विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रायबरेली : रक्षाबंधन को लेकर ट्रेनों में बढ़ने लगी भीड़, सीट ना मिलने से यात्री हो रहे परेशान

Published: Tue, 18 Aug 2026 05:03 PM (IST)

रक्षाबंधन त्योहार के कारण रायबरेली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है, जिससे ट्रेनों में सीटें मिलना मुश्किल ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. रक्षाबंधन के चलते रायबरेली स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ी।

  2. कई ट्रेनों में सितंबर माह तक सीटें पूरी तरह फुल।

  3. यात्रियों को सीट न मिलने से यात्रा में हो रही परेशानी।

जागरण संवाददाता, रायबरेली। रक्षाबंधन त्योहार को लेकर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। रायबरेली होकर आने-जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कई ट्रेनों में सीटें अधिकांश फुल चल रही हैं, जिससे यात्रियों को सफर के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

त्योहार पर बहनों के अपने भाइयों के घर जाने और वापस लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसके चलते रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मों पर भी सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक यात्री नजर आ रहे हैं। ट्रेनों के सामान्य कोच में भीड़ अधिक होने के कारण यात्रियों को सीट मिलने में दिक्कत हो रही है। आरक्षित श्रेणी में भी कई ट्रेनों में सीटें उपलब्ध नहीं हैं। रक्षाबंधन 28 अगस्त को है।

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ रही भीड़

त्योहार नजदीक आने के साथ ट्रेनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है। खासकर दूरदराज जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। परिवार के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को आरक्षण नहीं मिलने पर सामान्य कोच में सफर करना पड़ रहा है। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ाने की जरूरत है।

यह भी पढ़ें- रेलवे ने किया बड़ा बदलाव, अब प्राइवेट कंपनी संभालेगी पूछताछ और सहयोग केंद्र की कमान

यात्रियों को ट्रेन में चढ़ते और उतरते समय सावधानी बरतने के साथ अपने सामान की सुरक्षा रखने की सलाह दी जा रही है। रिजर्वेशन विभाग के अधीक्षक सरोज ने बताया कि जनता एक्सप्रेस , काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ,अमृतसर-हावड़ा मेल, अर्चना एक्सप्रेस , नीलांचल एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों में रिजर्वेशन पूरे सितंबर माह तक हाऊस फुल चल रही है। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी एके सिंह का कहना है कि यात्रियों की आवाजाही त्योहार को लेकर अभी से बढ़ने पर सतर्कता बरती जा रही है।