Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रामपुर का AC मैकेनिक निकला पाक गैंगस्टर का गुर्गा, ISI कनेक्शन के शक में ATS ने गयास को दबोचा

    Updated: Thu, 14 May 2026 03:59 PM (GMT+05:30)

    लखनऊ एटीएस ने रामपुर के एसी मैकेनिक गयास पाशा को पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से संपर्क और देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार ...और पढ़ें

    गयास का फाइल फोटो।

    गयास का फाइल फोटो।

    HighLights

    1. दिल्ली में एसी मकैनिक के रूप में काम करता था आरोपित युवक

    जागरण संवाददाता, रामपुर। पाकिस्तानी गुप्तचर एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) और पाक‍िस्‍तानी गैंगस्‍टर शहजाद भट्टी के संपर्क में रहे रामपुर सिविल लाइंस क्षेत्र के गांव ताश का मझरा निवासी गयास पाशा को लखनऊ आतंकवाद विरोधी दस्ता (एटीएस) ने सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया।

    वह देश विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा था। एटीएस उसे लखनऊ ले गई है। हालांकि, एटीएस की ओर से अभी इस संबंध में अधिकृत जानकारी नहीं दी गई है।

    थाना सिविल लाइंस के ग्राम ताश का मझरा का रहने वाला गयास पाशा एयर कंडीशनर का मैकेनिक है। वह दिल्ली में रहकर काम करता था। एटीएस की टीम कई दिन से उस पर नजर रखे थी। वह इंटरनेट मीडिया के जरिए देश विरोधी गतिविधियों में शामिल पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में था।

    इससे पूर्व एटीएस ने कुशीनगर और बाराबंकी के भी दो युवकों को उठाया था। उनके जरिए ही रामपुर के युवक तक एटीएस पहुंची। इंटरनेट मीडिया के जरिए इन युवकों का पाकिस्तानी होने की जानकारी मिलते ही एटीएस सक्रिय हो गई थी। सोमवार की रात एटीएस उसे रामपुर से दबोच कर अपने साथ लखनऊ ले गई।

    खुफिया सूत्रों के मुताबिक गयास पाकिस्तान के शहजाद भट्टी गैंग के सीधे संपर्क में था। शहजाद भट्टी पाकिस्तान का कुख्यात गैंगस्टर और वांछित अपराधी है, जो दुबई में रहकर अपना अंतरराष्ट्रीय क्राइम नेटवर्क चलाता है। आइएसआइ के इशारे पर भारत में हथियार व ड्रग्स तस्करी और टारगेट किलिंग में भी शामिल है।

    खबरें और भी

    वह पाकिस्तान के माफिया फारूक खोकर का करीबी है और भारत के खिलाफ सक्रिय है। सामान्यत: उस पर सीमा पार से अवैध वस्तुओं की तस्करी में शामिल होने के आरोप लगते रहे हैं। एसपी सोमेंद्र मीना ने बताया कि एटीएस द्वारा आतंकी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में एक युवक के खिलाफ कार्रवाई की सूचना मिली है। हालांकि, इस संबंध में कोई अधिकृत जानकारी नहीं है।

    देश विरोधी गतिविधियों में तीन और आरोपित हैं जेल में

    एटीएस द्वारा गयास पाशा को उठाए जाने के बाद एक बार फिर रामपुर का नाम देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता को लेकर चर्चा में है। इससे पूर्व भी देश विरोधी गतिविधियों में तीन युवक जेल भेजे जा चुके हैं। इनमें 18 मई 2025 को टांडा के मुहल्ला आजादनगर निवासी शहजाद को लखनऊ एटीएस ने गिरफ्तार किया था।

    उस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ के लिए जासूसी करने का आरोप लगा था। वह मसालों के व्यापार की आड़ में सीमा पार संदिग्ध गतिविधियों में शामिल था। उसके कई बार पाकिस्तान जाने और वहां के आइएसआइ एजेंट के संपर्क में होने की जानकारी एटीएस को मिली थी।

    इसी तरह 28 सितंबर 2025 को उत्तर प्रदेश एटीएस ने जिले के थाना खजुरिया क्षेत्र के सराय कदीम गांव में छापा मारकर 23 साल के कासिम अली को गिरफ्तार किया था।

    उस पर आरोप था कि वह कट्टरपंथी पाकिस्तानी संगठनों से प्रभावित होकर भारत में हिंसात्मक जिहाद के माध्यम से सरकार को गिराकर, हथियारों के बल पर शरिया कानून लागू करने की योजना बना रहा था। इसके साथ ही उसकी मुजाहिद्दीन आर्मी बनाने की भी योजना थी।

    सुल्तानपुर और सोनभद्र से भी उसके दो अन्य साथी गिरफ्तार किए गए थे। वहीं, इसी वर्ष 25 जनवरी को गुजरात एटीएस ने नरपतनगर निवासी फैजान सलमानी को आतंकी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है। तीनों आरोपित अभी जेल में हैं।

    यह भी पढ़ें- आजम खान को राहत! रामपुर की स्पेशल कोर्ट ने शत्रु संपत्ति केस में दी जमानत, लेकिन जेल से नहीं आएंगे बाहर