रामपुर में टूरिस्ट बस की टक्कर से पलटा टेंपो, हादसे में 11 लोग हुए घायल
रामपुर में नैनीताल हाईवे बाइपास पर एक टूरिस्ट बस ने टेंपो को टक्कर मारकर पलट दिया, जिससे उसमें सवार 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में धागा फै ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
टूरिस्ट बस ने टेंपो को पीछे से टक्कर मारी।
हादसे में 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
दो घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया।
जागरण संवाददाता, रामपुर। बिलासपुर में नैनीताल हाईवे बाइपास पर टूरिस्ट बस ने एक टेंपो को पीछे से टक्कर मारकर पलट दिया। टेंपो में सवार नौ महिलाओं व चालक समेत 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें से दो को हायर सेंटर रेफर किया गया है। शनिवार को रामपुर-नैनीताल हाईवे स्थित बाइपास पर एक टेम्पो सिकरौरा व बेरखेड़ा गांव के रहने वाले लोगों को लेकर टैमरा गांव जा रहा था।
ये सभी टैमरा स्थित धागा फैक्ट्री में काम करते हैं। गांव रामनगर पुल के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार टूरिस्ट बस ने टेंपो में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के टेंपो पलट गया और बस उसे घसीटते हुए 20 मीटर दूर तक ले गई। घिसटते हुए टेंपो पुल की रेलिंग से जा टकराया और पुल के नीचे गिरने से बच गया। हादसे के बाद घायलों में चीख-पुकार मच गई।
मौके पर राहगीर व ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को टेंपो से निकलवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। घायलों में नया गांव निवासी टेंपो चालक सर्वजीत सिंह, सिकरौरा गांव निवासी नेहा, मधु , पूजा, सुनीता, रूबी और गांव बेरखेड़ा निवासी किरन, पलक, निधि, सिमरन, राजू शामिल हैं। सीएचसी के चिकित्साधिकारी डॉ. तारिक इमरान ने बताया कि कई घायलों के टांके भी लगाने पड़े हैं।
इनमें किरन व रूबी को हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं, हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है। घायल पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।