सहारनपुर में भ्रूण लिंग जांच को पहुंची हरियाणा की टीम घंटों कमरे में रही बंद, भाकियू कार्यकर्ताओं की अराजकता
हरियाणा की पीसीपीएनडीटी टीम ने सहारनपुर के नागल स्थित सोमवाल नर्सिंग होम पर छापा मारा। इस दौरान भाकियू कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। ...और पढ़ें

सोमवाल नर्सिंग होम परिसर में धरने पर बैठे भाकियू कार्यकर्ता, छापेमारी की कार्रवाई के दौरान मौजूद पुलिस। जागरण
HighLights
टीम ने सहारनपुर के नागल के नर्सिंग होम पर की छापामारी।
भाकियू के राष्ट्रीय सचिव की भाभी का है सोमवाल नर्सिंग होम।
संवाद सूत्र, नागल (सहारनपुर)। हरियाणा के सोनीपत की गर्भधारण पूर्व और प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम (पीसीपीएनडीटी) की टीम पुलिस को लेकर सोमवाल नर्सिंग होम पर भ्रूण लिंग जांच के मामले में छापामारी के लिए पहुंची। इस पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। हरियाणा पुलिस ने कुछ कर्मचारियों को हिरासत में लिया तो भाकियू कार्यकर्ता उन्हें छुड़ाते हुए मारपीट पर उतारू हो गए।
कार्यकर्ताओं के डर से टीम ने खुद को तीन घंटे तक कमरे में बंद रखा। एसडीएम और तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के सामने भी भाकियू कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। किसी तरह से टीम को बाहर निकाला गया। टीम ने अल्ट्रासाउंड मशीन को जांच के लिए कब्जे में लिया है। नर्सिंग होम भाकियू के राष्ट्रीय सचिव चौधरी विनय कुमार की भाभी का है।
पीसीपीएनडीटी टीम को सूचना मिली थी कि एक दंपती भ्रूण लिंग जांच के लिए सहारनपुर जा रहा है। टीम ने दंपती की कार का पीछा किया। सुबह ग्यारह बजे जैसे ही दंपती नांगल के रेलवे रोड पर सोमवाल नर्सिंग होम पहुंचा तो टीम ने छापामारी कर दी। दोपहर तक भाकियू के सैकड़ों कार्यकर्ता भी नर्सिंग होम पहुंच गए। टीम अल्ट्रासाउंड मशीन और अन्य रिकार्ड को खंगालने में जुटी थी।
इसी दौरान भाकियू कार्यकर्ताओं ने विरोध कर टीम को कार्रवाई नहीं करने दी। आरोप है कि इस दौरान कार्यकर्ता टीम के साथ मारपीट पर उतारू हो गए। टीम ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है। मौके पर एसडीएम विजय प्रताप सिंह, सीओ देवबंद शैलेंद्र प्रताप सिंह, सीओ मुकेश त्यागी तथा देवबंद, गागलहेड़ी, बड़गांव थानों की पुलिस यहां पहुंचीं।
खबरें और भी
पुलिस के सामने ही भाकियू कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। उनका कहना था कि टीम ने नर्सिंग होम के कर्मचारियों के साथ अभद्रता की है। उनके खिलाफ केस दर्ज होना चाहिए। चार बजे तक टीम कमरे में बंद रही। इसके बाद अल्ट्रासाउंड मशीन व कागज लेकर वहां से निकली।
इन्होंने कहा
सोनीपत के स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस के साथ नर्सिंग होम में जांच करने के लिए आई थी। इस दौरान भाकियू कार्यकर्ताओं ने टीम का विरोध किया। टीम को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज होगा।
-शैलेंद्र प्रताप गौतम, सीओ देवबंद
हरियाणा की टीम ने नर्सिंग होम में पहुंचकर कर्मचारियों का शोषण किया है। नर्सिंग होम से टीम को साक्ष्य मिले हैं तो कार्रवाई करनी चाहिए थी।
-चौधरी विनय कुमार, राष्ट्रीय सचिव भाकियू
यूपी और हरियाणा पुलिस से वार्ता के बाद मामला सुलझा। अल्ट्रासाउंड मशीन देवबंद के आफिस में रखी जाएगी। जब तक इसके कागजात नहीं दिखाए जाते, तब तक सीओ देवबंद की निगरानी में रहेगी।
-नरेश स्वामी, भाकियू जिलाध्यक्ष