Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    UP Business News: रामपुर में लगेगा उद्योगों का मेला, योगी सरकार की इस बड़ी योजना से चमकेगी युवाओं की किस्मत

    Updated: Fri, 29 May 2026 04:18 AM (IST)

    रामपुर में 50 एकड़ भूमि पर सरदार वल्लभ भाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक जोन स्थापित किया जाएगा। यह जोन रोजगार देने और पाने वालों को एक छत के नीचे सभी सुवि ...और पढ़ें

    एआई जेनरेटेड इमेज है।

    एआई जेनरेटेड इमेज है।

    HighLights

    1. जोन में औद्योगिक इकाइयों के साथ-साथ कौशल प्रशिक्षण केंद्र, टेस्टिंग लैब और बैंकिंग की भी होगी व्यवस्था

    भास्कर सिंह, रामपुर। प्रदेश सरकार की उद्योगों को बढ़ावा देने की मुहिम का असर होने लगा है। जिले में उद्योगों की संख्या बढ़ रही है। इनवेस्टर समिट के बाद से यहां पांच हजार से अधिक उद्योग लगाने के आवेदन आए। इनमें 80 औद्योगिक इकाइयां तो चालू भी हो गई हैं। यही स्थिति रही तो आने वाले समय में उद्योग के लिए जगह कम पड़ जाएगी। इसके चलते उद्यमी लंबे समय से औद्योगिक पार्क बनाए जाने की मांग कर रहे हैं।

    उनकी यह मांग पूरी हो गई है। जल्द ही जिले में रोजगार से जुड़े औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सरदार वल्लभ भाई पटेल इम्प्लाइमेंट एंड इंडस्ट्रीयल जोन स्थापित किया जाएगा। यह इंडस्ट्रीयल जोन 50 एकड़ भूमि पर बनेगा, जहां एक छत के नीचे रोजगार देने और रोजगार पाने वालों दोनों को सभी सुविधाएं मुहैया होंगी। जिले में वर्तमान में छोटे-बड़े करीब पांच हजार उद्योग संचालित हैं।

    इनके मुकाबले यहां औद्योगिक एरिया बहुत कम हैं। सिविल लाइंस क्षेत्र में दो औद्योगिक एरिया रोशन बाग और अजीतपुर में हैं। यहां सभी भूखंड पर औद्योगिक इकाइयां स्थापित हैं। ऐसे में लंबे समय से यहां औद्योगिक इकाइयाें के लिए जगह की मांग की जा रही है। पांच सितंबर 2022 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिजिकल मैदान में हुई जन सभा में बिलासपुर में इंडस्ट्रीयल एरिया बनाने की घोषणा की थी।

    इस पर अमल के लिए प्रयास भी किए गए, लेकिन जिस जगह का चयन किया गया, वहां के लोग उसे सीलिंग की बताते हुए हाई कोर्ट चले गए। इसके बाद यह प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया था। अब प्रदेश सरकार सभी 75 जिलों में सरदार वल्लभ भाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र योजना लागू कर रही है।

    खबरें और भी

    यह सुविधाएं मिलेंगी

    इस जोन में पहले से निर्मित फैक्ट्री शेड और फ्लैटेड फैक्ट्रीज उपलब्ध होंगी, ताकि उद्यमियों को जमीन और बुनियादी ढांचे के लिए परेशान न होना पड़े। यहां निर्मित बहुमंजिला इमारत में वे मशीनें लगाकर तुरंत अपना काम शुरू कर सकेंगे।

    यहां औद्योगिक इकाइयों के साथ-साथ कौशल प्रशिक्षण केंद्र, रोजगार कार्यालय, टेस्टिंग लैब्स, बैंकिंग सुविधाएं और एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के लिए प्रदर्शन केंद्र (डिस्प्ले एरिया) जैसी सुविधाएं एक छत के नीचे मौजूद होंगे।

    नौकरी या कारोबार शुरू करने के इच्छुक युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार प्रशिक्षित किया जाएगा और उन्हें उनकी रुचि के अनुसार नौकरियां या स्वरोजगार के अवसर दिए जाएंगे। उद्योग लगाने और कामगार दोनों को इसका लाभ मिलेगा। कामगारों के रहने की भी यहां व्यवस्था होगी।

     

    प्रदेश के सभी जिलों में सरदार पटेल इंडस्ट्रीयल जोन बनाया जाना है। इंडस्ट्रीयल जोन 50 एकड़ भूमि पर बनेगा। इतनी अधिक जमीन दिलाने के लिए जिलाधिकारी से अनुरोध किया जाएगा। जमीन मिलने के बाद बाद वहां इंडस्ट्रीयल जोन बनेगा।

    - अनुराग यादव, उपायुक्त उद्योग।


    यह भी पढ़ें- आजम खान की बढ़ी सजा ने बदला रामपुर का सियासी समीकरण, 2027 में सपा के लिए गढ़ बचाना मुश्किल!