मेरठ और दिल्ली रूट की स्पेशल ट्रेनों के बंद होने से हजारों यात्री परेशान, वाया सहारनपुर हो रहा था संचालन
पुलिस भर्ती और नीट परीक्षा के लिए दिल्ली-सहारनपुर व मेरठ-सहारनपुर के बीच चलाई गईं स्पेशल ट्रेनें बंद कर दी गई हैं। इन ट्रेनों के बंद होने से हजारों या ...और पढ़ें

HighLights
दिल्ली-मेरठ-सहारनपुर रूट की स्पेशल ट्रेनें बंद।
रेलवे अधिकारी मामले पर कुछ भी कहने से बच रहे।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। रेलवे बोर्ड द्वारा पुलिस भर्ती व रेल परीक्षा के अलावा नीट पेपर के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन दिल्ली-सहारनपुर व मेरठसहारनपुर के मध्य किया था। इन ट्रेनों के संचालन से रेलमार्ग के दर्जनों छोटे स्टेशनों के हजारों यात्रियों को लाभ मिलना आरंभ हो गया था। बाद में स्पेशल ट्रेनों के बंद कर दिए जाने से यात्री परेशान हैं तथा सफर करना मुश्किल हो रहा है।
रेलवे द्वारा इस मार्ग की छह स्पेशल ट्रेनों का संचालन जून के प्रथम सप्ताह से लेकर 15 दिन से अधिक समय तक किया था। ट्रेनों के संचालन से उम्मीद बंधी थी कि मेरठ व दिल्ली मार्ग की पांच वर्ष से अधिक समय से बंद पड़ी कई पैसेंजर के रूप में इन ट्रेनों को नियमित रूप से संचालित किया जायेगा। लेकिन ऐसा हो नहीं पाया तथा ट्रिप के आधार पर संचालित परीक्षा स्पेशल ट्रेनें बंद कर दी गई और छोटे स्टेशनों के हजारों यात्री रोजाना ही सफर को परेशान है।
उधर रेल अधिकारी इस बारे में कुछ बताने को तैयार नहीं है तथा मामला रेल बोर्ड संबंधी होने की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे है। ऐसे में यात्रियों की सफर की दिक्कतें कम होने के आसार नजर नहीं आ रहे है।
यह थी परीक्षा स्पेशल ट्रेन की स्थिति
- गाड़ी संख्या 04425 नई दिल्ली सहारनपुर परीक्षा स्पेशल सुबह 4:40 बजे नई दिल्ली से चलकर सुबह 8:30 बजे सहारनपुर।
- 04426 सहारनपुर नई दिल्ली परीक्षा स्पेशल सुबह 11:30 बजे सहारनपुर से चलकर शाम 4:20 नई दिल्ली।
- 04427 शकूर बस्ती से सहारनपुर परीक्षा स्पेशल सुबह 5:20 शकूर बस्ती से चलकर सुबह 10:00 बजे सहारनपुर।
- 04428 सहारनपुर से शकूर बस्ती परीक्षा स्पेशल 4:45 बजे सहारनपुर से चलकर रात 9:40 बजे शकूरबस्ती।
- 04429 शकूरबस्ती सहारनपुर परीक्षा स्पेशल सुबह 10:50 शकूरबस्ती से चलकर दोपहर 3:30 बजे सहारनपुर।
- 04430 सहारनपुर नई दिल्ली परीक्षा स्पेशल शाम 5:45 बजे सहारनपुर से चलकर रात्रि 10:30 बजे नई दिल्ली।
मार्ग में इन ट्रेनों को आनंद विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद, मुरादनगर, मोदी नगर, मेरठ, दौराला, मुजफ्फरनगर, देवबंद नागल टपरी सहित मार्ग के सभी स्टेशनों पर स्टापेज दिया गया था।