आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की तो खैर नहीं, पुलिस रडार पर पांच हजार से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट
कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण समापन हेतु सहारनपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी है। पांच हजार से अधिक अकाउंट धारकों को आपत्तिजनक पोस्ट के लिए ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
कांवड़ यात्रा हेतु सोशल मीडिया पर पुलिस की सख्त निगरानी।
पांच हजार से अधिक अकाउंट्स को चेतावनी नोटिस जारी।
भ्रामक पोस्ट पर भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने इंटरनेट मीडिया पर निगरानी और सख्त कर दी है। पूर्व में इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर आपत्तिजनक, भड़काऊ, भ्रामक और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वाले पांच हजार से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों को पुलिस ने चेतावनी नोटिस जारी किए हैं। इन सभी से स्पष्ट रूप से कहा गया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाली सामग्री न तो स्वयं पोस्ट करें और न ही उसे आगे साझा करें।
इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म, फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम पर पिछले कुछ समय से भ्रामक, आपत्तिजनक व अन्य तरह की पोस्ट करने के मामले बढ़े हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान इंटरनेट मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। एक भ्रामक पोस्ट या अफवाह कुछ ही मिनटों में हजारों लोगों तक पहुंचकर कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित कर सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए साइबर सेल और इंटरनेट मीडिया मानिटरिंग टीम लगातार फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (पूर्व में ट्वीटर), यूट्यूब, व्हाट्सएप, टेलीग्राम समेत विभिन्न डिजिटल प्लेटफार्म पर नजर बनाए हुए हैं।
बता दें कि जिन अकाउंट धारकों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनके इंटरनेट मीडिया रिकार्ड में पहले भी आपत्तिजनक अथवा भड़काऊ पोस्ट सामने आ चुकी हैं। ऐसे सभी लोगों को आगाह किया गया है कि यदि भविष्य में उन्होंने किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, सांप्रदायिक तनाव पैदा करने, धार्मिक भावनाएं भड़काने या फर्जी वीडियो एवं फोटो प्रसारित करने का प्रयास किया तो उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कांवड़ यात्रा के दौरान इंटरनेट मीडिया पर विशेष निगरानी के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित की हैं। ये टीमें चौबीसों घंटे डिजिटल प्लेटफार्म की मानिटरिंग कर रही हैं। पुलिस आम नागरिकों से भी अपील कर रही है कि किसी भी अपुष्ट संदेश, वीडियो या फोटो को बिना सत्यापन के आगे साझा न करें। यदि किसी को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री दिखाई देती है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस या साइबर सेल को दें।
खबरें और भी
पांच हजार एकाउंट संचालकों को नोटिस जारी
इंटरनेट मीडिया पर कुछ लोग आपत्तिजनक टिप्पणी, भड़काऊ पोस्ट डालते हैं। करीब पांच हजार ऐसे एकाउंट संचालक पुलिस के रडार पर हैं। पुलिस उनके एकाउंट की लगातार निगरानी कर रही है। इसके चलते करीब पांच हजार एकाउंट संचालकों को नोटिस जारी किए गए है। यदि कोई गड़बड़ यह एकाउंट संचालक करते हैं तो उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभिनंदन, एसएसपी सहारनपुर।