बेहट विधानसभा क्षेत्र: विधायक का विकास का दावा, लेकिन कई मूलभूत समस्याएं बरकरार
Uttar Pradesh MLA Report Card: बेहट विधायक उमर अली खान ने हर क्षेत्र में विकास कार्य कराने का दावा किया है, हालांकि कई मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं ...और पढ़ें

बेहट विधानसभा क्षेत्र
HighLights
विधायक बोले- करोड़ों की लागत से पुल और सड़कों का निर्माण कराया।
बस अड्डा, फायर स्टेशन नहीं बन सका, कई गांवों में पेयजल की समस्या।
जागरण संवाददाता, बेहट (सहारनपुर)। बेहट विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक उमर अली खान के सवा चार साल के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का आकलन करें तो क्षेत्र में करोड़ों की लागत से पुलों और सड़कों का निर्माण कराया। कई सड़कों और पुलिया आदि के निर्माण के प्रस्ताव शासन को भेजे गए।
वहीं दिल्ली-यमुनोत्री मार्ग पर स्थित बेहट में बस अड्डा नहीं है। कस्बे से होकर लाखों यात्री सिद्धपीठ शाकंभरी देवी मंदिर में दर्शनों के लिए पहुंचते हैं। सड़क के किनारों से ही बसों का संचालन होता है।
चिकित्सा, सड़क, सिंचाई, परिवहन और ग्रामीण संपर्क मार्ग यहां की प्रमुख समस्याएं हैं। हालांकि विधायक ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और विकास के प्रस्ताव बनवाकर उन्हें शासन तक पहुंचाने का काम जरूर किया। छुटमलपुर में बस अड्डे में पर्याप्त स्थल न होने के कारण सड़कों से बसों को संचालन होता है। बिहारीगढ़ में कई मूलभूत समस्याएं चुनौती बनी हैं।
बेहट, रायपुर और मां शाकुंभरी देवी क्षेत्र को जोड़ने वाले अनेक संपर्क मार्ग आज भी जर्जर स्थिति में हैं। ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बेहट क्षेत्र में अब्दुल्लापुर की पुलिया का निर्माण नही हो सका है। विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाले गंदेवड़-चिलकाना मार्ग खस्ताहाल होने के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों को भारी परेशानी होती है।
शिवालिक की तलहटी में बसे 15 से अधिक गांवों में पेयजल की बड़ी समस्या है। केवल मिर्जापुर थाने में एक फायर बिग्रेड की गाड़ी रहती है। फायर स्टेशन की मांग पिछले चार दशक से की जा रही है। अग्निकांड होने पर दूर-दराज के क्षेत्र में फायर बिग्रेड समय से नही पहुंच पाती। मुर्तजापुर गांव में पुल निर्माण न होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
खबरें और भी
सढौली कदीम और बेहट सीएचसी में चिकित्सीय सुविधाएं नाकाफी होने के कारण मरीजों को जिला मुख्यालय का रूख करना पड़ता है। बिहारीगढ़ से मां शाकुंभरी देवी जाने वाले मार्ग पर बरसात के दौरान नदी-नालों का तेज बहाव हर वर्ष किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है।
हर क्षेत्र में विकास कार्य कराए: विधायक
विधायक उमर अली खान का कहना है कि उन्होंने हर क्षेत्र में विकास कार्य कराए है। बादशाहीबाग में पुल, कलसिया–फतेहपुर मार्ग पर गल्लेवाला पुल, कलसिया–फतेहपुर मार्ग पर संसारपुर पुल का निर्माण कराया। सहारनपुर-गंदेवड़ फोरलेन चौड़ीकरण, बेहट से शाकुम्भरी देवी, बेहट से बादशाहीबाग तक सड़क चौड़ीकरण का काम कराया। लोक निर्माण विभाग से कई गांवों को जोड़ने वाली सड़कों का निर्माण कराया गया। गांव लोधीपुर में नदी पर पुलिया के निर्माण से क्षेत्रवासियों को लाभ मिला है।
सीसी सड़कों और नालियों का निर्माण कराया। स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को बेहतर बनवाया। सिंचाई विभाग से बरसाती नदियों पर कटान-रोधी, तटबंध, ठोकर एवं बाढ़ सुरक्षा संबंधी काम कराए। नए विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर एवं लाइन विस्तार काम कराए गए। सिद्धपीठ शाकंभरी देवी में पर्यटन विभाग द्वारा अनेक विकास कार्य कराए जा रहे है। गांव ताजपुरा से रंडोल बाइपास का निर्माण, कासमपुर से सहारनपुर–विकासनगर मार्ग तक सड़क निर्माण कराए गए।
सभी कार्य वर्ग विशेष के क्षेत्रों में कराए: भाजपा प्रत्याशी
वर्ष-2022 के चुनाव में रनर अप रहे भाजपा प्रत्याशी नरेश सैनी का कहना है कि विधायक ने जितने भी विकास कार्य कराए होंगे वह केवल विधायक निधि से ही कराए। सभी कार्य वर्ग विशेष के क्षेत्रों में कराए गए। सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर क्षेत्र 100 करोड़ से अधिक विकास कार्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कराए जा रहे है।
उनका कहना है कि कई विकास कार्यों के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से स्वयं मिलकर आग्रह किया था जिसके बाद कार्य शुरू हुए है। फायर बिग्रेड स्टेशन की स्थापना का प्रयास उनके द्वारा किया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही इसके लिए स्वीकृति मिल जाएगी। बस अड्डे के लिए उचित स्थल की तलाश की जा रही है। पहले देखी गई भूमि कस्बे से काफी दूर थी। अब नजदीकी क्षेत्र में भूमि देखी जा रही है।
जनता कहिन
छुटमलपुर में न तो रोडवेज बसों के खड़े होने का स्थान है और न ही छुटमलपुर-बेहट मार्ग पर चलने वाली बसों के लिए बस अड्डे का निर्माण कराया गया। क्षेत्र में विधायक द्वारा कोई ऐसा कार्य नहीं कराया, जो उपलब्धि हो।
-मांगेराम शर्मा,दुकानदार
कस्बे की बड़ी समस्या पानी की निकासी न होना है जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने के लिए कोई कार्य नहीं किया गया। कई संपर्क मार्ग भी बदहाल होने के कारण आवागमन में लोग परेशान रहते हैं।
-संदीप रूहेला, व्यापारी
विधायक ने पूरे क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए हैं। हर वर्ग के लोगों को लाभ मिला है। हर छोटी-समस्या का निराकरण कराने के लिए वह हमेशा लोगों के बीच पहुंचे और परेशानी को दूर कराने का काम किया।
-नजीर अहमद, किसान
गांव-गांव में सड़कों का निर्माण कराकर विधायक ने लोगों को सुविधाएं दिलाने का काम किया है। जब भी किसी समस्या के लिए उनके पास जाते हैं वह उनकी बात ध्यान से सुनते हैं। अधिकारियों को जल्द काम करने के लिए भी कहते हैं।
-मोहम्मद गुलजार, किसान