विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी एयर शो: प्रयागराज से नियंत्रित होगी वायुसेना की हवाई शक्ति, 100 विमान दिखाएंगे पराक्रम

Published: Wed, 21 Oct 2026 10:53 PM (GMT+05:30)

वाराणसी में होने वाले भारतीय वायुसेना के तीन दिवसीय एयर शो का रणनीतिक नियंत्रण प्रयागराज स्थित मध्य वायु कमान मुख्यालय से हो रहा है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. वाराणसी एयर शो का नियंत्रण प्रयागराज से संचालित।

  2. बमरौली से उड़ान भरेंगे 100 अत्याधुनिक विमान।

  3. राफेल, सुखोई और सूर्यकिरण टीम मुख्य आकर्षण।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। धर्मनगरी वाराणसी के नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के प्रस्तावित तीन दिवसीय एयर शो (22, 24 व 25 अक्टूबर) का मुख्य शक्ति केंद्र संगम नगरी प्रयागराज बना हुआ है। वायुसेना के इस मेगा डिस्प्ले का पूरा रणनीतिक नियंत्रण और लाइव मानिटरिंग प्रयागराज स्थित मध्य वायु कमान (सीएसी) मुख्यालय के हाथों में है।

इस भव्य आयोजन के तहत अधिकांश फ्रंटलाइन फाइटर जेट्स बमरौली वायुसेना स्टेशन के रनवे से सीधे काशी के लिए उड़ान भरेंगे। गंगा के तट पर हैरतअंगेज हवाई करतब और सटीक फार्मेशन का प्रदर्शन करने के बाद विमानों की लैंडिंग भी प्रयागराज में ही सुनिश्चित की गई है। अभ्यास सत्र के दौरान लड़ाकू विमानों की गर्जना से शहर का आकाश लगातार गूंज रहा है।

बमरौली बेस संभाल रहा सबसे अहम मोर्चा

इस बार आकाश में वायुसेना के कुल 100 अत्याधुनिक विमान अपनी तकनीकी दक्षता दिखाएंगे, जिसमें 52 लड़ाकू विमान, 32 बहुउद्देश्यीय हेलीकाप्टर, 15 मालवाहक विमान और एक विंटेज विमान शामिल हैं। देश भर के 12 वायुसैनिक अड्डों से संचालित होने वाले इस बेड़े का सबसे अहम मोर्चा बमरौली बेस संभाल रहा है।

काशी के आसमान में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, मिग-29, तेजस और जगुआर जैसे अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू विमान अपनी मारक क्षमता का एहसास कराएंगे। वहीं 'सूर्यकिरण' एरोबैटिक टीम के नौ विमान आसमान में रंगीन छटा बिखेरेंगे। गंगा की जलधारा के ठीक ऊपर चिनूक का 'होवरिंग' प्रदर्शन और गरुड़ स्पेशल कमांडो का युद्धाभ्यास विशेष आकर्षण रहेगा।

रक्षा प्रवक्ता विंग कमांडर देवार्थों धर के अनुसार, आयोजन के सुचारू संचालन, एयर ट्रैफिक समन्वय और सामरिक नियंत्रण में मध्य वायु कमान केंद्रीय भूमिका निभा रही है।

यह भी पढ़ें- वाराणसी एयर शो: ऑपरेशन सिंदूर के प्रचंड फॉर्मेशन से वायु सेना दिखाएगी भारत की वायु शक्ति

यह भी पढ़ें- वाराणसी एयर शो के दौरान दर्शकों को कान में लगाने होंगे Earbuds, 6 जिलों के डॉक्टरों की लगाई गई ड्यूटी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।