सावन के अगले दिन से ही हाईवे पर लागू होगा रूट डायवर्जन, दिल्ली-बरेली जाने वाले अभी से देख लें नया ट्रैफिक प्लान
सावन शुरू होते ही 31 जुलाई से रामपुर में हाईवे पर रूट डायवर्जन लागू होगा, जिसमें भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा क ...और पढ़ें

मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निरीक्षण करते पुलिस अधिकारी। जागरण
HighLights
तीन अगस्त को पहला सावन का सोमवार, पहले ही लागू होती है डायवर्जन की व्यवस्थ
जागरण संवाददाता, रामपुर। सावन में कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। 30 जुलाई से सावन शुरू हो रहा है। तीन अगस्त को पहला सोमवार होगा। ऐसे में 31 जुलाई को पड़ रहे शुक्रवार की शाम से हाईवे पर रूट डायवर्जन किया जाएगा। भारी वाहनों को हाईवे पर नहीं चलने दिया जाएगा। प्रशासन ने रूट डायवर्जन को लेकर तैयारियां कर ली हैं।
करीब 1200 पुलिसकर्मी कांवड़ ड्यूटी में लगाए जाएंगे। इनके अतिरिक्त होमगार्ड और पीआरडी जवान भी तैनात होंगे। रूट डायवर्जन के दिन तय हो गए हैं। कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने एप भी तैयार किया है। इसके माध्यम से पुलिस कांवड़ लेने लाने वाले शिव भक्तों की निगरानी कर सकेगी। उन्हें रास्ते में कहीं भी कोई दिक्कत होने पर तुरंत मदद पहुंचाई जाएगी।
मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ होने पर सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ ही सीसी कैमरे लगाए जाएंगे। ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रियों के लिए पुलिस की ओर से कोसी पुल जीरो प्वाइंट पर शिविर लगाया जाएगा। यहां उनके जलपान व विश्राम की व्यवस्था रहेगी। कांवड़ यात्रा मार्ग का उनके द्वारा निरीक्षण कर लिया गया है।
कांवड़ मार्ग पर ड्यूटी देंगे ये जवान: कांवड़ मार्ग पर सात सीओ, 40 निरीक्षक, 250 उप निरीक्षक, 780 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 165 महिला आरक्षी तैनात रहेंगे। इसके अतिरिक्त होमगार्डस एवं पीआरडी जवानों को भी लगाया जाएगा। साथ ही यूपी 112 पीआरवी की ड्यूटियां भी लगाई गई हैं।
खबरें और भी
डायवर्जन: यह रहेगी यातायात व्यवस्था
बरेली-आंवला-सिरौली होकर शाहबाद आने वाले वाहन को शाहबाद-ढकिया-बिसौली-बहजोई बबराला से अनूपशहर एवं शाहबाद-सैफनी-बिलारी-चन्दौसी-बबराला (बदायूं) नरौरा (बुलंदशहर) होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
बरेली-मीरगंज (बरेली) व अन्य संपर्क मार्गों से मिलक तक आने वाले वाहनों को कस्बा मिलक तीन बत्ती तिराहा से पटवाई, शाहबाद, बिलारी, चन्दौसी, बबराला, नरौरा (बुलंदशहर) होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
बरेली-मिलक रामपुर-मुरादाबाद-दिल्ली जाने वाले वाहनों को रामपुर बाइपास पर अजीतपुर बाइपास पुल से डायवर्ट कर शाहबाद की ओर शाहबाद-सैफनी-बिलारी/चन्दौसी-बबराला अनूपशहर होते हुए दिल्ली जाएंगे।
रूद्रपुर उत्तराखंड से वाया रामपुर होते हुए दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को जौहर पुलिया बाइपास जीरो प्वांइट शहजादनगर के लिए डायवर्ट करते हुए अजीतपुर बाइपास पुल से डायवर्ट कर शाहबाद की ओर से सैफनी-बिलारी, चन्दौसी-बबराला अनूपशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
बाजपुर एवं काशीपुर की ओर से मुरादाबाद होकर दिल्ली जाने वाले वाहनों को बाजपुर टांडा मार्ग स्थित मानपुर तिराहे से डायवर्ट कर स्वार निकाला जाएगा। यहां से वाहन खौद चौराहा से जौहर पुलिया बाइपास जीरो प्वाइंट शहजादनगर से अजीतपुर बाइपास पुल से डायवर्ट कर शाहबाद रोड की ओर भेजे जाएंगे।
मुरादाबाद से रूद्रपुर को जाने वाला वाला यातायात रामपुर कोसी जीरो प्वांइट से रामपुर बाइपास होते हुए शहजादनगर जीरो प्वाइंट से जौहर पुलिया होते हुए बिलासपुर की ओर वन-वे पर जाने दिया जाएगा।
ऐसे काम करेगा मोबाइल एप
जिले की पुलिस ने कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराने के लिए कांवड़ जत्था मोबाइल एप तैयार किया है। इसके माध्यम से पुलिस कांवड़ लेने लाने वाले शिव भक्तों की निगरानी कर सकेगी। उन्हें रास्ते में कहीं भी कोई दिक्कत होने पर तुरंत मदद पहुंचाई जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि जिले से जाने वाले सभी कांवड़ यात्रियों को कार्ड जारी किया जाएगा।
कार्ड में क्यूआर कोड होगा। कांवड़ यात्री अपने मोबाइल से क्यूआर कोड को स्कैन करेंगे, जिससे एप उनके मोबाइल में डाउनलोड हो जाएगा। कांवड़ यात्री इसमें अपना नाम, पता भरेंगे। एप को खोलते ही उनकी लोकेशन गूगल मैप पर दिखाई देने लगेगी। इसमें कुशलता और परेशानी का आप्शन दिया है। इस आप्शन पर क्लिक करते ही यहां उनके बारे में जानकारी मिल जाएगी।
यदि परेशानी वाला आप्शन क्लिक किया जाएगा तो तुरंत उनकी लोकेशन और मोबाइल नंबर संबंधित जिले की पुलिस को भेज दिया जाएगा। वहां की पुलिस उनके पास पहुंच जाएगी और हर संभव मदद करेगी। मोबाइल एप प्रयोग करते समय कांवड़ियों को मोबाइल की लोकेशन आन रखनी होगी।