यात्रीगण कृपया ध्यान दें! वेटिंग के झंझट से मिलने जा रही है मुक्ति, लंबी दूरी की ट्रेनों में लगेंगे अतिरिक्त कोच
गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने लंबी दूरी की कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का फैसला किया है। ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
गर्मी में यात्रियों की भीड़ के कारण वेटिंग लिस्ट लंबी।
रेलवे ने लंबी दूरी की ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया।
सहारनपुर सहित कई मार्गों के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। गर्मी के सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ के मद्देनजर तथा यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने लंबी दूरी की कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की तैयारी की है। प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगने से टिकट कंफर्म होने का इंतजार कर रहे यात्रियों को खासी राहत मिलेगी। सहारनपुर रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन करीब 153 ट्रेनों का आवागमन होता है, जिसमें 90 से 95 प्रतिशत एक्सप्रेस व मेल तथा सुपर फास्ट ट्रेन हैं। इन ट्रेनों में आम दिनों में यात्रियों की संख्या 30 से 35 हजार के बीच रहती है, लेकिन सीजन में दो गुना तक पहुंच जाती है।
वर्तमान में भी रोजाना करीब 47 से 52 हजार यात्री सफर करने से ट्रेनों में सफर को मारामारी मची है। तमाम मार्गों की रेलगाड़ियों में रिजर्वेशन फुल होने के साथ ही वेटिंग लिस्ट लंबी होती जा रही है। इसी को गंभीरता से लेते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। रेल सूत्रों का कहना है बिहार, बंगाल, कोलकाता तथा मुबंई मार्ग की ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की योजना है।
वर्तमान में यह है वेटिंग की स्थिति
-गाड़ी संख्या 12237 व 12238 बेगमपुरा एक्सप्रेस 114 व 98 वेटिंग
-12469 कानपुर जम्मू एक्सप्रेस 58 वेटिंग
-04081 दिल्ली कटरा एक्सप्रेस 90 वेटिंग
-15097 अमरनाथ एक्सप्रेस 120 वेटिंग
-12751 हमसफर एक्सप्रेस 80 वेटिंग
-14609 हेमकुंड एक्सप्रेस 92 वेटिंग
-14661 शालीमार एक्सप्रेस 81 वेटिंग चल रही है। अन्य सभी मार्गों की ट्रेनों की स्थिति ऐसी ही है।
प्रथम चरण में जम्मू मार्ग की ट्रेनों में लगाए जा रहे हैं एक्सट्रा कोच
वर्तमान में यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि के चलते कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की योजना है। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रथम चरण में जम्मू मार्ग की ट्रेनों में एक्सट्रा कोच लगाए जा रहे है।-यशनजीत सिंह, सीनियर डीसीएम अंबाला रेल डिविजन।