अनाथ हुए मासूम: पेट्रोल भराने मुड़े थे IFTM के प्रोफेसर, पीछे से आई मौत ने उजाड़ दिया हंसता-खेलता परिवार
रामपुर के शाहबाद में पेट्रोल भरवाने जा रहे आईएफटीएम विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर लक्ष्मी प्रसाद और उनकी पत्नी पुष्पा की तेज रफ्तार कार की टक्कर ...और पढ़ें

शाहबाद में हुए हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन और मृतक लक्ष्मी प्रसाद व पुष्पा का फाइल फोटो
HighLights
आइएफटीएम विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर थे मृतक लक्ष्मी प्रसाद
संवाद सहयोगी, शाहबाद (रामपुर)। पेट्रोल भरवाने के लिए सड़क किनारे मुड़ रहे बाइक सवार दंपति को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक मुरादाबाद के निजी विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर थे। बरेली निवासी आरोपित कार चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
नगर के मुहल्ला भीतरगांव निवासी लक्ष्मी प्रसाद मुरादाबाद जनपद के पाकबड़ा स्थित आईएफटीएम विश्वविद्यालय में बीते छह वर्षों से पालिटिकल साइंस विभाग में बतौर असिस्टेंट प्रोफेसर अपनी सेवाएं दे रहे थे। वह अपने परिवार के साथ पाकबड़ा क्षेत्र के समाथल में किराये के मकान में रहते थे।
बुधवार को वह किसी कार्य से अपनी पत्नी पुष्पा के साथ भीतरगांव स्थित अपने पैतृक आवास पर आए थे। भीतरगांव में ही रात बिताने के बाद गुरुवार सुबह बाइक से वापस मुरादाबाद के लिए निकले थे। सुबह लगभग दस बजे वह करीमगंज गांव के पास राणा शुगर मिल के सामने पेट्रोल भरवाने के लिए बाइक को पंप की ओर मोड़ना चाहा तभी पीछे से तेज गति में आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में पति-पत्नी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक व कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद कार चालक ने खुद ही पुलिस को फोन कर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
खबरें और भी
दारोगा अतिशय जैन ने बताया कि आरोपित कार चालक मेहराज मनौना धाम आंवला जिला बरेली का रहने वाला है। उसे हिरासत में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आ रही है। मृतक के छोटे भाई अमरपाल की ओर से तहरीर दी जा रही है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक दंपती की बेटी अवनि 11वीं में जबकि, बेटा अवि कक्षा तीन का छात्र है। दोनों समथल में ही रहते हैं। सूचना पर आइएफटीएम विश्वविद्यालय में भी शोक की लहर दौड़ गई। पूरा स्टाफ लक्ष्मी प्रसाद के घर पहुंचकर स्वजन को ढांढस बंधाया। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।