अग्निवीर भर्ती रैली 17 अगस्त से सहारनपुर में, भर्ती के लिए रैली में प्रतिदिन आएंगे लगभग 1200 अभ्यर्थी
सहारनपुर के आंबेडकर स्टेडियम में 17 अगस्त से 10 सितंबर तक होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली की तैयारियों की समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने सेना ...और पढ़ें

कलक्ट्रेट के नवीन सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ अग्निवीर भर्ती की तैयारियों के संबंध में बैठक करते अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह। सौ. सूचना विभाग
HighLights
अग्निवीर भर्ती रैली 17 अगस्त से 10 सितंबर तक सहारनपुर में।
अपर जिलाधिकारी ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए विशेष निर्देश।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। आंबेडकर स्टेडियम में 17 अगस्त से 10 सितंबर तक होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह ने भर्ती की तैयारियों के लिए संबंधित अधिकारियों एवं सेना के अधिकारियों के साथ बैठक में विशेष निर्देश दिए। कलक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में संतोष बहादुर सिंह ने निर्देश दिए कि स्टेडियम, रेलवे स्टेशन एवं बस स्टेशन के आसपास स्थल चिन्हित कर अभ्यर्थियों के लिए रात्रि में ठहरने की उचित व्यवस्था की जाए तथा रैली में आने वाले अभ्यर्थियों को बेहतर से बेहतर सुविधा मुहैया कराई जाए।
यही नहीं सभी विभाग सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करें तथा व्यवस्थाओं को अधिक बेहतर बनाने के लिए सिविल डिफेन्स का भी सहयोग लिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को पेयजल, साफ-सफाई, बेरीकेटिंग, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, लाइट, शौचालय, एंबुलेंस एवं चिकित्सा, फागिंग आदि की समुचित व्यवस्था, परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसों का संचालन एवं अग्निशमन विभाग को रैली स्थल पर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए। ]
उन्होंने बताया कि रैली में प्रदेश के 13 जनपद सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, गाजियाबाद, बागपत, मेरठ और बुलंदशहर के अभ्यर्थी शामिल होंगे। सेना के भर्ती अधिकारी कर्नल सत्यजीत बेबले ने अधिकारियों को रैली के मद्देनजर की जाने वाली व्यवस्थाओं एवं आवश्यकताओं के बारे में अवगत कराते हुए कहा कि भर्ती रैली में प्रतिदिन लगभग 1200 अभ्यर्थी आएंगे। किस तिथि में किस जिले के युवा बुलाए जाएंगे, इसकी तिथि बाद में जारी की जाएगी।
इस अवसर पर एसपी ग्रामीण मयंक पाठक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रवीण कुमार, अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, उपजिलाधिकारी सदर सुबोध कुमार मौजूद रहे।