रामपुर: रेडिको खेतान के AGM के अपहरण की कोशिश, ब्लैकलिस्टेड ट्रांसपोर्टर ने बीच सड़क पर घेरी कार
रामपुर में एक ट्रांसपोर्टर ने शराब फैक्ट्री के सहायक महाप्रबंधक (AGM) के अपहरण का प्रयास किया। खराब काम के कारण ब्लैकलिस्ट किए जाने से नाराज ट्रांसपोर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
ट्रांसपोर्ट कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने पर अधिकारी से नाराज था आरोपित ट्रांसपोर्टर
जागरण संवाददाता, रामपुर। ट्रांसपोर्ट कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने से नाराज ट्रांसपोर्टर ने शराब फैक्ट्री के अधिकारी के अपहरण का प्रयास किया। अधिकारी को जान से मारने की धमकी दी। अधिकारी की शिकायत पर सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने ट्रांसपोर्टर समेत दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
प्राथमिकी दर्ज कराने वाले अधिकारी सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के शिवापुरम कालोनी निवासी पवन कुमार अग्रवाल हैं। वह शराब फैक्ट्री रेडिको खेतान में सहायक महाप्रबंधक हैं। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में मैसर्स बालाजी रोड लाइंस के नाम से ट्रांसपोर्ट कंपनी लगी थी, जिसे राहुल नरुला चलाते हैं। काम सही न होने के कारण उन्होंने राहुल नरुला की कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर उनकी गाड़ियों को हटा दिया था।
इस कारण राहुल उनसे रंजिश मानने लगा। नौ मार्च को दोपहर में लंच के बाद वह फैक्ट्री जा रहे थे। उनके साथ गाड़ी में फैक्ट्री में एजीएम अरविंद यादव भी थे। आराेप है कि फैक्ट्री से पहले बरेली रोड पर ट्रांसपोर्टर ने उनकी कार को जबरन रोक लिया और अपने साथी की मदद से उन्हें नीचे उतारकर अपनी गाड़ी में जबरन डालकर ले जाने का प्रयास किया। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर आ गए।
भीड़ बढ़ने पर ट्रांसपोर्टर और उसका साथी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। अधिकारी ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी दी। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी ओमकार सिंह ने बताया कि जांच के बाद आरोपित ट्रांसपोर्टर राहुल नरुला व उसके अज्ञात साथी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।