सऊदी अरब भेजने के नाम पर 2.70 लाख का लगाया चूना, पासपोर्ट भी हड़पा; रायबरेली के दो लोगों पर FIR दर्ज
रायबरेली के सलोन में एक युवक को सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2.70 लाख रुपये की ठगी की गई और उसका पासपोर्ट भी हड़प लिया गया। पुलिस अधीक्षक क ...और पढ़ें

HighLights
सऊदी अरब में नौकरी का झांसा देकर युवक से ठगी।
पीड़ित से 2.70 लाख रुपये और उसका पासपोर्ट हड़पा गया।
पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू।
संवादसूत्र, सलोन (रायबरेली)। ठगों ने एक युवक को सऊदी अरब में नौकरी के हसीन सपने दिखाए। जब युवक उनके जाल में फंस गया तो उससे पहले पासपोर्ट लिया, फिर धीरे धीरे कर 2.70 लाख रुपये भी ले लिए। इसके बाद वे उसे टरकाते रहे।
कुछ समय बीता तो युवक काे अपने साथ ठगी हो जाने का एहसास हुआ। उसने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
कस्बे के कच्ची मस्जिद मोहल्ला निवासी जावेद अख्तर ने पुलिस अधीक्षक से की शिकायत में बताया कि पूर्व में उनकी मुलाकात रायबरेली शहर के तिलियाकोट के रहने वाले हसीब खान और सदा खान से हुई थी। दोनों लोगों ने उन्हें विदेश में नौकरी के बारे में बताया। जावेद के अनुसार हसीब व सदा ने उन्हें विदेश में नौकरी दिलाने व सभी व्यवस्थाओं के साथ वहां भेजनेे का भरोसा दिलाया।
औपचारिकताएं पूरी करने का हवाला देकर लिया पासपोर्ट
जब वह उनकी बातें में आ गया तो आरोपितों ने वीजा मंगाने समेत अन्य औपचारिकताएं पूरी करने का हवाला देते हुए उनका पासपोर्ट ले लिया। जनवरी 2026 में आरोपितों ने उनसे कुल 2.70 लाख रुपये लिए, जिसमें 35-35 हजार रुपये दो बार में क्यूआर कोड के माध्यम से आनलाइन लिए गए, जबकि दो लाख रुपये बैंक खाते में लिए गए।
रुपये देने के कुछ समय बाद जब वह आरोपितों से नौकरी के बारे में पूछते तो आरोपित टालमटोल करने लगे। लंबा समय बीतने के बाद भी वीजा नहीं मिल सका। इसके साथ आरोपितों ने न तो उन्हें रकम वापस की, न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया।
खबरें और भी
प्रभारी निरीक्षक बालेंदु गौतम का कहना है कि तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कराई जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।