शिवालिक पहाड़ियों पर भारी बारिश से शाकंभरी नदी में आया तेज बहाव, श्रद्धालुओं को रोका गया
शिवालिक पहाड़ियों में भारी बारिश के कारण शाकंभरी नदी में तेज बहाव आ गया, जिससे शाकंभरी मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को भूरादेव पर रोक दिया गया। ...और पढ़ें

शिवालिक की बारिश से शाकंभरी नदी में आया तेज बहाव।
HighLights
शिवालिक में भारी वर्षा से शाकंभरी नदी में तेज बहाव।
श्रद्धालुओं को भूरादेव पर रोका गया, पुलिस ने अलर्ट किया।
शाम को फिर आया पानी, कई श्रद्धालु फंसे रहे।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। शिवालिक पहाड़ियों में भारी वर्षा के बाद शाकंभरी नदी में तेज बहाव आ गया। पहाड़ियों के बीच स्थित बाढ़ सुरक्षा चौकी से पानी आने की सूचना मिलते ही शाकंभरी चौकी पुलिस ने शनिवार को सायरन बजाकर अनाउंसमेंट कर दिया और आनन-फानन में भूरादेव से शाकंभरी के बीच पूरा रास्ता खाली करा दिया गया। शाकंभरी जाने वाले श्रद्धालुओं को भूरादेव पर ही रोक दिया गया।
स्थिति सामान्य होने के बाद जैसे ही पुलिस ने आवागमन शुरू कराया। वैसे ही फिर से तेज बहाव की सूचना मिल गई और श्रद्धालुओं को फिर से रोक दिया गया।
भारी बारिश के बाद रोके गए श्रद्धालु
शिवालिक पहाड़ियों के बीच शाकंभरी मंदिर से ऊपर बाढ़ सुरक्षा चौकी स्थापित है जो शाकंभरी में नदी का पानी पहुंचने से कुछ समय पहले ही सूचना शाकंभरी पुलिस चौकी को दे देती है। शनिवार को हालांकि सिद्धपीठ परिक्षेत्र एवं मैदानी क्षेत्र में हल्की फुल्की बूंदाबांदी थी लेकिन शिवालिक पहाड़ियों में अच्छी खासी वर्षा हुई। इस कारण दोपहर 12 बजे शाकंभरी चौकी पुलिस को सूचना मिली कि ऊपर से नदी में तेज बहाव आ रहा है।
पुलिस ने तत्काल श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर जाने की चेतावनी दी
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी आरके गौतम ने तत्काल अनाउंसमेंट कर अलर्ट जारी कर दिया और पुलिस स्वयं भी नदी में उतर गई जहां से आ जा रहे श्रद्धालुओं को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दे दी गई। जब तक ऊपर से तेज बहाव आया तब तक नदी का रास्ता पूरा खाली कराया जा चुका था। चार घंटे तक नदी में तेज बहाव आता रहा जिसके चलते श्रद्धालुओं को भूरादेव से आगे नहीं बढ़ने दिया गया तथा जो श्रद्धालु इससे पहले शाकंभरी जा चुके थे उन्हें वहीं रोक दिया गया।
यह भी पढ़ें- यूपी में फिर से मानसून एक्टिव: मुजफ्फरनगर में जोरदार बारिश, चार अगस्त से होगी पूरी UP में झमाझम बरसात
शाम को फिर नदी में पानी की तेज धार
चार बजे के बाद जैसे ही नदी की स्थिति सामान्य हुई तो पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आवागमन की अनुमति दे दी। लेकिन अभी आधा घंटा ही बीता था कि फिर से सूचना आई कि नदी में पानी की तेजधार आ रही है। पुलिस ने फिर से श्रद्धालुओं को रोक दिया शाम तक यही स्थिति बनी हुई थी। काफी संख्या में श्रद्धालु भूरादेव पर ही नदी की स्थिति सामान्य होने की प्रतीक्षा कर रहे थे। जबकि कुछ श्रद्धालु बिना माता के दर्शन किए ही भूरा देव बाबा के दर्शन के उपरांत ही वापस लौट रहे थे।