रायबरेली में सड़क पार कर रही बालिका को कार ने मारी टक्कर, ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम, पुलिस के खिलाफ लगाए नारे
रायबरेली के बछरावां-मौरावां मार्ग पर एक आठ वर्षीय बालिका को कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क ...और पढ़ें
-1785949958509_m.webp)
HighLights
आठ वर्षीय बालिका को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर।
गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए।
पुलिस के आश्वासन पर एक घंटे बाद जाम खुला, जांच जारी।
संवादसूत्र, बछरावां (रायबरेली)। बछरावां-मौरावां मार्ग पर बुधवार को सुवंशखेड़ा इचौली गांव के पास सड़क पार कर रही एक आठ वर्षीय बालिका काे कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। बालिका काे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। इस दौरान करीब एक घंटे तक मार्ग पर आवागमन बाधित रहा।
सुवंशखेड़ा इचौली निवासी हनुमान की आठ वर्षीय पुत्री आस्था सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान बछरावां की ओर से मौरावां की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार ने आस्था को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौका पाकर चालक कार लेकर फरार हो गया। घटना से नाराज परिवारजन और ग्रामीणों ने छोटकवा खेड़ा चौराहे से करीब 50 मीटर आगे सड़क पर लकड़ी-बल्लियां डालकर मार्ग जाम कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। जाम लगने से इचौली चौराहे से लेकर छोटकवाखेड़ा की ओर करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। दोनों ओर यातायात बाधित होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
खबरें और भी
पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण टक्कर मारने वाले वाहन की जल्द तलाश और आरोपित चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। सीओ प्रदीप कुमार ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद कोतवाल श्याम कुमार पाल ने भी घायल बालिका के समुचित उपचार के साथ ही वाहन की जल्द तलाश कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
ग्रामीण देशराज ने आरोप लगाया कि हादसे की सूचना देने के बाद भी पुलिस वाहन की तलाश के नाम पर उन्हें गुमराह करती रही। ग्रामीण रामभरोसे, शंकर, विनोद यादव और सज्जन लाल ने आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही के चलते कई घंटे बाद भी वाहन का पता नहीं चल सका। सीओ का कहना है कि सीसी कैमरों की फुटेज के आधार पर वाहन की तलाश की जा रही है, मुकदमा दर्ज किया जाएगा।