रामपुर में बारिश के दौरान बंद नहीं होगा रास्ता! घूघा नदी पर 4.67 करोड़ के पुल को हरी झंडी, ₹95 लाख जारी
रामपुर के स्वार क्षेत्र में घूघा नदी पर 4.67 करोड़ रुपये की लागत से लघु सेतु का निर्माण होगा, जिसके ...और पढ़ें

एआई इमेज है।
जागरण संवाददाता, रामपुर। स्वार क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन को सुगम बनाने वाली एक महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी मिल गई है। छिद्दा नगला-हुसेनगंज मार्ग से नूरपुर-पुस्वाड़ा मार्ग के मध्य घूघा नदी पर लघु सेतु बनाया जाएगा। सेतु के साथ पहुंच मार्ग और अतिरिक्त पहुंच मार्ग का भी निर्माण कराया जाएगा। करीब 4.67 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के लिए शासन स्तर से 95.26 लाख रुपये की पहली धनराशि जारी कर दी गई है।
स्वार क्षेत्र में घुघा नदी के कारण आसपास के गांवों के लोगों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता रहा है। नदी के दोनों ओर बसे गांवों के लोगों को दूसरे मार्गों का सहारा लेना पड़ता है।
बरसात के दिनों में समस्या और अधिक बढ़ जाती है, जब नदी में पानी बढ़ने से आवाजाही प्रभावित होने लगती है। ऐसे में प्रस्तावित लघु सेतु क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। परियोजना के तहत घूघा नदी पर तीन स्पेन का सेतु तैयार किया जाएगा।
प्रत्येक स्पेन की लंबाई 18 मीटर होगी। इसके अलावा सेतु तक पहुंचने के लिए पहुंच मार्ग और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पहुंच मार्ग भी बनाया जाएगा, ताकि लोगों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके। इस परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 467.29 लाख रुपये है।
निर्माण कार्य शुरू कराने को फिलहाल 95.26 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है। धनराशि मिलने के बाद परियोजना को गति मिलने की उम्मीद है। सेतु बनने के बाद छिददा नगला, हुसेनगंज, नूरपुर और पुस्वाड़ा समेत आसपास के गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
स्थानीय लोगों को तहसील मुख्यालय, बाजार, स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने में आसानी होगी। किसानों के लिए भी यह सेतु उपयोगी साबित होगा, क्योंकि कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाने के लिए बेहतर और छोटा मार्ग उपलब्ध हो सकेगा।
लंबे समय से क्षेत्र के लोगों को जिस स्थायी संपर्क मार्ग का इंतजार था, अब उसके पूरा होने की उम्मीद जगी है। घूघा नदी पर बनने वाला यह लघु सेतु केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि स्वार क्षेत्र के कई गांवों की दूरी कम करने और विकास की रफ्तार बढ़ाने वाला अहम कदम माना जा रहा है।
