न्यू टाउनशिप को लेकर उत्साह; 513 आवासीय प्लाटों के लिए मिले 3300 आवेदन... दूसरे चरण की तैयारी जल्द
सहारनपुर विकास प्राधिकरण की न्यू टाउनशिप योजना को लेकर भारी उत्साह है, जहां 513 आवासीय प्लाटों के लिए लगभग 3300 आवेदन मिले हैं। प्लाटों का आवंटन 20 जु ...और पढ़ें

सहारनपुर विकास प्राधिकरण की मां शाकम्भरी देवी आवासीय योजना का लगा बोर्ड। जागरण
HighLights
एसडीए न्यू टाउनशिप को 3300 से अधिक आवेदन मिले।
513 आवासीय प्लाटों के लिए भारी उत्साह देखा गया।
आवंटन प्रक्रिया 20 जुलाई के बाद से, दूसरा चरण जल्द।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। सहारनपुर विकास प्राधिकरण (एसडीए) की न्यू टाउनशिप योजना को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला। योजना के पहले चरण में 513 आवासीय प्लाटों के लिए करीब 3300 आनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। उपलब्ध प्लाटों की तुलना में छह गुना से अधिक आवेदन आने से योजना की लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। अब 20 जुलाई के बाद आवंटन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद दूसरे चरण में नए प्लाटों की बिक्री की तैयारियां भी शुरू होंगी।
दिल्ली रोड स्थित बाईपास पर न्यू टाउनशिप के पहले चरण के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब सभी आवेदनों का परीक्षण किया जा रहा है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित नियमों के तहत प्लाटों का आवंटन किया जाएगा। यदि किसी श्रेणी में आवेदन उपलब्ध प्लाटों से अधिक पाए जाते हैं तो नियमानुसार आवंटन की कार्रवाई की जाएगी। एसडीए के अधिकारियों का कहना है कि न्यू टाउनशिप योजना का उद्देश्य शहरवासियों को आधुनिक और सुनियोजित आवासीय क्षेत्र उपलब्ध कराना है।
टाउनशिप में चौड़ी सड़कें, पेयजल आपूर्ति, सीवर व्यवस्था, विद्युत नेटवर्क, पार्क, हरित क्षेत्र, सामुदायिक सुविधाएं और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसी कारण लोगों ने योजना में बड़ी संख्या में रुचि दिखाई है। पहले चरण के आवंटन के बाद एसडीए दूसरे चरण में भी प्लाट उपलब्ध कराने की तैयारी करेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ मिल सके। शहर के तेजी से बढ़ते विस्तार और बेहतर आवासीय सुविधाओं की मांग को देखते हुए न्यू टाउनशिप योजना भविष्य में सहारनपुर के विकास की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल होगी।
आवेदन करने वाले हजारों लोगों की निगाहें अब 20 जुलाई के बाद शुरू होने वाली आवंटन प्रक्रिया पर टिकी हैं। एसडीए का दावा है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी।