सहारनपुर में ATS कमांडो ट्रेनिंग सेंटर और UPSSF की वाहिनी का निर्माण जल्द होगा शुरू, दोनों को जोड़ेगी नई सड़क
Saharanpur News : सहारनपुर में यूपीएसएसएफ की 5वीं वाहिनी और एटीएस स्पाट कमांडो ट्रेनिंग सेंटर तक पहुंचने के लिए पूर्वी यमुना नहर की पटरी पर 10 मीटर चौ ...और पढ़ें

यूपीएसएसएफ व एटीएस सेंटर की भूमि तक जाने वाली पूर्वी यमुना नहर की पटरी। जागरण
HighLights
पूर्वी यमुना नहर पटरी पर बनेगी 10 मीटर चौड़ी सड़क।
चिलकाना रोड के गांव दतौली रांघड़ में हैं ये दोनों सेंटर।
जागरण संवाददाता,सहारनपुर। उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल की 5वीं वाहिनी और एटीएस स्पाॅट कमांडो ट्रेनिंग सेंटर की भूमि पर पहुंचने के लिए सड़क बनाई जाएगी। पूर्वी यमुना नहर की पटरी पर 10 मीटर चौड़ी सड़क के लिए लोक निर्माण विभाग ने 38 करोड़ का प्रस्ताव भेजा है।
यूपीएसएसएफ के लिए 353 करोड़ के टेंडर की कार्रवाई चल रही है जबकि एटीएस सेंटर के लिए 81 करोड़ के दो प्रस्ताव लखनऊ भेजे गए हैं।माना जा रहा है कि अगले तीन महीने में दोनों सेंटर के निर्माण का काम शुरू हो जाएगा।
महानगर के चिलकाना रोड स्थित गांव दतौली रांघड़ में सिंचाई विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल की 5वीं वाहिनी के निर्माण के लिए वर्ष-2021 में 50.02 एकड़ भूमि दी गई थी। भूमि पर वाहिनी के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग भवन इकाई द्वारा 198.97 करोड़ का आवासीय और 153.77 करोड़ का अनावासीय प्रस्ताव लखनऊ भेजा गया था।
विभाग के अनुसार के अनुसार टेंडर की कार्यवाही लखनऊ में नियोजन विभाग द्वारा की जा रही है। इसके अलावा नवंबर-2022 में एटीएस स्पाट कमांडो ट्रेनिंग सेंटर के निर्माण के लिए गांव दतौली रांघड़-मंशापुर की लगभग 28 एकड़ भूमि दी गई थी। सिंचाई विभाग की यह भूमि पूर्वी यमुना नहर के दोनों ओर पड़ती है।
खबरें और भी
छह महीने पहले एटीएस द्वारा भूमि की तारबंदी कराई गई थी। भूमि पर लोक निर्माण विभाग भवन इकाई द्वारा 36 करोड़ का आवासीय और 45 करोड़ का अनावासीय प्रस्ताव लखनऊ भेजा गया है।
विशेष सुरक्षा बल 5वीं वाहिनी और एटीएस सेंटर की भूमि तक पहुंचने के लिए चिलकाना रोड पर पूर्वी यमुना नहर के पुल के निकट से दायीं पटरी की सड़क जाती है। गांव मंशापुर के निकट पूर्वी यमुना नहर पर पुल से बायीं पटरी पर एक किमी आगे 5वीं वाहिनी की भूमि है। सूत्रों का कहना है कि वाहिनी का निर्माण अगले तीन महीने में शुरू हो सकता है।
वर्ष-2025 में लोक निर्माण विभाग ने सड़क निर्माण में बाधक लगभग 1200 पेड़ चिन्हित किए थे। नहर की दो पटरियों पर चार किमी लंबी सड़क को 10 मीटर तक चौड़ा करने के साथ पूर्वी यमुना नहर पर दो पुलों के निर्माण का प्रस्ताव है। विभाग के अनुसार सड़क और पुलों के निर्माण के लिए 38 करोड़ का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
सूत्रों का कहना है कि दिल्ली रोड से बेहट रोड के गांव देवला तक दिल्ली-यमुनोत्री लिंक फोरलेन निर्माणाधीन है। यह फोरलेन गांव शाहपुर और मंशापुर की सीमा से होकर जा रहा है। फोरलेन से दो किमी की दूरी पर नई फोरलेन बनाए जाने से दोनों सेंटर को जोड़ा जा सकता है,इसके लिए भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता होगी। नहर की पटरी सड़क के मुकाबले नई फोरलेन से दोनों सेंटर को सीधे कनेक्टिविटी से आवागमन में अधिक सुविधा हो सकेगी।
इन्होंने कहा
पूर्वी यमुना नहर की पटरी को 10 मीटर चौड़ा कर सड़क का प्रस्ताव बनाया गया है। स्वीकृति मिलने के बाद सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
-धर्मेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग