विदेश तक पहुंचेगी सहारनपुर के आम की मिठास, 60 मीट्रिक टन निर्यात का समझौता
सहारनपुर के आम की मिठास जल्द ही विदेशों तक पहुंचेगी, जहां 60 मीट्रिक टन आम के निर्यात के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। ...और पढ़ें

HighLights
सहारनपुर से 60 मीट्रिक टन आम निर्यात का एमओयू।
चौसा आम यूनाइटेड किंगडम, लंगड़ा गुजरात-महाराष्ट्र जाएगा।
किसानों को बेहतर बाजार, निर्यात को मिलेगा बढ़ावा।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। जनपद के आम की मिठास और खुशबू जल्द ही फिर से विदेशों तक पहुंचेगी। नवीन मंडी स्थल में आम उत्पादकों और निर्यातकों के बीच 60 मीट्रिक टन आम के निर्यात के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया है। कृषि विपणन विभाग, विदेश व्यापार विभाग एवं एपीडा की पहल पर बीएमएस आर्गेनिक एफपीओ और एसएनडीएस एक्सपोर्ट कंपनी ने आम खरीदने के लिए सहमति जताई है।
सीनियर एग्रीकल्चर मार्केटिंग इंस्पेक्टर मुकुल कुमार ने बताया कि कृषि विपणन विभाग, विदेश व्यापार विभाग एवं एपीडा के तत्वावधान में नवीन मंडी स्थल (ई-नाम मंडी) में आम उत्पादकों (एफपीओ व किसानों) और निर्यातकों के बीच समझौते का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना तथा आम के निर्यात को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के दौरान लाडवा फामर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड सहारनपुर एवं बीएमएस आर्गेनिक एफपीओ लखनऊ के बीच 30 मीट्रिक टन चौसा व लंगड़ा आम की आपूर्ति को लेकर समझौता हुआ।
वहीं, लाडवा फामर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के साथ उत्कृष्ट प्रोड्यूसर कंपनी लखनऊ ने 10 मीट्रिक टन चौसा आम तथा देवबंद प्रोड्यसूर कंपनी लिमिटेड के साथ बीएमएस आर्गेनिक एफपीओ ने 10 मीट्रिक टन चौसा आम की खरीद के लिए एमओयू किया।
मुकुल कुमार ने बताया कि चौसा प्रजाति के आम का निर्यात इसी साल यूनाइटेड किंगडम में किया जाएगा, जबकि लंगड़ा प्रजाति के आम को बीएमएस आर्गेनिक एफपीओ गुजरात और महाराष्ट्र में सप्लाई करेगी।
इसके अलावा एसएनडीएस एक्सपोर्ट कंपनी ने प्रगतिशील किसान बसंत राणा के साथ 10 मीट्रिक टन गुलाब जामुन प्रजाति आम की अगले साल खरीद को लेकर समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं।
कार्यक्रम में किसानों एवं निर्यातकों को आम की गुणवत्ता, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, एपीडा पंजीकरण तथा निर्यात प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे एमओयू किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने, एफपीओ को सशक्त बनाने तथा सहारनपुर से कृषि एवं बागवानी उत्पादों के निर्यात को नई गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
खबरें और भी
कार्यक्रम में मंडी परिषद के उप निदेशक (प्रशासन) देवेन्द्र कुमार वर्मा, एपीडा लखनऊ के एसोसिएट आलोक मिश्रा, मार्केटिंग आफिसर राहुल यादव, मंडी सचिव देवेन्द्र प्रताप, लाडवा गांव के प्रधान धनंजय, बीएमएस आर्गेनिक एफपीओ के संचालक भानु प्रताप सहित एफपीओ प्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान, आम निर्यातक मौजूद रहे।