Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रसोई गंदी हो या बासी भोजन; बस क्लिक कर फोटो अपलोड करें... शिकायत होगी दर्ज व कार्रवाई भी

    By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Mon, 03 Aug 2026 01:30 PM (IST)

    भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने 'फूड सेफ्टी कनेक्ट' प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है, जिससे उपभोक्ता गंदी रसोई या बासी भोजन की शिकायत फोटो अ ...और पढ़ें

    (प्रतीकात्मक फोटो)

    (प्रतीकात्मक फोटो) 

    HighLights

    1. FSSAI का 'फूड सेफ्टी कनेक्ट' प्लेटफॉर्म लॉन्च।

    2. गंदी रसोई, बासी भोजन की शिकायत फोटो से।

    जागरण संवाददाता, सहारनपुर। अब आम उपभोक्ता खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदार बन सकेंगे। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआइ) ने खाद्य सुरक्षा के साक्षी बनें अभियान के तहत फूड सेफ्टी कनेक्ट प्लेटफार्म विकसित किया है। इस प्लेटफार्म के माध्यम से कोई भी व्यक्ति होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे या अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में गंदी रसोई, बासी या दूषित भोजन, अस्वच्छ तरीके से खाना बनाने या परोसने जैसी अनियमितताओं की सूचना तुरंत अधिकारियों तक पहुंचा सकेगा।

    02SHN_1.jpg R

    यदि होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे या मिठाई की दुकानों में गंदी रसोई या बासी भोजन दिखता है तो उपभोक्ता सीधे कार्रवाई की पहल कर सकेंगे। इस प्लेटफार्म की विशेषता यह है कि शिकायत दर्ज करते समय उपभोक्ता संबंधित स्थान की फोटो भी अपलोड कर सकते हैं। इससे खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को प्रारंभिक साक्ष्य उपलब्ध हो जाता है और जांच प्रक्रिया अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनती है। शिकायत दर्ज होने के बाद मामला संबंधित क्षेत्र के खाद्य सुरक्षा अधिकारी के पास पहुंच जाता है, जो नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हैं।

    खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा निगरानी में आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करना है। प्लेटफार्म पर शिकायत दर्ज करने के अलावा, किसी भी खाद्य प्रतिष्ठान के लाइसेंस का सत्यापन, खाद्य सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करना और पहले दर्ज की गई शिकायतों की स्थिति पर नजर रखने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। कांवड़ यात्रा मार्ग पर इस एप का प्रयोग ट्रायल के तौर पर किया जा रहा है।

    भगवानपुर बार्डर से सरसावा बार्डर, शामली बार्डर व मुजफ्फरनगर बार्डर पर पड़ने वाले होटलों पर इस एप के क्यूआर कोड चस्पा कर दिए गए हैं। कांवड़ यात्रियों को यदि यात्रा के दौरान किसी होटल, ढाबे या रेस्टोरेंट पर खाने में किसी प्रकार की परेशानी होती है, तो वे इस क्यूआर कोड का इस्तेमाल कर शिकायत कर सकते हैं। इसके बाद खाद्य विभाग की टीम उस होटल, रेस्टोरेंट या ढाबे पर कार्रवाई करेगी।

    खबरें और भी

    सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ होगा उपलब्ध
    फूड सेफ्टी कनेक्ट एप में उपभोक्ताओं की भागीदारी से खाद्य सुरक्षा व्यवस्था अधिक जवाबदेह बनेगी और मिलावटी, अस्वच्छ एवं असुरक्षित भोजन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। इससे लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।
    पंकज कुमार गुप्ता, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहारनपुर।