रायबरेली में रक्षाबंधन पर बढ़ेंगे बसों के फेरे, ड्राइवर-कंडक्टर को प्रोत्साहन राशि देगा रोडवेज
रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रायबरेली डिपो 26 से 31 अगस्त तक 170 बसों का विशेष संचालन करेगा। चालक-परिचालकों को 1800 किमी संचालन पर 1200 रुपये और अन्य कर्मचारियों को भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
रक्षाबंधन पर रायबरेली डिपो की 170 बसें चलेंगी।
चालक-परिचालकों को 1200 रुपये तक प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
विशेष अभियान 26 से 31 अगस्त तक चलेगा।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। रक्षाबंधन के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम ने विशेष संचालन अभियान की योजना बनाई है। रायबरेली डिपो की 170 बसों को अधिकतम फेरे लगवाने की योजना है। यह विशेष अभियान 26 से 31 अगस्त तक चलेगा। इसके तहत, 1800 किलोमीटर बस संचालन पूरा करने वाले चालक-परिचालक को 1200 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
1800 किलोमीटर से अधिक संचालन करने पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर का भुगतान किया जाएगा। लगातार उपस्थिति दर्ज कराने वाले कर्मचारियों को 500 रुपये प्रति कर्मचारी प्रोत्साहन राशि मिलेगी। बेहतर संचालन और निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों को 5000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
प्रत्येक बस स्टेशन को 90 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे अधिकारियों को बसों का अधिकतम संचालन सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने क्या बताया?
क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि रक्षाबंधन 28 अगस्त को है और प्रोत्साहन राशि चालक-परिचालक को लोडफैक्टर 64 प्रतिशत या इससे अधिक लाने पर दी जाएगी। कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- लखनऊ के वृंदावन सेक्टर-6A में 4.15 करोड़ से बनेगा बड़ा पार्क, 17 हजार स्क्वायर फीट में किया जाएगा डेवलप
दिल्ली मार्ग पर आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त बसें भी लगाई जाएंगी। कर्मचारियों और चालक-परिचालकों की छुट्टी अभियान के दौरान निरस्त कर दी गई है।
