चेन पुलिंग रोकने पर RPF का फोकस, रायबरेली रेलवे स्टेशन पर लाउड हेलर से यात्रियों को दिए जाएंगे सुरक्षा निर्देश
रायबरेली रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ यात्रियों को जागरूक करने के लिए लाउड हेलर का इस्तेमाल करेगी। इसका उद्देश्य अनावश्यक चेन पुलिंग रोकने और सुरक्षित यात्र ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
आरपीएफ रायबरेली स्टेशन पर लाउड हेलर का उपयोग करेगी।
यात्रियों को चेन पुलिंग रोकने और सुरक्षा नियमों की जानकारी।
सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने हेतु यह नई पहल शुरू।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। रेलवे स्टेशन पर अब यात्रियों को जागरूक करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से लाउड हेलर का इस्तेमाल किया जाएगा। इसकी पहल शुरू कर दी गई है। इसके तहत ट्रेन में चेन पुलिंग करने से होने वाले नुकसान समेत अन्य सुरक्षा संबंधी जानकारी यात्रियों को दी जाएगी।
स्टेशन पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान आरपीएफ जवान प्लेटफार्म पर मौजूद रहकर यात्रियों को लाउड हेलर के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। यात्रियों से अपील की जाएगी कि बिना किसी उचित कारण के ट्रेन की चेन न खींचें। अनावश्यक चेन पुलिंग से ट्रेन को रोकने में समय लगता है, जिससे यात्रियों के साथ ही रेलवे संचालन भी प्रभावित होता है।
इसके अलावा रेलवे ट्रैक पार न करने, चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने व संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने के लिए भी जागरूक किया जाएगा। आरपीएफ की इस नई पहल का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करने के साथ रेलवे नियमों का पालन कराने का है। वरिष्ठ सहायक मंडल आयुक्त रेल सुरक्षा बल बीएन मिश्र ने बताया कि सभी स्टेशन पर भीड़भाड़ व ट्रेन के रुकने के दौरान यात्रियों को लगातार जरूरी जानकारी दी जाएगी।
इससे यात्रियों में सुरक्षा के प्रति जागरुकता बढ़ेगी। रेलवे नियमों के उल्लंघन की घटनाओं पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी एके सिंह का कहना है कि विभागीय पहल शुरू कर दी गई है।