Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    7 बजे बुलाया, 10 बजे तक नहीं आए डॉक्टर: रामपुर महिला अस्पताल में खाली पेट तड़पती रहीं गर्भवती महिलाएं

    Updated: Sat, 04 Apr 2026 03:55 PM (IST)

    रामपुर के जिला महिला और जिला अस्पताल में डॉक्टरों के देर से आने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गुड फ्राइडे के बावजूद ओपीडी खुली थी, पर ...और पढ़ें

    जिला महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर सुबह नौ बजे डाक्टर के इंतजार में बैठीं महिलाएं। जागरण

    जिला महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर सुबह नौ बजे डाक्टर के इंतजार में बैठीं महिलाएं। जागरण

    HighLights

    1. 9.30 बजे पहुंचे डाक्टर, सीएमएस व वरिष्ठ परामर्शदाता के कक्ष मिले खाली

    2. सुबह आठ बजे से मरीज देखने का समय, दस बजे तक नहीं पहुंचे कई चिकित्सक

    अनिल अवस्थी, रामपुर। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार पानी की तरह पैसे बहा रही है। मगर अस्पतालों में मरीज चिकित्सक की प्रतीक्षा में ही व्याकुल नजर आ रहे हैं। जिला महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए जिन महिलाओं को सुबह सात बजे खाली पेट बुलाया गया था वह साढ़े नौ बजे तक डाक्टर का इंतजार करती रहीं।

    सीएमएस व वरिष्ठ परामर्शदाता के कक्ष में दस बजे तक सन्नाटा पसरा रहा। ऐसा ही कुछ हाल जिला अस्पताल का भी नजर आया मगर यहां सीएमएस और वरिष्ठ परामर्शदाता साढ़े आठ बजे से पहले अस्पताल पहुंच गए। शुक्रवार को गुड फ्राइडे के उपलक्ष्य में जिला व महिला अस्पताल में आधे दिन का अवकाश घोषित था।

    03RPM_5_03042026_341.JPG

    मतलब, सुबह आठ से 11 बजे तक ओपीडी में मरीजों को देखने के निर्देश दिए गए थे। दैनिक जागरण टीम सुबह आठ बजे ही जिला अस्पताल पहुंच गई। उस समय तक जिला अस्पताल और महिला चिकित्सालय में मरीजों के अलावा कोई उपस्थित नहीं था।

    सबसे पहले 8.20 बजे जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक बीसी सक्सेना, डा.डीके वर्मा और डा. दशरथ जिला अस्पताल पहुंचे। इसके बाद चिकित्सकों का नौ बजे तक आने का क्रम बना रहा। नेत्र चिकित्सक डा. पंकज गिरी गोस्वामी नौ बजे तक नहीं पहुंचे थे।

    खबरें और भी

    03RPM_4_03042026_341.JPG

    इनका इंतजार कर रही मिलक बिचौला से आईं नफीस ने कहा कि डाक्टर को आंख दिखाने आई थीं मगर कर्मचारियों ने बता दिया कि आज छुट्टी है। हालांकि, जागरण टीम को देखकर कर्मचारियों ने उनसे बताया कि थोड़ा इंतजार कर लो, डाक्टर साहब आ रहे हैं।

    वहीं महिला चिकित्सालय का हाल तो दयनीय दिखा। यहां बाल रोग विशेषज्ञ केसी जोशी को छोड़कर सुबह नौ बजे तक सीएमएस डा. अनवर सादात समेत कोई चिकित्सक नहीं पहुंचा। नौ बजे के बाद वरिष्ठ परामर्शदाता डा. विनीता के कक्ष में आयुष चिकित्सक वजास-उन-नबी बैठ गए।

    03RPM_1_03042026_341.JPG

    पूछने पर बताया कि वैसे तो वह कक्ष संख्या छह में बैठकर मरीज देखते हैं मगर वरिष्ठ परामर्शदाता के न आने पर वह उनके कक्ष में बैठकर मरीज देख लेते हैं। अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर चिकित्सक का इंतजार कर रही रजोड़ा से आईं अनीता ने बताया कि उन्हें सुबह सात बजे बुलाया गया था, तब से चिकित्सक का इंतजार कर रही हैं।

    सवाल यह उठता है कि जब अस्पताल खुलने का समय ही सुबह आठ बजे है तो महिलाओं को सात बजे क्यों बुलाया जा रहा है। यहीं बैठी लक्ष्मी ने कहा कि कल भी अल्ट्रासाउंड कराने आए थे, नंबर नहीं आया था, इसीलिए आज सुबह सात बजे से बैठे हैं। यहां सुबह साढ़े नौ बजे अल्ट्रासाउंड करने के लिए डाक्टर नवीन गुप्ता पहुंचे तो मरीजों ने राहत की सांस ली।

    डा. इरफान सिद्दीकी सुबह साढ़े नौ बजे अस्पताल पहुंचे। पूछने पर कहा कि आज तो अवकाश था फिर भी मरीज देखने आ गए। सुबह 8.40 बजे महिला चिकित्सक डा. शबाना ने मरीज देखने शुरू कर दिए। महिला चिकित्सालय की पैथोलाजी लैब में भी दस बजे तक सन्नाटा पसरा रहा।

    अस्पताल में चार के बजाय है एक गायनकोलोजिस्ट

    जिला महिला चिकित्सालय के सीएमएस डा. अनवर सादात ने बताया कि लेट-लतीफ कर्मचारियों से लेकर चिकित्सकों की वह लगातार वेतन कटौती कर रहे हैं। इसलिए विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अमूमन सभी चिकित्सक समय से आ रहे हैं। बताया कि शुक्रवार को डा. विनीता अवकाश पर हैं।

    उनके स्थान पर डा. सुमैया काम देखती हैं, उन्हें दोपहर में एक आपरेशन करना है, इसलिए शायद वह ओपीडी में नहीं बैठ पाई होंगी। कहा कि चार गायनकोलोजिस्ट की जगह अस्पताल में महज एक की ही नियुक्ति है। इसलिए थोड़ी परेशानी होती है।

    बताया कि अल्ट्रासाउंड के लिए महिला मरीजों को आठ बजे ही बुलाया जाता है, एक बीमार बच्चे को देखने में डा. नवीन अल्ट्रासाउंड करने में लेट हो गए। सभी को समय से अस्पताल पहुंचकर सेवाएं देने के लिए चेतावनी दी गई है।


    यह भी पढ़ें- आपके नाम पर भी चल सकता है 'खच्चर खाता', रामपुर में पकड़े गए 4 राज्यों के 14 ठगों ने उगले गहरे राज