रायबरेली में आठ घंटे ठप रही 50 गांवों की बिजली आपूर्ति, सप्लाई कटने से दो लाख लोग रहे परेशान
रायबरेली के डलमऊ और अटौरा क्षेत्रों में शनिवार को लगभग आठ घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे करीब 90 गांवों के लाखों लोग प्रभावित हुए। कठगर उपकेंद्र ...और पढ़ें

HighLights
रायबरेली में 8 घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही।
डलमऊ और अटौरा के 90 गांवों में असर।
पैनल खराबी, तार बदलने व लाइन फाल्ट मुख्य कारण।
संवाद सूत्र, डलमऊ (रायबरेली)। विद्युत उपकेंद्र कठगर में पैनल की खराबी फिर कठगर फीडर के तार बदलने के कारण शनिवार को करीब आठ घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे क्षेत्र के 50 गांवों की लगभग दो लाख आबादी को उमस भरी गर्मी में बिजली संकट का सामना करना पड़ा। शाम करीब पांच बजे आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
विद्युत उपकेंद्र कठगर से सैदनपुर, खागीपुर सड़वा, राजापुर, शंकरबख्श का पुरवा, पूरे मोहकम, सांडबरा, मनेहरू, कठगर, जफरापुर, शिवा का पुरवा, बल्दी का पुरवा, अवशेरी का पुरवा, बेंद चौराहा समेत करीब 50 गांवों में बिजली आपूर्ति की जाती है।
शनिवार सुबह करीब नौ बजे अचानक आपूर्ति बाधित हो गई। पहले पैनल की खराबी दूर करने का कार्य किया गया, जिसमें करीब दो घंटे लगे। इसके बाद कठगर फीडर के जर्जर तार बदलने का काम शुरू कर दिया गया, जिससे शाम तक बिजली आपूर्ति बंद रही।
बिजली न मिलने से लोगों को पेयजल, घरेलू कार्यों और कारोबार में परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम पांच बजे बिजली मिलने पर लोगों ने राहत महसूस की। अवर अभियंता मुकेश भारती ने बताया कि पैनल की खराबी दूर करने के बाद कठगर फीडर के तार बदले गए हैं। कार्य पूरा होने के बाद शाम को बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई।
आठ घंटे गुल रही 40 गांवों की बिजली
अटौरा विद्युत उपकेंद्र को आपूर्ति देने वाली 33 केवी विद्युत लाइन में फाल्ट के कारण शनिवार को करीब आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इसके चलते करीब 20 हजार लोग परेशान रहे। वहीं धान की रोपाई में जुटे किसानों का कार्य भी प्रभावित हुआ और पेयजल संकट गहरा गया।
खबरें और भी
33 केवी लाइन में तकनीकी खराबी आने से जरिया, हसनपुर, सोइठा, नकुलहा समेत अन्य फीडरों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इससे शहजादपुर, सुल्तानपुर खेड़ा, पूरे जिया, पूरे लालजी, जयंतीपुर, बांस, काली प्रसाद का पुरवा, अलीपुर, अहमदपुर, केलौली सहित लगभग 40 गांवों में सुबह से बिजली गुल हो गई।
बिजली न मिलने से घरों में लगे सबमर्सिबल पंप और पानी की मोटरें बंद रहीं, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई। करीब आठ घंटे बाद आपूर्ति बहाल होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। जेई संजय भारती का कहना है कि लोड के कारण समस्या आ रही है, सभी फीडरों को चलाने का प्रयास किया जा रहा है।