रामपुर डबल मर्डर केस: पूर्व भाजपा नेता समेत 8 पर था आरोप, 14 साल बाद अंतिम बहस शुरू
रामपुर में 14 साल पुराने दोहरे हत्याकांड का मुकदमा अब अंतिम चरण में है। सिविल लाइंस क्षेत्र में 2012 में अजय यादव और जुल्फिकार के शव नाले में मिले थे। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में दो दोस्तों की नाले में मिली थी लाश
जागरण संवाददाता, रामपुर। सिविल लाइंस में 14 साल पहले हुआ दोहरे हत्याकांड का मुकदमा निस्तारण के करीब पहुंच गया है। इस मुकदमे की गवाही की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब पत्रावली अंतिम बहस पर आ गई है। सोमवार को बहस होनी थी, लेकिन अधिवक्ताओं के कार्य न करने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। अब मंगलवार को बहस होगी।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ज्वालानगर शिव विहार कालोनी में 17 मार्च 2012 को सवेरे नाले में दो युवकों के शव मिले थे। दो बाइक भी नाले में पड़ी थी। दोनों की शिनाख्त आगापुर निवासी अजय यादव और भोट थाना क्षेत्र के मिलक बिचौला गांव निवासी जुल्फिकार के रूप में हुई थी। दोनों दोस्त थे। मृतक के स्वजन की ओर से आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
मुकदमे में ज्वालानगर निवासी शिव सेना जिला प्रमुख अनुराग शर्मा, भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष व सभासद के पति अवधेश शर्मा, आगापुर निवासी प्रदीप पंडित, शहजादनगर थाना क्षेत्र के रायपुर का मझरा निवासी कल्लू, मुरादाबाद जनपद के थाना मूंढापांडे अंतर्गत धतुर्रा मेघानगला गांव निवासी मुकेश, उसका भाई बंटी, जनपद बदायूं के थाना मिठवा निवासी विक्की पंडित और ज्वालानगर निवासी वसीउर्रहमान उर्फ शबलू को नामजद किया था।
पुलिस ने विवेचना के बाद आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था। मुकदमे की सुनवाई सेशन कोर्ट में चल रही है। इनमें एक आरोपित अनुराग शर्मा की मृत्यु हो चुकी है। उनकी भी हत्या की गई थी।
जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी अमित कुमार सक्सेना के अनुसार मुकदमा फैसले के करीब पहुंच चुका है। दोनों पक्षों की गवाही पूरी हो चुकी है। सोमवार को अधिवक्ताओंं के कार्य न करने के कारण बहस नही हो सकी। अब मंगलवार को बहस होगी।