविज्ञान 17 सितंबर, हिंदी एवं गणित 18 सितंबर, समाजशास्त्र एवं रक्षा अध्ययन/सैन्य विज्ञान 22 सितंबर को प्रस्तावित है। 23 सितंबर को जंतु विज्ञान एवं दर्शनशास्त्र, 24 सितंबर को अर्थशास्त्र एवं भूगोल, 25 सितंबर को इतिहास एवं शारीरिक शिक्षा, 28 सितंबर को भौतिक विज्ञान एवं राजनीति विज्ञान, 29 सितंबर को संस्कृत, मनोविज्ञान एवं संगीत गायन की मुख्य परीक्षा होगी। 30 सितंबर को वाणिज्य, कंप्यूटर एवं फारसी तथा एक अक्टूबर को संगीत वादन में सितार-तबला, सांख्यिकी एवं उर्दू विषय की परीक्षा होगी।
अक्टूबर-नवंबर में स्क्रीनिंग परीक्षा
तीन अक्टूबर को पशु चिकित्साधिकारी स्क्रीनिंग परीक्षा-2025 और चार अक्टूबर को स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित होगी। होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी स्क्रीनिंग परीक्षा 24 अक्टूबर को, दंत सर्जन स्क्रीनिंग परीक्षा 25 अक्टूबर को और विधीक्षण अधिकारी स्क्रीनिंग परीक्षा 26 अक्टूबर को प्रस्तावित है। दो से छह नवंबर के बीच आयुर्वेद महाविद्यालयों के प्रवक्ता पदों की स्क्रीनिंग परीक्षाएं होंगी।
इन परीक्षाओं की तिथि नोट करें
शालाक्य तंत्र, प्रसूति एवं स्त्री रोग स्क्रीनिंग परीक्षा दो नवंबर को होगी। तीन नवंबर को रोग निदान, अगद तंत्र एवं विधि आयुर्वेद, चार नवंबर को रस शास्त्र एवं भैषज्य कल्पना और द्रव्य गुण की परीक्षा होगी। पांच को संहिता संस्कृत एवं सिद्धांत व क्रिया शरीर तथा छह नवंबर को स्वस्थवृत्त और रचना शरीर स्क्रीनिंग परीक्षा कराई जाएगी। औषधि निरीक्षक स्क्रीनिंग परीक्षा 16 दिसंबर को, चिकित्साधिकारी आयुर्वेदिक यूनानी स्कीनिंग परीक्षा 18 दिसंबर को होगी। इसके अलावा 16 और 18 दिसंबर के बीच औषधि निरीक्षक, सहायक वास्तुविद और चिकित्साधिकारी (आयुर्वेद/यूनानी) की परीक्षाएं होंगी।
24 तिथियां आरक्षित
आयोग ने कैलेंडर में 24 तिथियों को आरक्षित किया है। फरवरी में 21, 22, मार्च में 14 और 15, जुलाई में पांच, 11, 12, 25, 26, अगस्त में आठ और नौ, सितंबर में 19, 20, 26 और 27, अक्टूबर में 10, 11, 17, 18, 31, नवंबर में एक व 29 तथा दिसंबर में 19 और 20 की तिथि आरक्षित है।
यह परीक्षाएं भी होंगी
सहायक नगर नियोजक विशेष चयन प्रारंभिक परीक्षा-2025 : सात जुलाई
सहायक वन संरक्षक एसीएफ क्षेत्रीय वन अधिकारी आरएफओ मुख्य परीक्षा: 17 जुलाई से
उप्र प्रविधिक शिक्षा अध्यापक सेवा परीक्षा -2025 व्याख्याता आदि : छह जून।