रामपुर में CBI का फिर डेरा: चाइल्ड पोर्नोग्राफी केस में जब्त डिजिटल डेटा खंगालने पहुंची दिल्ली की टीम, बड़ी कार्रवाई के संकेत
दिल्ली से सीबीआई की टीम चाइल्ड पोर्नोग्राफी मामले की जांच के लिए दोबारा रामपुर पहुंची है। टीम जब्त किए गए डिजिटल डेटा की छानबीन कर रही है और बड़ी कार् ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
29 जून को स्वार क्षेत्र से मोबाइल और लैपटाप जब्त कर ले गई थी अपने साथ
जागरण संवाददाता, रामपुर। दिल्ली से सेंट्रल ब्यूरो इंवेस्टिगेशन (सीबीआई) की टीम ने शुक्रवार को रामपुर में डेरा डाल दिया है। फिलहाल दिन में टीम पुलिस अधिकारियों के संपर्क में रहकर कुछ जानकारियां हासिल करती रही। इसके अलावा कहीं दबिश नहीं दी है। टीम के रामपुर में ही रुकने से कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही वह कोई बड़ी कार्रवाई कर सकती है।
महीने भर पहले आई सीबीआई ने प्रतिबंधित पोर्न फिल्म देखे जाने को लेकर स्वार क्षेत्र में लंबी पूछताछ की थी। माना जा रहा है कि उसी सिलसिले में ही टीम दोबारा आई है। दिल्ली से सुबह रामपुर पहुंची सीबीआई की टीम ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों से संपर्क साध लिया। कुछ लोगों के बारे में खुफिया जानकारी भी जुटाती रही।
मगर किसी व्यक्ति विशेष के यहां पूछताछ के लिए टीम क्षेत्र में नहीं निकली। 29 जून को सीबीआई की टीम स्वार के मुहल्ला रसूलपुर स्थित जमील कुरैशी के आवास पर छापेमारी कर घर के लोगों से लंबी पूछताछ की थी। कार्रवाई के दौरान परिवार के सदस्यों द्वारा प्रयोग किए जा रहे मोबाइल फोन और लैपटाप में मिली आपत्तिजनक सामग्री को लेकर तरह-तरह के सवाल किए थे।
जमील कुरैशी के छोटे बेटे अली रजा जो तहसील में एक अधिवक्ता के यहां मुंशी के रूप में कार्यरत हैं, उनके लैपटॉप के प्रयोग को लेकर भी कई सवाल किए थे। अधिकारियों ने मोबाइल फोन और लैपटॉप के डेटा की जांच के लिए उन्हें जब्त कर लिया था।
खबरें और भी
स्वजन के अनुसार, सीबीआई के अधिकारियों ने बताया था कि एक मुकदमे की विवेचना के सिलसिले में न्यायालय से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर यह कार्रवाई की गई थी। बताया जाता है कि टीम उसी प्रकरण की आगे की छानबीन के लिए ही दोबारा रामपुर पहुंची है। हालांकि, शुक्रवार को रसूलपुर न जाने से उसका किसी अन्य प्रकरण में आने की चर्चा भी हो रही है।
उल्लेखनीय है कि पिछली बार जब सीबीआई की टीम रसूलपुर पहुंची थी तब करीब साढ़े सात घंटे तक तलाशी अभियान चलाने के बाद डिजिटल डेटा अपने साथ लेकर वापस लौटी थी। बताया जा रहा है कि अब एकत्र किए गए डेटा का विश्लेषण करने के बाद टीम दोबारा रसूलपुर जाकर परिवार के सदस्यों से आगे की पूछताछ कर सकती है।
चाइल्ड पोर्नोग्राफी की चल रही विवेचना
सीबीआई के दोबारा रामपुर पहुंचने पर खलबली मची है। माना जा रहा है कि वह चाइल्ड पोर्नोग्राफी के एक प्रकरण की विवेचना को अंतिम रूप देने के लिए ही आई है। रसूलपुर के जमील कुरैशी के तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा अमान कुरैशी केरल में सैलून चलाता है।
दूसरा बेटा इंतेकाब कुरैशी पुणे में सिलाई का काम करता है, जबकि सबसे छोटा बेटा अली रजा तहसील में एक अधिवक्ता के यहां मुंशी के रूप में कार्यरत है। वह स्वयं मीट की दुकान चलाते हैं।
सीबीआई चाइल्ड पोर्नोग्राफी के जिस मुकदमे की विवेचना कर रही है उसमें न्यायालय से सर्च वारंट लेकर ही पिछली बार जमील कुरैशी के घर पहुंची थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि टीम अब दोबारा रसूलपुर पहुंच सकती है।