रायबरेली में मनबढ़ों ने दरवाजे बैठी महिलाओं पर किया कुल्हाड़ी से हमला, चार लोगों की हालत गंभीर
रायबरेली के महराजगंज में दरवाजे पर बैठी महिलाओं पर मनबढ़ों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिसमें गर्भवती महिला समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामला ...और पढ़ें

HighLights
महराजगंज में दरवाजे पर बैठी महिलाओं पर हमला।
गर्भवती महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल।
पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
संवादसूत्र, महराजगंज (रायबरेली)। चंदापुर के पूरे हनुमंत सिंह ताजुद्दीन पुर गांव में दरवाजे बैठी महिलाओं पर मनबढ़ों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना में तीन महिलाओं समेत चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजा, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। क्षेत्राधिकारी मामले की जानकारी के लिए जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का बयान दर्ज किया।
शुक्रवार की रात गांव निवासी शिवकुमार के घर के दरवाजे उनकी पत्नी अर्चना, बहन सावित्री व गीता बैठी बातें कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही रमेश, सुशील, आशीष लाठी-लंडा व कुल्हाड़ी लेकर आए और गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने महिलाओं पर लाठी डंडों व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
इसी बीच बाजार से घर लौटे शिवकुमार जब बीच बचाव करने लगे तो आरोपितों ने उन्हें भी जमकर पीटा। शिवकुमार का कहना है कि उनकी गर्भवती पत्नी अर्चना के पेट में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस व ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी लाया गया।
क्षेत्राधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से बातचीत की और उनके बयान दर्ज कराए। सीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि शिवकुमार की तहरीर पर रमेश, आशीष व सुशील के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। चिकित्सकीय परीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।