दिल्ली-देहरादून हाईवे लोकार्पण के लिए तैयार, पीएम-सीएम की सुरक्षा रहेगी चाक-चौबंद, मॉनिटरिंग में जुटे अधिकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे का उद्घाटन करेंगे। सहारनपुर के गणेशपुर में पीएम का हेलीकॉप्टर उतरेगा, जहां भव् ...और पढ़ें

HighLights
पीएम मोदी 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून हाईवे का उद्घाटन करेंगे।
गणेशपुर में पीएम के आगमन हेतु सुरक्षा व तैयारियां पूरी।
सीएम योगी जनसभा करेंगे, पीएम डाट काली मंदिर जाएंगे।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे का उद्घाटन करेंगे। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह चौकन्ना है।
सुरक्षा के पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बलों के ठहरने की व्यवस्था आसपास के स्कूलों व गणेशपुर में बनाई गई अस्थाई पुलिस लाइन में की गई है। प्रशासनिक अधिकारी दिन-रात तैयारियों की मानिटरिंग में जुटे है। सुरक्षा एजेंसियां चप्पे-चप्पे की निगरानी कर रही है।
दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर गणेशपुर इन दिनों वीआईपी क्षेत्र में शुमार हो चुका है। यहां हर किसी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गणेशपुर की धरा पर उतरने का इंतजार है। गणेशपुर में तीन हैलीपेड बनकर तैयार है जिनकी जांच के लिये सुरक्षा एजेंसी की टीमें लगी हुई है।
सुंदरपुर में पहले एक हैलीपैड बनाया जा रहा था अब वहां पर दो हैलीपेड बनाये जा रहे हैं। एक बनकर तैयार हो चुका है जबकि दूसरे का निर्माण चल रहा है। गणेशपुर में बनाए गए हैलीपेड पर प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी का हेलीकाप्टर उतरेगा। वहां सुरक्षा के लिये अस्थाई कोतवाली बिहारीगढ़ बना दी गई है। वहीं से हैलीपेड की सुरक्षा व्यवस्था की कमाल संभाली जाएगी।
दस हजार लोगों की क्षमता का पंडाल
ग्रीनफील्ड हाईवे स्थित मनोहरपुर रेस्ट एरिया के मैदान में जर्मन हैंगर पंडाल बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। यह पंडाल 51 मीटर चौड़ा व 120 मीटर लंबा होगा जिसमें आठ से दस हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी।
खबरें और भी
पूरा पंडाल वाटर प्रूफ है, जबकि मंच को एयर कंडीशनर बनाया जा रहा है। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सभा को संबोधित करेंगे। यही पर लगी एलएडी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ग्रीनफील्ड हाईवे के उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा।
गणेशपुर-टू-डाट मंदिर तक अफसरों का डेरा
मंगलवार 14 अप्रैल का वह खास दिन रहेगा जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हेलीकाप्टर गणेशपुर में उतरेगा। गणेशपुर से लेकर डाट मंदिर तक हलचल होने के साथ ही पूरी आबो हवा बदली सी नजर आ रही है।
एक ओर अफसरों का डेरा है, वाहनों में वायरलेस के मैसेज व सायरन की की गूंज सुनाई दे रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गणेशपुर हैलीपेड पर उतरने पर उनका भव्य स्वागत होगा। इसके बाद करीब छह सौ मीटर चलकर दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर पहुंचेगे।
हाईवे पर होगा अद्भुत नजारा
हाईवे पर भारतीय संस्कृति व सभ्यता का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। हाईवे पर कुछ कुछ दूरी पर स्टेज बनाकर भारतीय विरासत को दर्शाते हुये धार्मिक-सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत करने के लिये विशेष कार्यक्रमों के आयोजनों की तैयारी की जा रही है, जो अद्भाुत छटा बिखेरेगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हाईवे का भ्रमण करते हुये एलिवेटेड रोड से उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की सीमा पर स्थित मां डाट काली मंदिर पहुंचेंगे। यहां करीब दस मिनट पूजा-अर्चना कर मां डाट काली मंदिर से दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे के उद्घाटन का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से देहरादून के महिन्द्रा ग्राउंड के लिये रवाना हो जाएंगे। वहां जनसभा को संबोधित भी करेंगे।
लाख कोशिश के बाद नही बन पाती थी सुरंग
अंग्रेजी शासनकाल में जब देहरादून जाने के लिये सड़क का निर्माण किया जा रहा था और डाट मंदिर के पास सुरंग बनाई जा रही थी। दिन में जितनी खुदाई की जाती थी रात में वह खोदी गई सुरंग बंद हो जाती थी। लाख कोशिशों के बाद भी सुरंग नही बन पाई थी जिसके बाद एक इंजीनियर के स्वप्न में माता ने दर्शन देकर मंदिर की स्थापना कराने के संकेत दिए थे।
इसके बाद वर्ष 1804 में मां डाट काली मंदिर की स्थापना कराने के बाद ही सुरंग का निर्माण कार्य पूरा हो सका था, जो आज भी आकर्षण का केंद्र है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि मां डाट काली के आशीर्वाद से सड़क दुर्घटनाओं से माता सभी की रक्षा करती है।
मां डाट काली मंदिर पर तैयारियां
मां डाट काली मंदिर पर अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई है। प्रशासन सड़क निर्माण व अन्य व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने में जुटा है वही मंदिर में भी रंग-रोगन के साथ साज-सज्जा की तैयारियां शुरू कर दी गई है।
मंदिर के महंत रमन प्रसाद गोस्वामी के पुत्र संयम गोस्वामी ने बताया कि जैसे वार्षिकोत्सव पर मंदिर की दिव्य व भव्य सजावट की जाती है वैसी ही प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर की जा रही है। विशेष फूलों की मालाओं से मंदिर को सजाया जाएगा। वह बड़े ही गौरव का क्षण होगा जब प्रधानमंत्री मां डाट काली के मंदिर में पूजा-अर्चना के लिये पहुंचेंगे।
जमीनों के दामों में उछाल
दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर बडगांव इंटरचेंज के बाद से क्षेत्र में क्लोनाइजर्स की बाढ सी आ गई है। कस्बे सहित आसपास के गांवों में सड़कों से लगी जमीन के रेट आसमान छूने लगे हैं। पिछले दो दिनों में दो रेस्टोरेंट खुल चुके हैं।
बडगांव इंटरचेंज से ननौता व देवबंद मार्ग के अलावा बडगांव के आसपास एक करोड़ रूपये बीघा जमीन के रेट हो चुके हैं। बडगांव व महेशपुर के आसपास लगभग बड़गांव ननौता, देवबंद व बडगांव-रामपुर मार्ग पर लगभग दस कालोनियां कट चुकी हैं।
रंगाई पुताई का काम जोरों पर
महानगर की सड़कों की साफ-सफाई से लेकर डिवाइडरों की रंगाई-पुताई का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। नगर निगम और संबंधित विभागों की टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। दौरे के दौरान वीआईपी मूवमेंट जिन रास्तों से होकर गुजरेगा, उन सभी मार्गों की मरम्मत, सफाई और सुंदरीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जगह-जगह कचरा हटाने, नालियों की सफाई और टूटे हुए हिस्सों को ठीक करने का काम तेजी से जारी है। डिवाइडरों पर रंग के साथ-साथ पौधारोपण और सजावट भी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे का लोकार्पण 14 को, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम; तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप
यह भी पढ़ें- दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे: हजारों घर तोड़ने के बजाय चुना नया रास्ता, पहले यहां बनना था सिक्सलेन