सहारनपुर नगर विधायक का रिपोर्ट कार्ड: विकास कार्यों की लंबी सूची, जलभराव और जाम सहित कई मूलभूत समस्याएं बरकरार
Uttar Pradesh MLA Report Card: सहारनपुर नगर क्षेत्र से विधायक राजीव गुंबर के विकास के अनेक दावे हैं। उधर, क्षेत्र में जलभराव, जाम और बिजली जैसी मूलभूत ...और पढ़ें

सहारनपुर नगर विधानसभा क्षेत्र
HighLights
विधायक के कार्यकाल में विकास कार्यों की लंबी सूची।
जलभराव, जाम, बिजली संकट जैसी मूलभूत समस्याएं बरकरार।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। नगर क्षेत्र से विधायक राजीव गुंबर के साढ़े चार साल के कार्यकाल को देखें तो कागजों पर विकास कार्यों की लंबी सूची जरूर दिखाई देती है, लेकिन जमीनी हकीकत कई अहम मोर्चों पर सवाल खड़े करती है।
दिल्ली रोड पर अंतरराज्यीय बस अड्डे की स्वीकृति और ढमोला नदी पर पुल निर्माण जैसे बड़े प्रोजेक्ट अभी भी प्रक्रियाओं और प्रस्तावों तक ही सीमित हैं। धार्मिक स्थलों के सुंदरीकरण और फसाड लाइटिंग जैसे कार्य जरूर तेजी से हुए, लेकिन शहर की मूलभूत समस्याएं जलभराव, जाम और बिजली संकट अब भी जस की तस हैं।
बरसात के मौसम में पांवधोई और ढमोला नदी से सटे इलाके हर साल जलमग्न हो जाते हैं, जिससे नई और पुरानी कालोनियां तालाब में तब्दील हो जाती हैं। सवाल यह है कि जब पेयजल, सीवर और सड़क निर्माण के दावे किए जा रहे हैं, तो जल निकासी की स्थायी व्यवस्था अब तक क्यों नहीं हो पाई? अतिक्रमण के कारण महानगर में जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, लेकिन इस पर प्रभावी कार्यवाही नजर नहीं आती। बाजारों में पार्किंग की कोई ठोस व्यवस्था नहीं बन पाई है, जिससे आम लोगों की परेशानी और बढ़ती है।
बिजली आपूर्ति भी समय-समय पर बाधित रहती है, जो शहरी जीवन की गुणवत्ता पर सीधा असर डालती है। स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिकल कालेज में आधुनिक मशीनों की स्थापना और 34 वेलनेस सेंटर संचालित होना सकारात्मक पहल है, लेकिन शहर की बुनियादी नागरिक सुविधाओं की हालत इन उपलब्धियों पर भारी पड़ती दिखती है।
खबरें और भी
होजरी उद्योग को एक जिला-एक उत्पाद योजना में शामिल कराना और शाकंभरी देवी क्षेत्र के विकास के लिए बजट स्वीकृत कराना निश्चित रूप से महत्वपूर्ण कदम हैं, लेकिन स्थानीय नागरिकों के लिए रोजमर्रा की समस्याएं पानी, जाम और बिजली अब भी प्राथमिक चिंता बनी हुई हैं। कुल मिलाकर, योजनाओं और घोषणाओं की कमी नहीं रही, लेकिन जमीनी स्तर पर ठोस और स्थायी समाधान अब भी अधूरे नजर आते हैं। ऐसे में विकास के दावों और जनता के अनुभव के बीच का अंतर ही सबसे बड़ा सवाल बनकर उभर रहा है।
सहारनपुर नगर विधानसभा क्षेत्र
कुल मतदाता--------390521
पुरुष मतदाता--------205542
महिला मतदाता------184949
थर्ड जेंडर मतदाता-------30
चौतरफा विकास कार्य कराए: विधायक
नगर विधायक राजीव गुंबर का कहना है कि विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने अपने कार्यकाल में हर क्षेत्र में चौतरफा विकास कार्य कराए हैं। सबसे बड़ी उपलब्धि दिल्ली रोड आवास विकास में अंतरराज्यीय बस अड्डे के लिए 37 करोड़ से भूमि खरीदी गई। साथ ही निर्माण के लिए 23 करोड़ स्वीकृत कराए गए हैं। 18 करोड़ की लागत से बनने वाले फायर स्टेशन को स्वीकृति मिल चुकी है, जिससे पुराने शहर के अलावा कई ग्रामीण क्षेत्रों को लाभ मिल सकेगा। सहारनपुर विकास प्राधिकरण की शाकंभरी विहार आवासीय योजना से हजारों लोगों का अपने घर का सपना पूरा हो सकेगा।
173 करोड़ की लागत से नगर क्षेत्र में विद्युत विभाग के माध्यम से विभिन्न सुधार कार्य कराए गए। जर्जर तारों व खंभों को बदलवाने के साथ ही ट्रांसफार्मर की क्षमता में वृद्धि कराना शामिल है। हसनपुर चौक और गांधी पार्क में वाटर फाउंटेन की स्थापना कराई गई। रेलवे स्टेशन के सुंदरीकरण के अलावा लखनऊ के लिए वंदे भारत ट्रेन शुरू कराई गई।
विधायक की उपलब्धि जीरो : सुखविंदर
चुनाव में दूसरे पर रहीं कांग्रेस प्रत्याशी सुखविंदर कौर का कहना है कि नगर विधायक की उपलब्धि जीरो रही है। स्मार्ट रोड के लिए जिन कंपनियों को ब्लैक लिस्टेड किया गया था, उन्हीं को फिर से काम दिया गया। यहां प्लाईवुड इंडस्ट्री खुलवाने के दावे केवल सपने साबित हुए हैं। विश्वविद्यालय खुला लेकिन पाठ्यक्रम समय के अनुकूल नहीं है। पहले से ज्यादा छात्र बाहर पढ़ने के लिए जा रहे हैं। रोजगार बढ़ाने के लिए कोई उपाय नहीं किए गए। वुडन इंडस्ट्री के लिए आज तक हब नहीं बनवाया जा सका। बस अड्डे का काम चुनावी वर्ष मे ही क्यों शुरू कराया गया? स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार नहीं कराया गया, जिससे गंभीर मरीजों को आज भी हायर सेंटर ले जाना पड़ता है।
जनता कहिन
महानगर में कराए गए विकास कार्यों को देखकर लगता है हम भी एक अच्छे महानगर में रहने वाले निवासी है। बाहर से आने वाले मित्रों और रिश्तेदारों को यहां के रेलवे स्टेशन की सुंदरता मंत्रमुग्ध करती है। अतिक्रमण और जाम की समस्या के समाधान को और काम कराया जाना चाहिए।
-राजेश गुप्ता, व्यापारी
नगर में विकास कार्य हुए हैं। सीवरेज की समस्या हल नहीं हो सकी। नगर के प्रमुख मार्ग पर जाम की समस्या के हल के लिए फ्लाईओवर बनवाया जाना चाहिए। बसस्टैंड के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाना पड़ता है। ट्रैफिक सिग्नल लगे हैं लेकिन उनका अनुपालन कुछ जगह ही कराया जाता है।
-पवन कुमार, सर्विसमैन
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की काफी संभावनाएं हैं जिन्हें पूरा कराने के लिए काम होना चाहिए। सड़कों के चौड़ीकरण के लिए भी प्रयास हो। यहां बस अड्डा जल्द बनवाने के लिए काम कराया जाए, साथ ही सरसावा हवाई अड्डे से उड़ान शुरू कराने के लिए काम होना चाहिए।
-जोधवीर सिंह, मेडिकल व्यवसायी
विधायक से जैसी लोगों की अपेक्षा थी वह अभी अधूरी ही है। अतिक्रमण के कारण सड़कों पर लगने वाला जाम लोगों की बड़ी परेशानी का सबब बना है। बस अड्डे बनने की बात सुनते-सुनते ही कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। शहर में पार्किंग न होना एक बड़ी समस्या है।
-हरिओम बंसल, कारोबारी