रामपुर: ईंट भट्ठे के 20 फीट गहरे गड्ढे में डूबने से वंश की मौत, बेटे की मृत्यु से परिवार में मचा कोहराम
ग्रामीणों ने भट्ठा संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संचालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ...और पढ़ें

इसी गड्ढे में डूबा वंश। फाइल फोटो।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, पटवाई। बच्चों के साथ खेलते हुए ईंट भट्ठे पर पहुंचा पांच वर्षीय मासूम पानी भरे गड्ढे में डूब गया। दो घंटे बाद वहां काम कर रहे मजदूरों की निगाह पानी में तैरते शव पर पड़ी तब घटना की जानकारी हुई। मृतक पांच बहनों में इकलौता भाई था। स्वजन में चीख-पुकार मची है। वहीं हादसे के लिए भट्ठा संचालक को जिम्मेदार ठहराते हुए लोगों ने हंगामा भी किया।
पांच बहनों में अकेला था मासूम वंश, परिवार में मची चीख-पुकार
सहविया खुर्द गांव के नजदीक जामी ब्रिक फील्ड के नाम से भट्ठा संचालित है। भट्ठे के पीछे खेत पर कच्ची इंटों के निर्माण का कार्य चल रहा है। वहीं पर गड्ढे में पानी भरा है। इसी गांव के रहने वाले प्रेम सिंह का पांच वर्षीय पुत्र वंश अपने कुछ साथियों के साथ खेलते हुए भट्ठे पर पहुंच गया। खेल-खेल में अन्य साथी लौट गए जबकि, वंश दोपहर करीब तीन बजे पानी भरे गड्ढे के पास पहुंच गया। यहां पैर फिसलने की वजह से वंश गड्ढे में गिर गया। इसकी भनक किसी को नहीं लगी।
दो घंटे बाद वंश का शव पानी में उतराता नजर आया
लगभग दो घंटे बाद भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों ने की नजर जब गड्ढे में पड़ी तो वंश का शव पानी में उतराता नजर आया। इसके बाद पानी में उतरकर मजदूरों ने शव को पानी से बाहर निकाला। इसकी सूचना वंश के स्वजन को दी गई। चीखते चिल्लाते वह भी मौके पर पहुंचे। आननफानन में वंश को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त भट्ठा ग्राम शीशगढ़ निवासी तस्लीम अपने कुछ साथियों के साथ ठेके पर चलाता है। हादसे की जानकारी मिलते ही मौका पाकर वह मौके से फरार हो गया।
20 फीट गहरा है गड्ढा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने भट्ठा पर काम कर रहे एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। ग्रामीणों ने बताया कि यह गड्ढा लगभग 20 फीट गहरा है। इसमें गिरकर बच्चा क्या बड़ा भी डूब सकता है। इसके बावजूद भट्ठा संचालक इसको लेकर लापरवाह बना रहा। उन्होंने उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मौके पर पहुंची 112-पुलिस टीम ने समझा-बुझाकर ग्रामीणों को शांत किया।
खबरें और भी
थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आरोपित भट्ठा संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।