मैसेज को हल्के में लेना पड़ा भारी! रामपुर में 343 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की बत्ती गुल, जानें पूरा मामला
रामपुर में 343 प्री-पेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की बिजली काट दी गई है। इन पर विभाग का 30.50 लाख रुपये बकाया था, जिसकी अनदेखी करने पर यह कार्रवाई हुई। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
सप्लाई बाधित होते ही 50 से अधिक उपभोक्ता पहुंचे बिजलीघर, किया प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, रामपुर। निगेटिव बैलेंस के संदेश की लगातार अनदेखी करते आ रहे करीब साढ़े तीन सौ उपभोक्ताओं की सोमवार को बत्ती गुल कर दी गई। यह सभी प्री-पेड उपभोक्ता हैं। इन पर विभाग का तकरीबन 30.50 लाख रुपये बकाया हो गए हैं। इस कारण विभाग ने इनके कनेक्शन काट दिए।
आपूर्ति गुल होने पर संबंधित उपभोक्ताओं में खलबली मच गई। सोमवार की शाम को शाहबाद गेट व नवाब गेट स्थित विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया लेकिन कोई सुनवाई नहीं होने पर रात आठ बजे बैरंग लौट गए। कुछ उपभोक्ता रुपये जमा होने के बाद भी आपूर्ति सुचारू नहीं होने का आरोप लगा रहे हैं।
शहर में 40 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाकर उन्हें प्री-पैड व्यवस्था में तब्दील किया जा चुका है लेकिन उपभोक्ता आपूर्ति प्रयोग करने से पहले रिचार्ज नहीं करा रहे हैं। इसी कारण उन पर विभाग का बकाया बढ़ रहा है। ऐसे ही 343 उपभोक्ताओं पर विभाग का 30.50 लाख रुपये बकाया हो चका है।
इसके संदेश मैसेज के जरिए संबंधित उपभोक्ताओं के मोबाइल पर भेजे जा रहे थे। उन पर ध्यान नहीं देने पर सोमवार को आपूर्ति गुल कर दी गई। शाम में इसका आभास होने पर घबराए उपभोक्ता पहले शाहबाद गेट पहुंचे। उसके बाद रात आठ बजे नवाबगेट उपकेंद्र पर पहुंचे।
खबरें और भी
कर्मचारियों से आपूर्ति बहाल करने को कहा लेकिन कोई सुनवाई नहीं होने पर प्रदर्शन कर वापस लौट गए। थाना टीन के रिजवान ने बताया कि उनके ऊपर 2600 रुपये बकाए थे। एक हजार रुपये जमा करने के बाद भी आपूर्ति सुचारू नहीं की गई है।
इसी तरह की समस्या अन्य उपभोक्ता भी बता रहे थे। जो चोकी हजियानी, पुराना गंज, पक्का बाग आदि क्षेत्रों से पहुंचे थे। एक्सईएन पीके शर्मा ने बताया कि 343 उपभोक्ताओं की 30.50 लाख रुपये के बकाए में आपूर्ति बाधित हुई है। इस माह में 10 हजार उपभोक्ताओं ने 2.73 करोड़ रुपये जमा भी किए हैं।