UP राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय : बीएड और बीएड एसई की 1100 सीटों पर होगा प्रवेश, ऑनलाइन आवेदन शुरू
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय ने बीएड और बीएड (विशिष्ट शिक्षा) के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं, जिसमें कुल 1100 सीटों पर प्रवेश हो ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज।
HighLights
17 जुलाई होगी आवेदन की अंतिम तिथि, सात अगस्त को प्रवेश परीक्षा
प्रयागराज समेत प्रदेश के 13 अध्ययन केंद्रों पर पाठ्यक्रम का होगा संचालन
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय (मुवि) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएड और बीएड (विशिष्ट शिक्षा) प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। शनिवार से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। 17 जुलाई आवेदन की अंतिम तिथि है। विलंब शुल्क के साथ 18 से 23 जुलाई तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन में त्रुटि सुधार का अवसर 24 और 25 जुलाई को मिलेगा। अभ्यर्थी 30 जुलाई से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। प्रवेश परीक्षा का संभावित आयोजन सात अगस्त को होगा। 10 अगस्त को परिणाम घोषित किए जाने का कार्यक्रम है। 17 अगस्त से काउंसिलिंग प्रस्तावित है।
बीएड विशिष्ट शिक्षा पाठ्यक्रम में कुल 550 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इसमें 50 सीटें ईडब्ल्यूएस की है। यह पाठ्यक्रम बौद्धिक एवं विकासात्मक अक्षमता, श्रवण बाधिता और दृष्टि बाधिता जैसे क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 11 अध्ययन केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें प्रयागराज, चित्रकूट, रायबरेली, मथुरा, अयोध्या, मीरजापुर, आगरा और अमरोहा शामिल हैं।
अभ्यर्थियों के पास स्नातक या परास्नातक में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। इंजीनियरिंग या तकनीकी विषयों के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। वहीं दो वर्षीय बीएड में कुल 500 सीटें तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 50 अतिरिक्त सीटें उपलब्ध हैं। प्रदेश के 13 अध्ययन केंद्रों पर इस पाठ्यक्रम का संचालन किया जाएगा, जिनमें प्रयागराज, आगरा, वाराणसी, झांसी, लखनऊ, कानपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़ और अन्य शहर शामिल हैं।