Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गंगोह विधानसभा क्षेत्र: फायर स्टेशन, ककराली सरोवर पर नहीं हुआ काम; विधायक बोले- एक दिन भी नहीं थमी विकास की गति

    By Sanjeev Kumar Gupta Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Thu, 06 Aug 2026 05:15 PM (IST)

    Uttar Pradesh MLA Report Card: गंगोह विधायक कीरत सिंह ने विकास कार्य कराने का दावा किया है। हालांकि कई समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। ...और पढ़ें

    गंगोह विधानसभा क्षेत्र

    गंगोह विधानसभा क्षेत्र 

    HighLights

    1. कई सड़कों का कराया निर्माण, नानौता में राजकीय महाविद्यालय का पहुंच मार्ग कच्चा।

    2. गंगोह में बस स्टैंड निर्माणाधीन, तहसील बनवाने की मांग नहीं हो सकी पूरी।

    संवाद सूत्र, गंगोह (सहारनपुर)। गंगोह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक कीरत सिंह के सवा चार साल के कार्यकाल का आकलन करें तो उन्होंने काफी कार्य कराए हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी जनता की कई बड़ी मांग अभी अधूरी हैं। कस्बे में रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण कार्य चल रहा है।

    सलारपुरा मार्ग पर चिह्नित भूमि पर निर्माण कराया जा रहा है। नानौता, अंबेहटा और तीतरो में बस स्टैंड न होने से सड़क किनारे से ही बसों का संचालन होता है। फायर ब्रिगेड स्टेशन की मांग भी अधूरी है। गंगोह कोतवाली में इसके लिए जगह अलाट की गई थी, लेकिन कुछ समय बाद वहां लगा बोर्ड भी उखड़ गया। पिछले दिनों गांव सांगाठेड़ा में फायर स्टेशन बनने की बात सामने आई थी, लेकिन कहीं भी निर्माण आरंभ नहीं हो सका।

    क्षेत्र की जनता ने लगातार दो बार कीरत सिंह को अपना प्रतिनिधि चुनकर विधानसभा भेजा। सत्तापक्ष के विधायक होने के कारण मतदाताओं को अपेक्षा थी कि वह क्षेत्र की बुनियादी समस्याएं दूर कराएंगे। सवा चार साल में विधायक ने अनेक विकास कार्य कराए। नारकोटिक्स थाना और गंगोह क्षेत्र को तहसील बनाने की मांग अभी अधर में ही है।

    पर्यटन की दूष्टि से बरसी, बंदाहेडी, जेहरा, रामबाग मंदिर गंगोह, नानौता क्षेत्र में धार्मिक स्थलों का सुंदरीकरण हुआ। हालांकि पवित्र ककराली सरोवर के सुंदरीकरण के लिए कोई योजना नहीं बनवाई गई। नानौता में श्री दिगंबर जैन गुरु तीर्थ निर्मलायतन के बाहर की सीसी सड़क का निर्माण कराया।

    खबरें और भी

    गांव सूभरी, संभलहेड़ी व मोरा में सड़कों का निर्माण कराया। गांव जंबूगढ़ आश्रम के पास आरसीसी सड़क बनवाई। नानौता में बस स्टैंड भी नहीं बन सका। कई बार मांग किए जाने के बावजूद राजकीय महाविद्यालय में पहुंचने के लिए पक्का मार्ग नहीं बन पाया।

    बरसात होने पर छात्र-छात्राओं को गंदे पानी व कीचड़ के बीच से होकर कालेज जाना पड़ता है। फायर स्टेशन भी यहां विधायक नहीं बनवा पाए जबकि यहां दूध फैक्ट्री सहित कई व्यापारिक प्रतिष्ठान और खेतों में गेहूं की फसल में आग लगने की बड़ी घटनाएं हो चुकी है। आग बुझाने के लिए सहारनपुर व गंगोह अथवा अन्य स्थानों से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ती है।

    गंगोह विधानसभा क्षेत्र

    • कुल मतदाता-----------345106
    • पुरुष ----------------187629
    • महिला----------------157477

    लोगों के हित में दिन-रात कार्य कराया: विधायक

    विधायक कीरत सिंह का कहना है कि उनके कार्यकाल में विकास की गति एक दिन भी थमी नहीं है। सड़कों का निर्माण व चौड़ीकरण, विद्युत व्यवस्था सही कराने के लिए कई नए बिजलीघर बनवाए गए। जर्जर तारों को बदलवाया गया। लोगों के हित के लिए दिन-रात कार्य कराया। क्षेत्र की लगभग सभी सड़कों पर काम हुआ है।

    उनका कहना है कि विकास कार्य हमेशा प्राथमिकता में रहे हैं। उम्मीद है कि फायर स्टेशन पर जल्दी ही काम होगा। गंगोह की सबसे बड़ी समस्या बस अड्डे की रही है, जिसका निर्माण चल रहा है। नानौता में अन्य कार्यों के अलावा श्मशान घाट के लिए भी दो करोड़ स्वीकृत कराए गए।

    कहा कि यमुना के बाएं किनारे स्थित लखनौती बंध, गांव सनौली में बाढ़ सुरक्षा के लिए कटाव निरोधक कार्यों के लिए 2.91 करोड़ की स्वीकृति हुई। 16 करोड़ से गंगोह एवं नानौता के ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों के काम स्वीकृत कराए। विधायक निधि से विकास कार्य कराने के साथ ही अलग-अलग विभागों से सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य कराए।

    विकास कहीं नजर नहीं आता: सपा प्रत्याशी

    पिछले विधानसभा चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे सपा के उम्मीदवार चौधरी इंद्रसेन का कहना है कि विधायक द्वारा कराया गया विकास कहीं नजर नहीं आता। सड़कों की हालत ठीक नहीं है। जगह-जगह गड्ढे हैं। गन्ना भुगतान भी समय से नहीं हो पाया। सरकार किसानों का कितना भला कर रही है, वह इसी से पता चलता है कि कई वर्ष बाद गन्ने पर मात्र 30 रुपये ही बढ़ाए गए। क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी चरम पर है।

    अवैध खनन पर कोई रोक लगाने वाला नहीं है। धार्मिक स्थलों पर पूरा पैसा नहीं लगाया गया। कैंसर व दिल के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन क्षेत्र में चिकित्सीय सुविधाएं सुलभ कराने की दिशा में कोई काम नहीं हुआ। मरीजों को पड़ोसी राज्यों अथवा जिला मुख्यालय ले जाना मजबूरी हो जाती है।

    जनता कहिन

    नगर की जलनिकासी की व्यवस्था के लिए शासन स्तर से वृहद समाधान हेतु कार्ययोजना स्वीकृत कराने की बहुत जरूरत थी, लेकिन इसके लिए कोई कार्य नहीं हुआ। नगर की जलनिकासी का स्थायी समाधान होना आवश्यक है।
    -दीपांशु गोयल, व्यापारी
    आज बिजली की जरूरत हर परिवार को है। शासन से निर्बाध आपूर्ति के आदेश जारी किए जाते हैं, लेकिन यहां बिजली आपूर्ति की स्थिति खराब है। जनता परेशान है, लेकिन विधायक इस संकट का हल नहीं निकलवा पाए हैं।
    -सुशील शर्मा, महंत बालाजी धाम
    विधायक ने गंगोह ही नहीं पूरे विधानसभा क्षेत्र में अनेक कार्य कराए हैं। गांव-देहात के अलावा कस्बों में भी कार्य कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मिलनसार स्वभाव के कारण लगातार जन अपेक्षाओं को पूरा करने के प्रयास में लगे रहते हैं।
    -चौधरी वीरसेन, पूर्व प्रधान
    विधायक ने धार्मिक स्थलों का सुंदरीकरण कराया है। जेहरा में अब भी कार्य चल रहा है। कई बिजलीघर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक मशीनें तथा स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई हैं। क्षेत्र का कोई कोना विकास से अछूता नहीं रहा है।
    -मनोज गोयल, व्यापारी