रायबरेली में नकली दवाओं की कालाबाजारी की शिकायत के सील हुई मेडिकल एजेंसी की जांच तेज, लिए सैंपल
रायबरेली के बछरावां में मिश्रा मेडिकल एजेंसी पर नकली दवाओं की कालाबाजारी की शिकायत के बाद ड्रग विभाग ने दोबारा जांच की। टीम ने आठ नए नमूने लेकर एजेंसी ...और पढ़ें

HighLights
मिश्रा मेडिकल एजेंसी पर नकली दवाओं की कालाबाजारी की शिकायत।
ड्रग विभाग ने दोबारा जांच कर आठ नए नमूने लिए।
जांच के बाद मेडिकल एजेंसी को फिर से सील किया गया।
संवाद सूत्र, बछरावां (रायबरेली)। कस्बे के मुख्य चौराहे पर स्थित मिश्रा मेडिकल एजेंसी में नकली दवाओं की कालाबाजारी की शिकायत के बाद ड्रग विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। करीब एक सप्ताह पूर्व दुकान और गोदाम को सील करने के बाद बुधवार को विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर दोबारा जांच की।
इस दौरान अलग-अलग दवाओं के आठ नमूने लिए गए। जांच के बाद अधिकारियों ने मेडिकल एजेंसी को फिर सील कर दिया। लगातार हुई कार्रवाई से क्षेत्र के मेडिकल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
बताया गया कि मेडिकल एजेंसी में नकली दवाओं की बिक्री और कालाबाजारी को लेकर करीब एक सप्ताह पूर्व ड्रग विभाग की टीम ने एजेंसी पर पहुंचकर दुकान और गोदाम की जांच की थी। जांच के दौरान छह दवाओं के नमूने रिजर्व कर उन्हें परीक्षण के लिए भेजा गया था। इसके बाद विभाग की टीम ने दुकान और गोदाम को सील कर दिया था।
दोपहर के समय ड्रग विभाग की टीम दोबारा मिश्रा मेडिकल एजेंसी पहुंची। टीम में कानपुर के ड्रग्स इंस्पेक्टर ओमपाल सिंह, प्रतापगढ़ के ड्रग्स इंस्पेक्टर शिवकुमार नायक और रायबरेली के ड्रग्स इंस्पेक्टर अरविंद कुमार शामिल रहे। अधिकारियों ने पूर्व में लगाई गई सील को स्वयं खोलकर दुकान और गोदाम की दोबारा जांच की। जांच के दौरान विभिन्न दवाओं के आठ नमूने लिए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- रायबरेली में मां से विवाद करने से रोका तो कर दी बूथ अध्यक्ष की हत्या, दो आरोपित गिरफ्तार
जांच पूरी करने के बाद अधिकारियों ने मेडिकल एजेंसी को दोबारा सील कर दिया। विभागीय अधिकारियों की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य मेडिकल स्टोर संचालकों में भी खलबली मची हुई है। अधिकारियों के अनुसार दवाओं की गुणवत्ता और बिक्री में किसी प्रकार की अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।