अयोध्या स्थित राम मंदिर को बम से उड़ाने की साजिश रचने के मामले में सहारनपुर का सुहेल कर्नाटक में गिरफ्तार
Saharanpur News : सहारनपुर के लखनौती गांव निवासी सुहेल को कर्नाटक के दावणगेरे से एनआईए और कर्नाटक एटीएस ने गिरफ्तार किया है। उस पर पाकिस्तान से जुड़े ...और पढ़ें

सुहेल का फाइल फोटो। सौ. सोशल मीडिया
HighLights
पाकिस्तान से जुड़े आतंकी संगठन से संबंध का आरोप।
लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में था।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। पाकिस्तान के एक आतंकवादी संगठन से जुड़े सहारनपुर के लखनौती गांव निवासी युवक को कर्नाटक के दावणगेरे से एनआईए और कर्नाटक एटीएस ने गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी की सूचना के बाद सहारनपुर पुलिस ने उसके पिता से पूछताछ की है।
सुहैल के मोबाईल से पाकिस्तान के नंबर, संदिग्ध व्हाट्सऐप ग्रुप, हथियारों के साथ फोटो भी मिले हैं। यूपी पुलिस को भी आतंकी की जानकारी भेजी गई है। सुहेल कर्नाटक में पेंटर का काम कर रहा था। हाल ही में, टुमकुरु और दावणगेरे शहरों में दो संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ़्तार किया गया था। आतंकवादी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया था। इनसे पूछताछ के बाद सोहेल का नाम सामने आया था।
गिरफ़्तार किए गए लोगों से मिली जानकारी के आधार पर सुहेल को गिरफ़्तार किया गया है। सुहेल पेंटिंग का काम करने के बहाने बन्नीकोडु गाँव में रह रहा था। बताया जा रहा है कि अयोध्या स्थित राम मंदिर को निशाना बनाने की कथित साजिश से जुड़े मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सहारनपुर के गंगोह निवासी मोहम्मद सुहैल को गिरफ्तार किया है।
जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में था और उसके कुछ संदिग्ध संगठनों व व्यक्तियों से संपर्क होने की जानकारी सामने आई है। जांच के दौरान एजेंसियों को उसके पास से और डिजिटल उपकरणों से कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
खबरें और भी
सुहेल की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें वह हथियारों के साथ दिखाई दे रहा है। इन तस्वीरों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। प्रारंभिक जांच में आरोपित के कथित पाकिस्तान कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि उसके संपर्क किन लोगों से थे और क्या वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था।
बताया जा रहा है कि वह कई संदिग्ध ऑनलाइन ग्रुप्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी जुड़ा हुआ था। वहीं उत्तर प्रदेश में भी सुहेल के संपर्कों और गतिविधियों की जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां उसके सहारनपुर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में संभावित नेटवर्क, सहयोगियों और वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटाने में लगी हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे षड्यंत्र की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
उधर, गंगोह थानाध्यक्ष देवेश शर्मा का कहना है कि कर्नाटक में सुहेल की गिरफ्तारी की सूचना मिली है। उसके पिता को थाने में बुलाकर पूछताछ की जा रही है।